नई दिल्ली, 10 मार्च 26, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पिछले दस वर्षों में देश में खाद्यान्न उत्पादन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री चौहान ने कहा कि देश ने 357 करोड़ टन के खाद्यान्न उत्पादन से महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के लाभ और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि क्षेत्र में कई सुधार और नीतियां लागू की गई हैं। चीन को पीछे छोड़कर भारत चावल का विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक बन गया है। उन्होंने कहा कि दालों का उत्पादन भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है, जो 19 करोड़ टन से बढ़कर लगभग 26 करोड़ टन हो गया है।
श्री चौहान ने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में संतुलित वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना देश भर के सौ जिलों में लागू की गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार ने इस योजना को लागू नहीं किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसानों की सहायता और उत्पादन बढ़ाने के लिए इस कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिम बंगाल के चार जिलों – पुरुलिया, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और झाड़ग्राम का चयन किया गया है।
श्री चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष किसानों के लिए किफायती दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए एक लाख 86 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की है।
