Web News

www.upwebnews.com

लालबाग में शहीदों को नमन लेकिन उनके गांव आज भी इंतजार में।

August 18, 2026

लालबाग में शहीदों को नमन लेकिन उनके गांव आज भी इंतजार में।

18 अगस्त 1942 के छः अमर शहीदों की स्मृति में गांवों का नामकरण स्मृति पार्क व स्तंभ बनवाने की मांग आजाद अधिकार सेना ने मुख्यमंत्री समेत राष्ट्रपति प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को भेजा पत्र।
सीतापुर। 18 अगस्त 1942 का दिन सीतापुर के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। इसी दिन लालबाग में अंग्रेजी हुकूमत द्वारा की गई गोलीबारी में छह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। इन अमर शहीदों की स्मृति में लालबाग पार्क में स्मृति स्तंभ स्थापित हैं जहां प्रत्येक वर्ष उनकी शहादत को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।
पूर्व एमएलसी हरीश बाजपेई द्वारा पिछले कई वर्षों से स्वतंत्रता संग्राम स्मृति संस्थान के बैनर तले 18 अगस्त को शहीद स्मृति कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर शहीद स्मृति स्तंभों को तिरंगे से सजाया जाता है ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होता है। इसके बाद हिन्दी संस्थान में कार्यक्रम आयोजित कर स्कूली बच्चों द्वारा राष्ट्रभक्ति के गीत प्रस्तुत किए जाते हैं। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया जाता है।
सवाल गांवों में शहीदों की स्मृति का
वहीं आजाद अधिकार सेना सीतापुर का कहना है कि जिला मुख्यालय पर हर वर्ष कार्यक्रम आयोजित होना सराहनीय है लेकिन जिन गांवों से इन छः अमर शहीदों का संबंध रहा वहां उनकी स्मृति को स्थायी रूप से सुरक्षित करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। संगठन का कहना है कि गांवों में शहीदों के नाम पर स्मारक नहीं होने तथा उनके बलिदान की जानकारी नई पीढ़ी तक नहीं पहुंचने से युवा अपने ही गांव के गौरवशाली इतिहास को भूलते जा रहे हैं।
इसी मांग को लेकर आजाद अधिकार सेना सीतापुर की ओर से पूर्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा गया था। संगठन ने मांग की थी कि छह अमर शहीद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संबंधित गांवों में ग्राम समाज की उपलब्ध भूमि पर उनके नाम से शहीद स्मृति पार्क एवं स्थायी स्मृति स्तंभ बनवाए जाएं।
शहीदों के गांवों का नाम उनके नाम पर करने की मांग
आजाद अधिकार सेना ने अब इस मांग को और व्यापक करते हुए मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि 18 अगस्त 1942 के लालबाग गोलीकांड में शहीद हुए छह अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के संबंधित गांवों का नाम उनके नाम पर किया जाए। प्रत्येक गांव में ग्राम समाज की उपयुक्त भूमि पर उनके नाम से पार्क विकसित कर वहां शहीद की फोटो एवं नाम सहित स्मृति स्तंभ स्थापित कराया जाए तथा स्तंभ पर उनके स्वतंत्रता संग्राम और बलिदान का संक्षिप्त इतिहास अंकित किया जाए।
संगठन ने यह भी मांग की है कि प्रत्येक वर्ष 18 अगस्त को इन स्मारक स्थलों पर सरकारी स्तर पर श्रद्धांजलि एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने गांव के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से परिचित हो सकें।
मुख्यमंत्री से समयबद्ध कार्रवाई की मांग
आजाद अधिकार सेना का कहना है कि मुख्यमंत्री कार्यालय को पूर्व में ज्ञापन दिए जाने के बावजूद अभी तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रकरण को जनहित एवं राष्ट्रहित में प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएं।
संगठन का कहना है कि जिन वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया, उनकी स्मृति को सुरक्षित रखना केवल उनके परिवार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सरकार और पूरे समाज का राष्ट्रीय दायित्व है। शहीदों के गांवों का नाम उनके नाम पर करना तथा वहां स्मृति पार्क और स्तंभ स्थापित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
राष्ट्रपति प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को भी भेजी प्रतिलिपि
इस मांग से संबंधित पत्र की प्रतिलिपि माननीय राज्यपाल उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री भारत सरकार गृहमंत्री भारत सरकार राष्ट्रपति महोदया भारत सरकार तथा जिलाधिकारी सीतापुर को भी भेजी गई है। संगठन ने सभी से प्रकरण का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
आजाद अधिकार सेना के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृति से जुड़े विषय पर भी सरकार गंभीरता से कार्रवाई नहीं करती तो आम जनता के हितों से जुड़े मामलों में शासन की संवेदनशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। इसको लेकर शहीद परिवारों एवं संगठन के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
संगठन ने स्पष्ट कहा है कि शहीदों का सम्मान केवल एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों तक उनके बलिदान की गाथा पहुंचाने का राष्ट्रीय संकल्प होना चाहिए।

सरस्वती शिशु मंदिर मिश्राना में विजयी भैया-बहनों का हुआ भव्य सम्मान प्रांतीय प्रतियोगिता के लिए बढ़े कदम

लखीमपुर खीरी।विद्या भारती से संबद्ध स्थानीय सनातन धर्म सरस्वती शिशु मंदिर मिश्राना में मंगलवार (18 अगस्त 2026) को एक भव्य पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। संकुल स्तरीय वैदिक गणित मेला, विज्ञान मेला एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शानदार प्रदर्शन कर लौटे और विद्यालय का नाम रोशन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल हुए शेष सभी प्रतिभागी भैया-बहनों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए गए।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इन विभिन्न बौद्धिक व वैज्ञानिक प्रतियोगिताओं में विद्यालय के कुल 37 भैया-बहनों ने प्रतिभाग किया था। छात्रों के कड़े परिश्रम और उत्कृष्ट मार्गदर्शन की बदौलत विद्यालय के शिशुओं ने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है।इन प्रतियोगिताओं में मिला प्रथम स्थान:विज्ञान प्रश्नमंच,सांस्कृतिक प्रश्नमंच,वैदिक गणित प्रश्नमंच,सांस्कृतिक पत्रवाचन गणित प्रदर्श,गणित प्रयोग,प्रधानाचार्या ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इन सभी विषयों में विद्यालय के शिशु प्रथम स्थान पर रहे हैं। संकुल स्तर पर अपना लोहा मनवाने के बाद, अब ये सभी प्रथम स्थान प्राप्तकर्ता छात्र आगे होने वाली प्रांतीय प्रतियोगिताओं में लखीमपुर संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और आचार्य परिवार ने विजयी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और प्रांतीय स्तर पर भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

August 17, 2026

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया ‘अनफीडिंग वर्ल्ड बैंक परियोजना’ का शुभारंभ

हर घर लखपति योजना’ का भव्य शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे मुख्यातिथि”

लखनऊ, 17 अगस्त। विकास एवं कल्याण के उद्देश्य से प्रारंभ की जा रही “अनफीडिंग वर्ल्ड बैंक परियोजना” का होटल ताज में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि रहे। इस महत्वाकांक्षी कल्याणकारी योजना को “बिना कुछ भी जमा किए हर घर लखपति योजना” के नाम से भी जाना जाता है।

समारोह में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा तथा उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उत्तर प्रदेश समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य शालिनी सिंह तथा अधिवक्ता विकास सिंह का कार्यक्रम के आयोजन में उल्लेखनीय योगदान रहा।

परियोजना के निदेशक आर.के. निगम ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि दुनिया भर के वे सभी जरूरतमंद लोग, जिनकी समस्त आय दैनिक व मूलभूत आवश्यकताओं में ही खर्च हो जाती है, भविष्य के बड़े खर्चों, जैसे बच्चों के रोजगार, विवाह या बीमारी के इलाज के लिए कोई बचत राशि नहीं जोड़ पाते। उन्होंने दावा किया कि “हर घर लखपति योजना” ऐसे ही जरूरतमंद लोगों का सहारा बनेगी और इसके तहत लाभार्थियों को बिना ब्याज छोटे ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कार्यक्रम के आयोजकों एवं परियोजना निदेशक आर.के. निगम को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने जरूरतमंदों के हित में प्रारंभ की गई इस योजना में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार प्रभात रंजन दीन ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा किए।

गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य कांवड़ यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

चौथी बार निकली यात्रा, हर बार की तरह इस बार भी भव्यता देखते ही बनी

सीतापुर। विकासखंड परसेंडी क्षेत्र की ग्राम पंचायत अर्रो खेमाजितपुर से ग्राम प्रधान विक्रम सिंह के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यह यात्रा चौथी बार आयोजित की गई, जिसमें हर बार की तरह इस बार भी यात्रा की भव्यता देखते ही बन रही थी। यात्रा में बड़ी संख्या में कांवड़िए शामिल हुए। यात्रा का शुभारंभ खजुहा बाबा स्थित महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुआ। शिव आराधना में लीन कांवड़िए नाचते-गाते आगे बढ़े। रास्ते में जगह-जगह समाजसेवियों एवं स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कांवड़ यात्रा झरेखापुर चौराहे पर पहुंची, जहां ओमकार यादव, ग्राम प्रधान विक्रम सिंह, रवी थापर, दिनेश यादव, विवेक सिंह समेत दर्जनों लोगों ने कांवड़ियों पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद कांवड़िए हरगांव स्थित गौरीशंकर दरबार में भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना हुए। यात्रा में कई सैकड़ा कांवड़िए शामिल रहे। उनके साथ दर्जनों चार पहिया व दो पहिया वाहन तथा ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी मौजूद रहीं। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ागांव चौकी पुलिस ने जिम्मेदारी संभाली। झरेखापुर तक सुरक्षा व्यवस्था बड़ागांव चौकी पुलिस के जिम्मे रही, जबकि इसके बाद झरेखापुर चौकी इंचार्ज राजेश कुमार सरोज के नेतृत्व में पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

तीसरी बार रेखा अरुण वर्मा पर संगठन ने जताया भरोसा

भाजपा कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ मनाई खुशी
लखीमपुर-खीरी, 17 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी ने रेखा अरुण वर्मा को तीसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपकर संगठन में उनके प्रति भरोसा जताया है। उनके राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यालय लखीमपुर में कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर बधाई दी।
रेखा अरुण वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने पर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और संगठन के निर्णय पर खुशी जताई। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि रेखा अरुण वर्मा को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और निरंतर कार्य से जुड़े होने को दर्शाता है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मनोज वर्मा, राजेश सिंह, दिव्या सिंह, शरद मिश्रा उमाशंकर मिश्रा, अनुश्री जायसवाल, सुमित मोदी, शौर्य सक्सेना, निष्कर्ष मिश्रा, देवदत्त चड्ढा, अंकुर शुक्ला वैभव प्रमोद चौधरी आशीष सिंह अनीता निगम संदीप धुरिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने रेखा अरुण वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। कार्यालय परिसर में काफी देर तक उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।

Older Posts »