प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने पर 09 दिवसीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने पर 09 दिवसीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

March 18, 2026

प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने पर 09 दिवसीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

मथुरा, 18 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में 09 दिवसीय प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय विधायक बल्देव पूरन प्रकाश एवं सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा विभागीय योजनाओं, उत्पादों और उपलब्धियों की जानकारी ली। प्रदर्शनी में ग्राम विकास, पंचायती राज, पूर्ति, शिक्षा, समाज कल्याण, पुलिस, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सहित कई विभागों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया। साथ ही प्रदेश सरकार के पिछले 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
विधायक बल्देव पूरन प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते 9 वर्षों में कानून व्यवस्था, निवेश, बुनियादी ढांचे, कृषि, रोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश आज भयमुक्त, निवेश-अनुकूल और तेजी से विकसित होने वाला राज्य बन चुका है।
उन्होंने बताया कि बेटियों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, वहीं सामूहिक विवाह योजना के तहत आर्थिक सहायता भी दी जा रही है। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन और एंटी रोमियो स्क्वॉड जैसे कदम प्रभावी साबित हुए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने बताया कि 9 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है, जिससे लोग सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक हो सकें।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के अंतर्गत 56 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही 10 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए बच्चों की सुविधाओं हेतु संसाधन किट भी वितरित की गई।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी विशाल कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धि मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।