मथुरा, 17 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद, जिला पंचायतों एवं नगर निगमों में व्याप्त अनियमितताओं पर अंकुश लगाने एवं जांच के संबंध में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुँवर महाराज सिंह ने की।
बैठक में समिति सदस्य एवं विधान परिषद के सदस्य विजय बहादुर पाठक और पवन कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं जनपद से योगेश नौहवार एवं ओम प्रकाश सिंह भी शामिल हुए।
अधिकारियों में नगर आयुक्त जग प्रवेश, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में नगर निगम मथुरा-वृंदावन की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा दो विद्यालय—हजारीमल सोमानी नगर निगम इंटर कॉलेज एवं नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज—संचालित किए जा रहे हैं, जहां शिक्षकों के कई पद रिक्त हैं, हालांकि भवन, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं।
संचारी रोग नियंत्रण के तहत नगर निगम द्वारा एंटी लार्वा छिड़काव के लिए 272 हैंड स्प्रे मशीन एवं 10 फॉगिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। निगम के पास कुल 462 वाहन हैं, जिनमें से 367 संचालित अवस्था में हैं, जबकि 95 खराब हैं।
पिछले पांच वर्षों में विकास प्राधिकरण द्वारा 204 कॉलोनियां नगर निगम को हस्तांतरित की गई हैं। निगम क्षेत्र में 119 पार्क हैं, जिनका रखरखाव निगम द्वारा किया जा रहा है, हालांकि उनसे कोई आय प्राप्त नहीं हो रही है।
नगर निगम द्वारा जल निकासी, सीवर व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन और बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण को लेकर भी जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों की शिकायतों के समाधान के लिए 24×7 कंट्रोल रूम, मोबाइल एप एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं।
जिला पंचायत से संबंधित जानकारी में बताया गया कि मथुरा में 11749.73 वर्ग मीटर खाली भूमि उपलब्ध है, जिस पर कोई अवैध कब्जा नहीं है। इसके अलावा जिला पंचायत के स्वामित्व में कार्यालय, आवासीय भवन, अस्पताल, कांजी हाउस, डाक बंगला एवं 333 दुकानें संचालित हैं।
