हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर

March 20, 2026

हाथरस में बेमौसम बारिश का कहर, गेहूं की फसलें बर्बादी के कगार पर

हाथरस। जनपद के सादाबाद क्षेत्र की न्याय पंचायत कजरोटी में गुरुवार रात अचानक मौसम ने करवट ली, जिससे किसानों की चिंता कई गुना बढ़ गई। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बेमौसम बारिश ने खेतों में खड़ी गेहूं की पकी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। यह बारिश उस समय हुई जब किसान कटाई की तैयारी में जुटे थे, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ा झटका साबित हो रहा है।
गुरुवार रात करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। इस दौरान कई खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई, जिससे उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर गेहूं की बालियां टूटकर गिर गईं और दाने झड़ गए, जिससे किसानों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
सादाबाद क्षेत्र में आलू की खुदाई का कार्य भी तेजी से चल रहा था, लेकिन बारिश के कारण यह काम पूरी तरह ठप हो गया है। खेतों में पानी भर जाने से खुदाई में देरी होगी और यदि पानी लंबे समय तक भरा रहा तो जमीन के अंदर ही आलू सड़ने का खतरा बढ़ जाएगा। किसानों का कहना है कि अभी बड़ी संख्या में खेतों में खुदाई बाकी है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
मौसम विभाग द्वारा ओलावृष्टि की चेतावनी जारी किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि अब ओले गिरते हैं, तो बची-खुची फसल भी पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी और लागत निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। लगातार बदलते मौसम ने खेती-किसानी को बड़ा झटका दिया है।