होली व रमजान से पहले मण्डलायुक्त ने किया विरासत गलियारे का निरीक्षण : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

होली व रमजान से पहले मण्डलायुक्त ने किया विरासत गलियारे का निरीक्षण

February 26, 2026

होली व रमजान से पहले मण्डलायुक्त ने किया विरासत गलियारे का निरीक्षण

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/02/2029

*नरसिंह यात्रा को देखते हुए 3–4 दिन में मार्ग मोटरेबल बनाने के निर्देश*

गोरखपुर। आगामी होली एवं रमजान पर्व को देखते हुए मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने गुरुवार को शहर के निर्माणाधीन विरासत गलियारे का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण पाण्डेयहाता से घंटाघर रेती, बक्शीपुर चौराहा, आर्यनगर चौराहा, जटाशंकर होते हुए धर्मशाला मार्ग तक किया गया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. एस. चेनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान विरासत गलियारे के व्यापारियों ने विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्य से उत्पन्न समस्याओं से मण्डलायुक्त को अवगत कराया। जिस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जलकल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने कहा कि होली पर्व के अवसर पर इसी मार्ग से निकलने वाली पारंपरिक नरसिंह यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यदायी संस्थाएं आगामी तीन से चार दिनों के भीतर मार्ग को पूर्ण रूप से मोटरेबल बनाएं। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि सड़क पर कहीं भी निर्माण सामग्री बिखरी न रहे, जिससे व्यापारियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों की अवधि तक क्षेत्र में आवागमन सुचारु रहे और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों। विद्युत विभाग को लंबित कार्यों को तेजी से पूरा करने, विद्युत तारों को डक्ट के अंदर शिफ्ट कराने तथा ट्रांसफार्मरों को व्यवस्थित रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं जलकल एवं नगर निगम अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मार्ग पर कहीं भी पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त न रहने पाए तथा जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-2 के अधिशासी अभियंता, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।