March : : 2026 : : UP News | UP Web News | Page 18

Web News

www.upwebnews.com

पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत तीन गैंगस्टर में दोषी करार

March 25, 2026

पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक समेत तीन गैंगस्टर में दोषी करार

मुरादाबाद में गैंगस्टर कोर्ट का फैसला
गैंगस्टर में आरोपी खुशवंत सिंह उर्फ भीम और केशव शर्मा भी गैंगस्टर में दोषी माना गया
-सजा पर गुरुवार को फैसला

-2022 मे स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक हत्याकांड व एक अन्य घटना में पुलिस ने की थी गैंगस्टर की कार्रवाई

Post on 25.3.26
Wednesday, Moradabad
Rajesh Bhatia

मुरादाबाद।(उप्र ‌‌समाचार सेवा)।
कुशांक हत्याकांड से संबंधित गैंगस्टर में पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक को दोषी करार दिया गया है। कोर्ट ने ललित कौशिक के अलावा भीमसेन उर्फ भीम व केशव शरण शर्मा को भी दोषी ठहराया है। गुरुवार को अदालत में सजा पर फैसला होगा।
मूंढापांडे के पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक पर कुशांक के अलावा बहुचर्चित सीए हत्याकांड, अनुज कुमार चौधरी हत्याकांड समेत अन्य कोर्ट में विचाराधीन हैं। दो अन्य मामलों में कोर्ट से ललित कौशिक को सजा भी सुनाई गई हैं। गैंगस्टर एक्ट में भी दोषी करार दिए जाने के बाद अब फिर सजा पर निर्णय होगा।
विशेष लोक अभियोजक राजीव कुमार त्यागी का कहना है कि कोर्ट में तीनों पर दो मामलों में निरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में सुनवाई चल रही थी।कोर्ट में दोनों और से सुनवाई करते हुए पक्षों को सुना।
बुधवार को विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर कोर्ट एडीजे -पांच रेशमा चौधरी ने तीनों को साक्ष्य के आधार पर दोषी ठहराया। सुनवाई के चलते बुधवार को ललित कौशिक को अदालत में पेश भी किया गया।अदालत में गुरुवार को सजा के प्रश्न पर सुनवाई होगी। सजा पर सुनवाई के चलते दोषियों को मुरादाबाद जेल में भेजा गया है।

*हत्याकांड के बाद पुलिस ने ललित कौशिक गैंगस्टर में किया था निरुद्ध*
मुरादाबाद।
मूंढापांडे के पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक के खिलाफ कई अपराधिक मामले चल रहे हैं। पाँश कालोनी राम गंगा विहार में स्पोर्ट्स कारोबारी कुशांक गुप्ता की 12 जनवरी, 22 को हत्या हुई। मार्च,2023 को मझोला में सीए हत्याकांड हुआ। कुशांक मामले की जांच के दौरान करीब एक साल बाद ललित कौशिक की गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने अपराधिक घटनाओं में आरोपी की भूमिका मानते हुए एक जून, 2023 को ललित कौशिक को गैंगस्टर एक्ट में निरुद्ध किया। पाँक्सो के एक अन्य मामले में भी गैंगस्टर कोर्ट में सुनवाई चली।
दरअसल पुलिस ने हत्याकांड में पूर्व प्रमुख ललित कौशिक, भोजपुर के हिमायूंपुर निवासी खुशवंत सिंह उर्फ भीम और पाकबड़ा के गिंदौड़ा निवासी केशव शरण शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फरार चल रहे ललित कौशिक को एक साल बाद गिरफ्तार किया गया।
बाद में पुलिस ने मामलों में तीनों को गैंगस्टर एक्ट में भी निरुद्ध किया।
गैंगस्टर मामले की यहां विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट मामले में सुनवाई चली।विशेष लोक अभियोजक का कहना है कि बुधवार को अदालत ने गैंगस्टर एक्ट में दोनों पक्षों को सुनने के बाद ललित कौशिक समेत तीन को गैंगस्टर में दोषी माना।

*मूंढापांडे में मजदूर अपहरण
और आर्म्स एक्ट में भी मिल चुकीं सजा*
मुरादाबाद।
कई मामलों में आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक को अब तक दो मामलों में कोर्ट से सजा मिली है। इनमें मूंढापांडे में मजदूर अपहरण केस में दस साल और आर्म्स एक्ट में भी सजा सुनाई गई थी।
पूर्व ब्लाक प्रमुख पर बहुचर्चित सीए हत्याकांड, कुशांक गुप्ता मर्डर केस और भाजपा नेता अनुज चौधरी हत्याकांड में भी आरोपी है।
भाजपा नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख ललित कौशिक को एडीजे-पांच ज्ञानेंद्र सिंह यादव की अदालत में मूंढापांडे में ईंट भट्ठा मजदूर ओमप्रकाश के अपहरण और बंधक बनाकर फैक्ट्री में रखने के मामले में दोषी करार दिया था। कोर्ट ने हिस्ट्रीशीटर ललित कौशिक को दस साल की कैद की सजा सुनाई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के मामले में भी अदालत ने दोषी करार देते हुए ललित कौशिक को सजा सुनाई गई थी।

दरोगा बना वहशी, पत्नी को जान से मारने का किया प्रयास

Mainpuri samachar UP Web News
मैनपुरी। थाना भोगांव क्षेत्र के मोहल्ला भीम नगर की रहने वाली महिला को दरोगा पति ने प्रताड़ित किया, दुपट्टे से गला घोंटने की कोशिश की। एक दिन महिला को पीटने के बाद घर से बाहर निकाल दिया। महिला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
भोगांव क्षेत्र के मोहल्ला भीम नगर निवासी सोनी ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2021 में सदर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी सनी भारती के साथ हुई है। सनी मेरठ जिले के परीक्षतगढ़ थाने में दरोगा के पद पर तैनात हैं। शादी के कुछ समय बाद ही पति, ससुर सुरेंद्र, देवर पवन, गौतम, सुमित और रोहित प्रताड़ित करने लगे। वह लोग मायके से रुपये लेकर आने का दबाव बनाने लगे। असमर्थता जताने पर आए दिन उसे मारा पीटा जाता था। एसपी मेरठ से शिकायत की तो दरोगा पति को चेतावनी दी गई, मगर हरकतों से बाज नहीं आया। 16 मार्च 2026 को सनी ने दुपटट्टे से गला घोंट कर मारने की कोशिश की। 18 मार्च को उसके माता पिता समझाने आए तो उन्हें भी पीटा, उसे धक्के देकर घर से निकाल दिया।

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले के आरोप में 5 गिरफ्तार

Gorakhpur Samachar UP Web News

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
25/03/2026

*पेड़ काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना हिंसक, लाठी-डंडे व रॉड से किया हमला*

गोरखपुर। जनपद के थाना चिलुआताल क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक रूप ले बैठा, जिसमें वादी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधों पर नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में थाना चिलुआताल पुलिस ने मुकदमा संख्या 195/26 से संबंधित आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, घटना की जड़ जमीन को लेकर पुराना विवाद और पेड़ काटने का मुद्दा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही उग्र हो गई। आरोप है कि अभियुक्तों ने एकजुट होकर वादी को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में वादी को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान को खतरा उत्पन्न हो गया।
इस घटना के संबंध में वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना चिलुआताल में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और दबिश देकर पांचों अभियुक्तों—जाकिर हुसैन, आशिक अली, दानिश खान, अरबाज खान और सलमान खान—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।

पारिवारिक विवाद में पति की हत्या, मां-बेटे गिरफ्तार

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
25/03/2026

*पीढ़ा से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, घटना में प्रयुक्त सामान बरामद*

गोरखपुर। थाना रामगढ़ताल क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक महिला ने अपने पुत्र के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थाना रामगढ़ताल पुलिस ने मुकदमा संख्या 173/2026, धारा 103(1) भा.न्या.सं. से संबंधित अभियुक्ता गीता और उसके पुत्र पंकज को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी काशीराम कॉलोनी थाना रामगढ़ताल क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 24/25 मार्च 2026 की रात की है। पारिवारिक विवाद के दौरान अभियुक्ता ने अपने पुत्र के साथ मिलकर अपने पति रमेश बेलदार पर पीढ़ा/डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पीढ़ा भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

खजनी तहसील सभागार में पोखरी के पट्टे के दौरान विवाद

Gorakhpur Samachar UP Web News

Santosh Kumar Singh Gorakhpur
25/03/2026

*तहसील में जमकर चले लात-घूंसे, एसडीएम और तहसीलदार मौके से निकले*

खजनी गोरखपुर।।
तहसील मुख्यालय सभागार में बुधवार 25 मार्च को अपरान्ह करीब 3 बजे मछली पालन के लिए पोखरी के पट्टे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग एक दूसरे से भिड़ गए और मारपीट शुरू हो गई। मामला बिगड़ता हुआ देखकर मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह तथा न्यायिक तहसीलदार खजनी हरीश यादव मौके से उठ कर चले गए, इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मारपीट कर रहे लोगों के बीच विवाद को सुलझाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची खजनी थाने की पुलिस टीम ने कुल 3 लोगों को लेकर खजनी थाने में पहुंची।
जानकारी के अनुसार पूर्व तय शुदा कार्यक्रम के तहत आज गाजर जगदीश ग्राम सभा के राजस्व गांव झरकटहां में स्थित आराजी संख्या 42 ग रकबा 50 डिसमिल की पोखरी को मछली पालन के लिए पट्टे पर देने के लिए खुली बोली के लिए निविदाएं आमंत्रित की गईं थीं। इस दौरान उप जिलाधिकारी खजनी राजेश प्रताप सिंह तथा न्यायिक तहसीलदार हरीश यादव के तहसीलदार सभागार कक्ष में पहुंचने पर बोली की प्रक्रिया शुरू होने के लिए अधिकारियों के समक्ष फाइल पेश होने से पहले पोखरी को पट्टे पर लेने के लिए झरकटहां गांव के निवासी परशुराम यादव, राजीव यादव, दयाराम यादव, राकेश यादव, अभिषेक यादव,राजू यादव और राणा यादव आदि के बीच तीखी नोंकझोंक और बहस के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे से भिड़ गए और लात-घूंसे चलने लगे, जिसमें कुछ लोगों को हल्की फुल्की चोटें आईं तथा कपड़े फट गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची खजनी पुलिस ने एक पक्ष के 3 लोगों को लेकर खजनी थाने में पहुंची जबकि दूसरे पक्ष के लोग मौके से भाग निकले। विवाद शुरू होते ही एसडीएम तथा न्यायिक तहसीलदार मौके से चले गए।
बताया गया कि इससे पहले 20 जनवरी को भी इसी पोखरी के पट्टे के लिए तहसील में विवाद होने के बाद कार्यक्रम निरस्त करके, उसे 25 मार्च को पूरा कराने की तिथि निर्धारित की गई थी किंतु फिर विवाद हो गया।
गांव के लोगों ने बताया कि पोखरी में मछली पालन और उसका उपयोग ग्राम प्रधान और उनके समर्थकों द्वारा किया जाता है। ग्राम प्रधान के पट्टीदारों ने पोखरी को पट्टे पर लेने का प्रयास शुरू किया किन्तु दो बार सुनियोजित तरीके से विवाद होने के बाद पोखरी का पट्टा नहीं हो सका।
इस संबंध में एसडीएम खजनी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि पट्टे की शांति पूर्ण प्रक्रिया बाधित होने तथा विवाद बढ़ता देखकर वहां से चले गए और पुलिस को कार्रवाई का आदेश दे दिया था।

« Newer PostsOlder Posts »