सम्पूर्ण समाधान दिवस में 110 फरियादियों की सुनी गई समस्याएं : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 110 फरियादियों की सुनी गई समस्याएं

March 7, 2026

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 110 फरियादियों की सुनी गई समस्याएं

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
07/03/2026

10 मामलों का मौके पर निस्तारण, शेष के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश*

गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम सदर दीपक गुप्ता एवं सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी ने संयुक्त रूप से की।
समाधान दिवस में सदर तहसील के विभिन्न क्षेत्रों से आए कुल 110 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। इनमें अधिकांश शिकायतें राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, चकबंदी, विकास कार्य तथा अन्य विभागों से संबंधित थीं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्राप्त शिकायतों में से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली। वहीं शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पक्ष जांच कर उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है, इसलिए सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकरण में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को सुनने के दौरान डिप्टी एसडीएम/तहसीलदार ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय, नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान, नायब तहसीलदार भागीरथी सिंह, सीओ चकबंदी सुनील सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।