Gorakhpur : : UP News | UP Web News | Page 12

Web News

www.upwebnews.com

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

March 12, 2026

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाला गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
12/03/2026

*व्हाट्सएप कॉल कर खुद को अधिकारी बताकर बैंक खातों से उड़ाए थे पैसे*

गोरखपुर। साइबर अपराध के मामलों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर अपराध थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में वादिनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने व्हाट्सएप कॉल कर स्वयं को सरकारी अधिकारी बताते हुए उसे “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाया। आरोपियों ने उसे डराकर उसके बैंक खातों से आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़िता की तहरीर के आधार पर साइबर अपराध थाना गोरखपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास विश्वकर्मा पुत्र राधेश्याम विश्वकर्मा निवासी गणेशपुरी कॉलोनी नासिरपुर, थाना चितईपुर जनपद वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2), 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।
इस घटना के बाद पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराधी अक्सर खुद को पुलिस, बैंक अधिकारी या अन्य सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को डराने या लालच देने की कोशिश करते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत जानकारी, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत कॉल या चैट बंद कर दें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकता है।

March 11, 2026

*2023 बैच के आईपीएस अरुण कुमार एस ने सीओ कैंट का पदभार संभाला

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
11/03/2026

गोरखपुर। 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुणकुमार एस ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) कैंट का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया था, जबकि बुधवार को अपने कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से कार्यभार संभालते हुए कर्मचारियों के साथ बैठक की तथा कैंट क्षेत्र की कानून व्यवस्था की जानकारी ली।
आईपीएस अरुणकुमार एस की प्रारंभिक पुलिस प्रशिक्षण कानपुर में हुई थी। इसके बाद अगस्त 2025 में प्रशिक्षण के दौरान ही उन्हें गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में फील्ड ट्रेनिंग के लिए भेजा गया, जहां उन्होंने पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं को नजदीक से समझा और स्थानीय स्तर पर कानून व्यवस्था के संचालन का अनुभव प्राप्त किया।
फील्ड ट्रेनिंग के बाद उन्हें आगे के प्रशिक्षण के लिए मुरादाबाद स्थित पुलिस प्रशिक्षण मुख्यालय भेजा गया, जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त किया।
दिसंबर 2025 में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अरुणकुमार एस पुनः गोरखपुर आए और उन्हें क्षेत्राधिकारी (सीओ) गीडा के पद पर तैनाती दी गई। गीडा क्षेत्र में कार्य करते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी। उनके कार्यकाल में पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रयास भी किया गया।
अब उन्हें शहर के महत्वपूर्ण और संवेदनशील माने जाने वाले कैंट क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को उन्होंने अपने कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार संभाला और पुलिस कर्मचारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों और संवेदनशील बिंदुओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

March 10, 2026

कपड़े की दुकान में भीषण आग, ऊपर बने घर तक पहुंचीं लपटें

Santosh Kumar Singh
Girakhpur
10/03/2026

*घंटाघर मार्केट के रायगंज इलाके में मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने शुरू किया रेस्क्यू*

गोरखपुर। शहर के राजघाट थाना क्षेत्र के रायगंज स्थित घंटाघर मार्केट में मंगलवार की रात एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटें दुकान के ऊपर बने मकान तक पहुंच गईं, जिससे घर में मौजूद परिवार के लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार रायगंज इलाके में ‘निष्ठा ट्रेडर्स’ नाम से कपड़ों की दुकान है, जहां चुनरी, गमछा और हैंडलूम के कपड़े थोक दरों पर बेचे जाते हैं। दुकान मालिक ने ग्राउंड फ्लोर पर दुकान और गोदाम बना रखा है, जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार की शाम करीब 7:40 बजे अचानक दुकान के अंदर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊपर बने मकान तक पहुंच गई।
दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की अपील की।
फायर स्टेशन गोलघर से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने पहुंचते ही आग बुझाने का काम शुरू कर दिया और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी।
घटना के दौरान आसपास के मकानों और दुकानों में रहने वाले लोग भी घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। पूरे इलाके में धुआं फैलने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थानीय लोग भी फायर ब्रिगेड की टीम की मदद करते हुए दिखाई दिए और आसपास की दुकानों को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। आग से दुकान में रखे कपड़ों और अन्य सामान को काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है।

मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने किया कार्यालय का औचक निरीक्षण

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
10/03/2026

*रिकॉर्ड रूम, अपर आयुक्त न्यायालय व विभिन्न शाखाओं में फाइलों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था पर दिया विशेष जोर*

गोरखपुर। गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने मंगलवार को मंडलायुक्त कार्यालय के विभिन्न संभागों, केंद्रीय रिकॉर्ड रूम, अपर आयुक्त न्यायालय तथा संयुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, फाइलों के रखरखाव तथा साफ-सफाई की व्यवस्था का गहन जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न शाखाओं में रखी फाइलों के संधारण और रिकॉर्ड के रखरखाव की स्थिति को देखा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित फाइलें आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में रिकॉर्ड प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था प्रशासनिक कार्यों की गति को तेज और पारदर्शी बनाती है।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने केंद्रीय रिकॉर्ड रूम का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुराने अभिलेखों को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रखा जाए तथा रिकॉर्ड रूम में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अभिलेख महत्वपूर्ण दस्तावेज होते हैं, इसलिए इनके संरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मंडलायुक्त ने अपर आयुक्त न्यायालय और संयुक्त कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबित मामलों के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि न्यायालय से जुड़े मामलों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यायिक मामलों में अनावश्यक विलंब से आम जनता को परेशानी होती है, इसलिए सभी अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था को भी देखा और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यस्थल से कर्मचारियों की कार्यक्षमता भी बढ़ती है और आम जनता पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया कि कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ करें ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन जय प्रकाश, अपर आयुक्त न्यायिक अजय राय तथा अपर आयुक्त न्यायिक राजेश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मंडलायुक्त को संबंधित शाखाओं की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव के बारे में जानकारी दी।
मंडलायुक्त ने अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर आंतरिक समीक्षा भी की जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बनी रहे तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।

खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर आरक्षी प्रोन्नत

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
10/03/2026

*अखिल भारतीय पुलिस प्रतियोगिता-2025 का आयोजन लखनऊ में किया गया, जिसमें गोरखपुर पुलिस के आरक्षी सचिन कुमार चौधरी ने बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा उन्हें आउट ऑफ टर्न पदोन्नति प्रदान करते हुए आरक्षी से मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद गोरखपुर द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सचिन कुमार चौधरी को पदोन्नति चिन्ह लगाकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी गई।*

« Newer PostsOlder Posts »