हाथरस। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के बिसाना गांव में रामनवमी मेले के दौरान मारपीट और अफवाह के चलते एक महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मेले के पास खेत में कुछ युवक शराब पी रहे थे, जिन्हें गांव निवासी पीतांबर उर्फ पप्पू ने रोकने की कोशिश की। इस पर युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल पीतांबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी दौरान गांव में अफवाह फैल गई कि उसकी मौत हो गई है। यह खबर सुनकर उसकी 60 वर्षीय मां कमला देवी को गहरा सदमा लगा और उनकी मौत हो गई। बाद में स्पष्ट हुआ कि पीतांबर जीवित है और उसका इलाज चल रहा है।घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित किए और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हाईवे हादसे में साइकिल सवार की मौत
हाथरस। मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव एवरनपुर के पास सड़क हादसे में 55 वर्षीय हमीद खान की मौत हो गई। वह सिलाई का काम करते थे और रात में शहर से अपने गांव लौट रहे थे।हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
कोल्ड ड्रिंक के पैसे को लेकर विवाद, युवक की गोली मारकर हत्या
हाथरस। ग्राम बरसै में कोल्ड ड्रिंक के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रजित सोलंकी अपनी दुकान पर थे, तभी आरोपी रन्नू ने कोल्ड ड्रिंक लेने के बाद पैसे देने से इनकार कर दिया। पैसे मांगने पर आरोपी ने पिस्टल से गोली मार दी।गंभीर रूप से घायल रजित को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से आगरा रेफर किया गया। 25 मार्च 2026 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रन्नू को सासनी-इगलास रोड से गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
