Web News

www.upwebnews.com

किसानों के सम्मान व अधिकार की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी कांग्रेस: भगवान सिंह वर्मा

April 17, 2026

किसानों के सम्मान व अधिकार की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगी कांग्रेस: भगवान सिंह वर्मा

मथुरा। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा।
इस अवसर पर पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं अलीगढ़ कोऑर्डिनेटर भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि देश का अन्नदाता किसान आज प्राकृतिक आपदाओं, महंगाई और सरकारी उपेक्षा का शिकार हो रहा है। हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की तैयार फसलों को बर्बाद कर दिया है, जिससे गोवर्धन, छाता, बल्देव और मांट विधानसभा क्षेत्रों के किसानों को सर्वाधिक नुकसान हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की पीड़ा के प्रति संवेदनहीन है और फसल सर्वेक्षण में भेदभाव किया गया है। किसानों को दी जा रही सहायता राशि को उन्होंने अपर्याप्त बताते हुए इसे “भद्दा मजाक” करार दिया। उन्होंने मांग की कि मथुरा के किसानों को 2 लाख रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए, साथ ही सरकारी ऋण और बिजली बिल माफ किए जाएं तथा किसानों से की जा रही रिकवरी तत्काल रोकी जाए।
भगवान सिंह वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला, तो कांग्रेस पार्टी गांव-गांव और सड़क से सदन तक बड़ा जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
धरना-प्रदर्शन में ठाकुर साहब सिंह, दीपक पाठक, नसीर अहमद फारुकी, राजू अब्बासी, ठाकुर बदन सिंह, विनोद आर्य, बृजेश शर्मा, राम भरोसे चौधरी, धर्मबीर सिंह सोलंकी, रामदेव सोलंकी, सोबरन सिंह, सलमान चौधरी, अखलाक चौधरी, शिवराम सिंह, सचेन्द कुमार गौतम, वीरपाल सिंह खरे, विजय सिंह लोधी, चिरागद्दीन, इन्द्रजीत गौतम, नसीरुद्दीन अब्बासी, रोशनलाल, राजेंद्र प्रसाद बाल्मीकि, प्रियपाल सिंह, उमेश चंद्र शर्मा, उमाकांत शर्मा, कपिल शर्मा, अजय रैगर, आजाद रैगर, जगन्नाथ सिंह चौहान, सतपाल चौधरी, अजय रावत, रोहित शैनी, राकेश यादव, लक्ष्मी पहलवान, नीरज पहलवान, बादाम सिंह, पद्म सिंह, उदयवीर सिंह, सुहाग राम, सूरज सिंह, मोहम्मद यासिन, शमीम अब्बासी, मुकेश, शोभाराम सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कारब में रागनी महोत्सव का ऐतिहासिक आयोजन

कलाकारों ने बिखेरा सुरों का जादू
कारब, 17 अप्रैल। गाँव कारब में 16 अप्रैल को समाजसेवी चौधरी हरवीर सिंह पहलवान के तत्वावधान में आयोजित भव्य रागनी महोत्सव ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। इस सांस्कृतिक संध्या में लोक कला, परंपरा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत रागनी जगत के प्रसिद्ध कलाकार नरदेव बेनीवाल और रोहताश धामा की दमदार प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद संजना चौधरी, भावना भाटी और राधा चौधरी ने अपनी मधुर आवाज और शानदार अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरी रात पंडाल तालियों और जोश से गूंजता रहा।
महोत्सव में क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति भी आकर्षण का केंद्र रही। आयोजक चौधरी हरवीर सिंह पहलवान ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में देव चौधरी, कलेक्टर सिंह, जीतू चौधरी, वीरपाल गंधार, हेमंत चौधरी और अमित ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम ने न केवल लोक संस्कृति को जीवंत किया, बल्कि क्षेत्र में आपसी भाईचारे और एकता का भी मजबूत संदेश दिया।

April 15, 2026

वृंदावन हादसे को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, मेयर व नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप

Posted on 15.04.2026 Time 07.25 PM , Mathura Vrandavan News
मथुरा। वृंदावन में 10 अप्रैल को यमुना नदी में हुए हादसे के बाद मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मेयर और नगर आयुक्त को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए नारेबाजी की।
जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी पैदल मार्च करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मेयर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त जग प्रवेश के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद ने आरोप लगाया कि यमुना में हुए हादसे के लिए नगर निगम प्रशासन की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन ने वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय निर्दोष नाविक को जेल भेज दिया। साथ ही कहा कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन और वृंदावन में चक्का जाम भी किया जाएगा।

ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी का 25वां समर्पण दिवस धूमधाम से मनाया

Posted on 15.04.2026 Time 07.12 PM , Baldev Mathura
बलदेव (मथुरा)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के “प्रभु प्रिय धाम” केंद्र पर सहज राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सीमा दीदी के समर्पित जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर “25वां समर्पण दिवस” बड़े ही हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं केक काटकर की गई।
इस अवसर पर सीमा दीदी के समर्पण, त्याग, तपस्या और सादगीपूर्ण जीवन की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में इस प्रकार का पूर्ण समर्पित जीवन अत्यंत दुर्लभ है। दीदी ने अपने तन, मन, धन और समय को विश्व कल्याण के लिए समर्पित कर अनेक आत्माओं के जीवन को दिशा दी है। उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार, मातृवत स्नेह और गुरु के समान मार्गदर्शन ने सभी के जीवन को प्रेरित किया है।
अपने अनुभव साझा करते हुए सीमा दीदी ने कहा कि परमात्मा शिव की संगिनी बनकर जो आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में कानपुर से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी डॉ. अल्का दीदी ने समर्पण का महत्व बताते हुए कहा कि सच्चा समर्पण मन, वचन और कर्म से भगवान की श्रीमत पर चलना है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान संस्कार देने वाले माता-पिता धन्य हैं, जिनकी संतान समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही है।
मथुरा से आए बी.के. विनोद भाई ने अपने मधुर भजनों से सभी को प्रभु प्रेम में भाव-विभोर कर दिया। बी.के. रेनू बहन ने तिलक, पटका एवं शब्दों के माध्यम से सभी अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम का कुशल संचालन किया।
इस दौरान रेखा बहन का 11वां अलौकिक जन्मदिवस भी मनाया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने सीमा दीदी को शुभकामनाएं, आशीर्वाद एवं उपहार भेंट किए। कार्यक्रम में आध्यात्मिक नृत्य (रास) एवं अंत में प्रसाद वितरण के साथ जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का संकल्प भी कराया गया।
इस अवसर पर बी.के. मोहन, लवली, रंजना, विनोद, जगदीश, सतीश, भूपेंद्र, संतोषी, केसर, गुड्डी, ओमवती, निर्मल, पिंकी, सोना, राजकुमारी, कुसुम, कृष्णा, संगीता, सावित्री, चंद्रवती, गीता, कविता सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

टीईटी के विरोध में मथुरा में शिक्षकों का विशाल मशाल जुलूस

Posted on 15.04.2026, Time 07.02 PM Wednesday, Mathura Vrandavan News
मथुरा। टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) लागू करने के विरोध में मथुरा में अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ इकाई के बैनर तले हजारों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विशाल मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। जुलूस टैंक चौराहे से शुरू होकर विकास बाजार स्थित गांधी मूर्ति तक पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई।
जुलूस में प्राथमिक, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। हाथों में मशाल लिए प्रदर्शनकारियों ने टीईटी विरोधी नारे लगाए और सरकार के फैसले को शिक्षकों के अधिकारों के खिलाफ बताया।
सभा को संबोधित करते हुए महासंघ के जिला संरक्षक योगराज चाहर, प्रांतीय संयुक्त मंत्री टीएससीटी एवं शैलेंद्र यादव ने कहा कि टीईटी लागू करना शिक्षकों के अधिकारों का हनन है। अटेवा की जिलाध्यक्ष प्रदीपिका फौजदार और चेतना सीमा सारस्वत ने कहा कि इस निर्णय से महिला शिक्षकों सहित सभी वर्ग प्रभावित होंगे।
वक्ताओं में मुनीश चौधरी, राजेंद्र चौधरी और गोविंद सिंह चौहान ने इसे शिक्षकों की अस्मिता और भविष्य की लड़ाई बताया। एससी/एसटी बेसिक शिक्षक एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अशोक प्रिय और सुरेशचंद ने कहा कि यह निर्णय कमजोर वर्ग के युवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
नरेंद्र चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। किसान यूनियन शिक्षक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर किसान और शिक्षक एकजुट हैं। मीडिया प्रभारी मनीष दयाल ने इसे शिक्षकों पर जबरन थोपा गया अन्यायपूर्ण निर्णय बताया।
हजारों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने थामी मशाल, टीईटी से मुक्ति की मांग
मथुरा में आरटीई लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त करने की मांग को लेकर भी व्यापक प्रदर्शन किया गया। महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर सेठ बीएन पोद्दार इंटर कॉलेज से होलीगेट तक मशाल जुलूस निकाला गया।
इस दौरान जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, प्राथमिक शिक्षक संघ, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन, महिला शिक्षक मोर्चा, एससी/एसटी बेसिक शिक्षक महासभा, उर्दू बीटीसी शिक्षक संघ, यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) सहित कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. अजयकृष्ण सारस्वत और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र सारस्वत ने टीईटी अनिवार्यता को असंवैधानिक और गैर-मानवीय बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक इस कानून को निरस्त कराकर ही दम लेंगे।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अतुल सारस्वत और विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रविन्द्र चौधरी ने कहा कि शिक्षकों की एकता के आगे सरकार को झुकना पड़ेगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष लोकेश गोस्वामी ने सभी प्रदर्शनकारियों का आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और एक स्वर में सरकार से टीईटी लागू करने के निर्णय को वापस लेने की मांग की।
« Newer PostsOlder Posts »