रवी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूँ खरीद तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

रवी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूँ खरीद तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

March 12, 2026

रवी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूँ खरीद तैयारियों की समीक्षा बैठक सम्पन्न

( संजीव गुप्ता द्वारा )
शाहजहाँपुर, 11 मार्च। रवी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में गेहूँ खरीद एवं भण्डारण व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी/जिला खरीद अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, समस्त मंडी सचिव तथा संबंधित सभी क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश राज्य भण्डारण निगम, बरेली के क्षेत्रीय प्रबंधक भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी क्रय संस्थाओं के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में स्वीकृत 158 गेहूँ क्रय केन्द्रों को शीघ्र सक्रिय किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि संबंधित संस्थाएं अपने क्षेत्रीय मंडी सचिवों से समन्वय स्थापित करते हुए सभी क्रय केन्द्रों पर आवश्यक उपकरण, अभिलेख एवं किसानों की सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि सभी केन्द्रों को 17 मार्च 2026 से पूर्व पूर्ण रूप से क्रियाशील किया जा सके।
खाद्य विभाग के ई-उपार्जन पोर्टल https://fcs.up.gov.in/ पर गेहूँ विक्रय के लिए किसानों का पंजीकरण कार्य प्रारम्भ हो चुका है। किसानों से अपील की गई कि वे अपनी उपज का लाभकारी मूल्य प्राप्त करने के लिए शीघ्र अपने मोबाइल फोन अथवा जनसुविधा केन्द्र के माध्यम से पंजीकरण कराएं, जिससे समय से सत्यापन होने के बाद उन्हें अपनी उपज के विक्रय में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। फसल की कटाई के पश्चात किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंजीकरण प्रपत्रों सहित निकटतम गेहूँ क्रय केन्द्र से संपर्क कर टोकन प्राप्त करें तथा निर्धारित तिथि पर ही अपना गुणवत्तापरक गेहूँ विक्रय हेतु लेकर आएं।
सभी क्रय संस्थाओं को यह भी निर्देशित किया गया कि उनके केन्द्र प्रभारी 17 मार्च 2026 से प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक क्रय केन्द्रों पर उपस्थित रहकर गेहूँ खरीद का कार्य सुनिश्चित करेंगे। साथ ही यह भी कहा गया कि केन्द्रों पर आने वाले किसानों के साथ सौम्य एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
गेहूँ खरीद से संबंधित शिकायतों एवं सुझावों के लिए नियंत्रण कक्ष/हेल्प डेस्क नंबर 05842-221986 तथा व्हाट्सएप नंबर 95190-63411 जारी किए गए हैं, जिन पर किसान संपर्क कर सकते हैं। शासन द्वारा निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप गेहूँ न होने की स्थिति में उसकी नीलामी प्रतिदिन मंडी में व्यापारियों और केन्द्र प्रभारियों की उपस्थिति में दो बार बोली लगवाकर कराई जाएगी, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।
जनपद के किसानों से यह भी अपील की गई कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार गेहूँ को अच्छी तरह सुखाकर और साफ करके ही क्रय केन्द्रों पर लाएं, जिससे सरकारी गेहूँ खरीद केन्द्रों पर विक्रय के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

____________