Posted on 12.03.2026, Time 08.09 PM Thursday, Badaun
प्लांट में घुसकर पूर्व कर्मचारी ने प्रबंधक और उप प्रबंधक की गोली मारकर हत्या कर दी
बदायूं, 12 मार्च 26, मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी स्थित Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के बायो पेट्रोलियम प्लांट में गुरुवार दोपहर एक पूर्व कर्मचारी ने प्रबंधक और उप प्रबंधक को गोली मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हमलावर अजय प्रताप ने प्लांट में घुसकर प्रबंधक सुधीर गुप्ता (58) और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा (34) पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दोनों को 2–3 गोलियां लगीं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गोलीबारी के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ मच गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कुछ ही समय बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नौकरी से निकाले जाने को लेकर चल रहा था विवाद
पुलिस के अनुसार आरोपी अजय प्रताप पहले प्लांट में ऑपरेटर के पद पर काम करता था और बाद में वेंडर के रूप में जुड़ा था। कंपनी से निकाले जाने के बाद उसका प्रबंधन से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पहले भी प्रबंधक और उप प्रबंधक को जान से मारने की कोशिश की गई थी, जिसको लेकर मुकदमा भी दर्ज था।
पुलिस के मुताबिक अजय प्रताप सैंजनी गांव का ही रहने वाला है और दबंग प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।

