मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूपपुर भरतपुर में दबंगई का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने गांव के ही कई लोगों पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता विनीता देवी पत्नी पुष्पेंद्र सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी गणेश प्रसाद साहा को दिये गये प्रार्थना पत्र में पीड़िता के अनुसार बीते 25 मार्च 2026 को सुबह करीब 5:35 बजे गांव के ही सत्यभान, अरविंद, शीलेंद्र, पुत्रगण रामसनेही, विजय सिंह, रामसेवक, राजीव, अमन पुत्रगण शीलेन्द्र, हिमांशु पुत्र अरविंद व फूलनश्री पत्नी अरविंद, अमिशा व जूली पुत्री अरविंद, अंकित पुत्र सत्यभान, आरजू पुत्र सत्यभान सहित कई लोग एकराय होकर लाठी-डंडे, सरिया और लाइसेंसी बंदूक लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि दबंगों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की और लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की गई। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि हिमांशु ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिससे पीड़िता जमीन पर गिर गई और बाल-बाल बच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना में घायल पीड़िता की भतीजी अनामिका को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता का कहना है कि उसने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन थाने पर तहरीर देने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मैनपुरी पुलिस का कहना है कि मामले को लेकर कोतवाली इंस्पेक्टर को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये है।
