Deoria : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

प्रशासन की कार्यशैली पर समिति ने लगाई मुहर, समयबद्ध निस्तारण पर जोर

March 27, 2026

प्रशासन की कार्यशैली पर समिति ने लगाई मुहर, समयबद्ध निस्तारण पर जोर

देवरिया 27 मार्च। विकास भवन स्थित गांधी सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति की बैठक मा० सभापति डॉ. रतनपाल सिंह, सदस्य विधान परिषद, के सभापतित्व में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान समिति के समक्ष विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें बताया गया कि अधिकांश योजनाओं एवं प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जा रहा है। समिति ने जनपद प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए उसकी सराहना की।
मा० सभापति डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा कार्यों में लाई गई गति सराहनीय है और इसका सीधा लाभ आमजन को मिल रहा है। उन्होंने निर्देशित किया कि शेष लंबित प्रकरणों का भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने समिति को अवगत कराया कि जनपद में वित्तीय देयों, पेंशन, भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्यों एवं अन्य प्रशासनिक प्रकरणों के निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लंबित प्रकरणों के निस्तारण हेतु विभागवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाएं।
इस अवसर पर जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

March 23, 2026

ट्रेलर की चपेट में आने से महिला की मौत, बेटे के साथ जा रही थी बाजार

देवरिया,23 मार्च।गौरी बाजार थाना क्षेत्र के खैरा बलुआ निवासी 45 वर्षीय रीता देवी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने बेटे के साथ बाइक से बाजार जा रही थीं, तभी रुद्रपुर रोड पर एक ट्रेलर की चपेट में आ गईं।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ जब रीता देवी अपने बेटे के साथ गौरी बाजार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिवार में एक बेटा हितेश और एक बेटी सरस्वती हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्कूल व घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, भारी सामान बरामद

UP Web News
तरकुलवा पुलिस ने चोरी की 2 घटनाओं का किया खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

देवरिया,23 मार्च।देवरिया जनपद के थाना तरकुलवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की दो घटनाओं का खुलासा किया है। पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक सहित कुल 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का भारी सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने 22 मार्च 2026 की रात मलघोल विरैचा गांव के बाहर स्थित बाग से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल शाह, प्रेमकुमार, उपेंद्र उर्फ गुच्चू, रोहित और एक विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। मौके से चोरी में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में कबाड़ बीनने के बहाने गांव-गांव घूमते थे और सुनसान घर या स्कूल को चिन्हित कर रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी के सामान को बेचकर आपस में पैसा बांट लेते थे।
अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके ठिकानों से 5 बैटरी, एक इनवर्टर, एक टुल्लू मोटर, दो एलईडी टीवी, एक हैंडपंप, चांदी के आभूषण (पाजेब, पायल, बिछिया) सहित अन्य सामान बरामद किया है।
यह कार्रवाई थाना तरकुलवा में दर्ज दो मामलों—7 फरवरी को सिधावे गांव में हुई चोरी और 14 मार्च को पिपरा बघरा महुआरी स्थित एक स्कूल में हुई चोरी—के संबंध में की गई है।
पुलिस के अनुसार, चोरी का कुछ सामान अभियुक्तों ने लाहिलपार निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

February 28, 2026

शिक्षक आत्महत्या प्रकरण में देवरिया BSA शालिनी श्रीवास्तव निलंबित

देवरिया, शिक्षक आत्महत्या प्रकरण में विभागीय लापरवाही पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव को  निलंबित कर दिया गया है।

संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। उन्होंने कोर्ट के आदेश के बावजूद नहीं किया था अनुपालन।

January 7, 2026

अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ने पर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर

देवरिया। जिला जेल देवरिया में बंद पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की देर रात दो बजे हालत बिगड़ी, हार्ट अटैक की आशंका के बीच गोरखपुर रेफर किया गया।
ठाकुर एक मामले में जिला जेल में बंद हैं।