हरिद्वार 07 मार्च 26, गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश भर में अतिक्रमण और घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। उन्होंने यह बात हरिद्वार में उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर श्री शाह ने राज्य के लिए एक हजार एक सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड संघर्ष के दौर से निकल चुका है और विकास की ओर अग्रसर है।
नागरिकता संशोधन अधिनियम का जिक्र करते हुए श्री शाह ने कहा कि धार्मिक उत्पीड़न का सामना करने के बाद भारत आए लोगों को नागरिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लगभग 200 लोगों को नागरिकता दी गई है।
गृह मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के विकास और पलायन को रोकने के लिए जीवंत ग्राम कार्यक्रम लागू किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड को लाभ होगा।
