हाथरस। सादाबाद क्षेत्र के एदलपुर बरी चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार किशोर को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 14 वर्षीय शौर्य चौधरी साइकिल से मीरपुर की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया किशोर के सिर के ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिकंदराराऊ में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, मानसिक रूप से था परेशान
हाथरस। जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान गांव रामपुर चटोल निवासी बृजेश कुमार (25) पुत्र दुर्गपाल सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि बृजेश पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था और गुरुवार शाम को घर से बिना बताए कहीं चला गया था।
देर रात उसका शव पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है
