शहीद दिवस की 95वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर “प्रणाम काकोरी” नाटक का भावपूर्ण मंचन : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

शहीद दिवस की 95वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर “प्रणाम काकोरी” नाटक का भावपूर्ण मंचन

March 22, 2026

शहीद दिवस की 95वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर “प्रणाम काकोरी” नाटक का भावपूर्ण मंचन

( संजीव गुप्त द्वारा
शाहजहांपुर दिनांक 22 मार्च 2026। जेल अधीक्षक जानकारी देते हुए बताया है कि जिला कारागार शाहजहांपुर में शहीद दिवस की 95वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर एक भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत हृदय स्पर्शी नाटक “प्रणाम काकोरी” का प्रभावशाली मंचन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीएम (वित्त एवं राजस्व), श्री अरविंद कुमार जी अपनी धर्मपत्री के साथ पधारे उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई। अपने संबोधन में श्री अरविंद कुमार जी ने काकोरी के बीर क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में राष्ट्रप्रेम और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं तथा बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक सिद्ध होते हैं। नाटक के माध्यम से काकोरी कांड के अमर क्रांतिकारियों के अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति की भावना को अत्यंत जीवंत रूप में दर्शाया गया। कलाकारों के उत्कृष्ट अभिनय, प्रभावी संवाद एवं सशक्त प्रस्तुति ने उपस्थित सभी बंदियों एवं अधिकारियों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान कई बंदी भावुक हो उठे और देश के प्रति सम्मान एवं कर्तव्यबोध की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम का मंचन जनपद शाहजहांपुर के प्रसिद्ध कलाकार श्री शिवा सक्सेना एवं उनकी प्रतिभाशाली टीम के सांस्कृतिक एवं सामाजिक ग्रुप ‘मंथन आर्ट्स द्वारा किया गया, जिसमें शिवा सक्सेना जी निर्देशक की भूमिका में रहे। इस अवसर पर जिला कारागार के जेत अधीक्षक, जे.पी. तिवारी जी ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल देशभक्ति की भावना को जागृत करते हैं, बल्कि बंदियों के नैतिक एवं मानसिक पुनर्वास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बंदियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। कार्यक्रम के अंत में मंथन आर्ट्स की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया तथा उनके द्वारा प्रस्तुत इस भावनात्मक और प्रेरणादायक नाट्य मंचन के लिए प्रशंसा की गई। इस कार्यक्रम के दौरान जेल अधीक्षक, श्री जे पी तिवारी, कारापाल श्री रामनरेश गौतम, श्री अनिल कुमार विश्वकर्मा एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम कारागार प्रशासन द्वारा बंदियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके भीतर सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जो अत्यंत सफल एवं सराहनीय रहा।
—-