समाजसेवी पूरन सिसौदिया के प्रयास से जीवंत हुई ब्रज की परंपरा
मथुरा(चौमुहां)। कस्बे के भरतिया रोड स्थित सरकारी गौशाला के समीप ब्रज की सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप भव्य हुरंगे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं समाजसेवी बिहारीलाल उर्फ पूरन सिसौदिया द्वारा किया गया, जो पिछले कई वर्षों से अपनी निजी निधि से इस परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी उपस्थित रहे। हुरंगे के दौरान ब्रज की पारंपरिक होली और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जहां हुरियारों और हुरियारिनों के बीच हंसी-ठिठोली और उमंग की बौछारों से माहौल सराबोर हो गया।
आयोजन के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता हुरियारिनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजन की गरिमा बढ़ाते हुए प्रत्येक प्रतिभागी हुरियारिन को एक-एक साड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि नरदेव चौधरी ने कहा कि ब्रज की होली और हुरंगा केवल उत्सव नहीं बल्कि हमारी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने कहा कि पूरन सिसौदिया जैसे समाजसेवी अपनी मेहनत और संसाधनों से इन परंपराओं को संजोए हुए हैं, जो अत्यंत सराहनीय है।
आयोजक समाजसेवी व भाजपा नेता बिहारीलाल उर्फ पूरन सिसौदिया ने कहा कि ब्रज संस्कृति की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हुरंगा ब्रज की ऐसी लोक परंपरा है जो ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर सभी को प्रेम के सूत्र में बांधती है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम देर शाम तक उत्साह और उल्लास के साथ चलता रहा।
इस मौके पर सतीश शर्मा, गुड्डू पहलवान, द्वारिकाधीश यादव, पूर्व चेयरमैन ओंकार सिंह, पवन, संजय सिंह, नेत्रपाल, कुलदीप, गिर्राज नेता, रवींद्र सिंह, देवेंद्र पहलवान, मानसिंह आदि मौजूद रहे।

