रेलवे बैरिकेडिंग के विरोध में ग्रामीणों का हल्लाबोल : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

रेलवे बैरिकेडिंग के विरोध में ग्रामीणों का हल्लाबोल

March 21, 2026

रेलवे बैरिकेडिंग के विरोध में ग्रामीणों का हल्लाबोल

मैनपुरी
भोगांव क्षेत्र के ग्राम विरायमपुर सतघरा में रेलवे लाइन के किनारे विभाग द्वारा की जा रही बैरिकेडिंग का मामला तूल पकड़ रहा है।
क्षेत्र के ग्राम विरायमपुर सतघरा में शनिवार को ग्राम प्रधान बृजनाथ सिंह के नेतृत्व में एक सैकड़ा से अधिक ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया ग्रामीणों का आरोप है कि बैरिकेडिंग लगने से गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि विरायमपुर सतघरा गांव रेलवे लाइन के दोनों तरफ बसा हुआ है। दैनिक कार्यों, खेती और बच्चों को स्कूल जाने के लिए दिन में कई बार लाइन पार करनी पड़ती है। पूर्व में यहाँ फाटक संख्या 58 सी संचालित था, जिसे कुछ महीनों पहले बंद कर दिया गया।
ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए रेल राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने विभाग को यहां अंडरपास बनाने के लिए पत्राचार भी किया था, लेकिन रेलवे ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास न होने के कारण बच्चे और बुजुर्ग अपनी जान जोखिम में डालकर पटरी पार करने को मजबूर हैं। अब विभाग द्वारा किनारे पर बैरिकेडिंग कर रास्ता पूरी तरह बंद किया जा रहा है, जो ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने रेल मंत्री को पत्र भेजकर मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग का काम रोका जाए और जल्द से जल्द अंडरपास का निर्माण कराया जाए।