डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसियों पर छापा, ओवररेटिंग मिली तो सस्पेंड होगा लाइसेंस : : UP News | UP Web News

Web News

www.upwebnews.com

डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसियों पर छापा, ओवररेटिंग मिली तो सस्पेंड होगा लाइसेंस

March 13, 2026

डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसियों पर छापा, ओवररेटिंग मिली तो सस्पेंड होगा लाइसेंस

बरेली में 91 गैस एजेंसियां, 193 पेट्रोल पंप फुल स्टॉक में, कालाबाजारी पर होगा कड़ा एक्शन

सर्वर डाउन से बुकिंग अटकी, सप्लाई नहीं, गैस-पेट्रोल की अफवाहों पर प्रशासन का खुलासा*

गैस के लिए एजेंसी के चक्कर नहीं, हेल्पलाइन और ऐप से घर बैठे करायें बुकिंग

बरेली, 13 मार्च। एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की किल्लत की चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ कर दी है। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने कहा कि बरेली में कहीं भी गैस या पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है। जनपद में 91 इंडेन, एचपी और भारत गैस एजेंसियां तथा 193 पेट्रोल पंप पूरी तरह से पर्याप्त स्टॉक के साथ संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इंडियन ऑयल का सर्वर डाउन होने के कारण कुछ उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग में दिक्कत आ रही है, लेकिन शुक्रवार शाम तक सर्वर ठीक होने की उम्मीद है। आपूर्ति विभाग के मुताबिक गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इंडियन ऑयल के तकनीकी सर्वर में आई समस्या की वजह से बुकिंग सिस्टम प्रभावित हुआ है। इस संबंध में इंडियन ऑयल के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान पर चर्चा की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सर्वर बहाल होते ही गैस बुकिंग और वितरण की व्यवस्था पूरी तरह सुचारू हो जाएगी।

*कालाबाजारी पर सख्त नजर, एजेंसियों का निरीक्षण*

डीएम अविनाश सिंह के निर्देश पर एलपीजी गैस की कालाबाजारी और ओवररेटिंग रोकने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी ने शहर की कई गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान राजेंद्र नगर स्थित योगेश एंटरप्राइजेज, आईवीआरआई रोड की वीना इंडियन गैस सर्विस, हार्टमैन कॉलेज रोड की गोयल एंटरप्राइजेज और स्वाले नगर की बरेली गैस सर्विस के गोदामों का स्टॉक ऑनलाइन रिकॉर्ड से मिलान कर जांचा गया। जांच में सभी एजेंसियों का स्टॉक सही पाया गया और मौके पर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं मिली।

*ओवर रेटिंग पर सीधे होगी कार्रवाई*

निरीक्षण के दौरान एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उपभोक्ताओं में गैस की कमी या भ्रम की स्थिति पैदा न होने दी जाए। गैस रिफिल की बुकिंग मिलने पर जल्द से जल्द उपभोक्ताओं के घर तक सिलेंडर पहुंचाया जाए। यदि किसी एजेंसी के खिलाफ ओवर रेटिंग या अनियमितता की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में तेल कंपनियों और आपूर्ति विभाग की बैठक में भी स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। साथ ही कालाबाजारी रोकने के लिए ओटीपी आधारित वितरण प्रणाली लागू की गई है और एजेंसियों के दैनिक स्टॉक की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

*शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी*

उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जिला पूर्ति कार्यालय की हेल्पलाइन संख्या 9456667774 जारी की गई है। गैस से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत को इस नंबर पर दर्ज कराया जा सकता है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस एजेंसियों या गोदामों पर भीड़ न लगाएं। गैस सिलेंडर की बुकिंग फोन कॉल, मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से घर बैठे कराई जा सकती है। प्रशासन ने साफ कहा है कि जिले में गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, इसलिए आम लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की कालाबाजारी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।