Posted on 29.03.2026 Time 06.30 PM Sunday, Mathura Vrandavan News, Atul Kumar
सभी 48 यात्रियों को निकाला सुरक्षित
मथुरा । नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को तड़के एक निजी बस में आग लग गई। इस घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यह बस आगरा से नोएडा की ओर जा रही थी जिसमें करीब 48 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
यमुना एक्सप्रेसवे पर यह घटना माइलस्टोन संख्या 64 के पास हुई, जहां बस संख्या DD01AA9317 में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कटैलिया निवासी यशपाल सिंह ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस और बाजना चौकी प्रभारी बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई लेकिन जब तक काफी देर हो गई और बस जलकर खाक हो गई।
पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आग लगने के प्रारंभिक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
