Web News

www.upwebnews.com

एटा में जांच में सही आरोप पाए जाने पर प्रधानाध्यापक निलंबित, बीएसए ने की कार्रवाई

August 15, 2026

एटा में जांच में सही आरोप पाए जाने पर प्रधानाध्यापक निलंबित, बीएसए ने की कार्रवाई

एटा 14 अगस्त उप्रससे। जनपद में विकासखण्ड सकीट स्थित प्राथमिक विद्यालय नौरंगाबाद के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार को आज 14 अगस्त को निलंबित कर दिया गया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुपम अवस्थी ने यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारी सकीट नेत्रपाल सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर की है। निलंबन अवधि के दौरान मुकेश कुमार को प्राथमिक विद्यालय नंदपुर बेलामई से संबद्ध किया गया है।

यह मामला विद्यालय से संबंधित एक वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सामने आया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी सकीट को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीईओ ने विद्यालय का दौरा किया और अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा स्टाफ सदस्यों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान विद्यालय में कुल 25 विद्यार्थियों का नामांकन पाया गया, जिनमें से केवल 18 छात्र-छात्राएं मौके पर उपस्थित थे। रिपोर्ट में बताया गया कि इन विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजिका में दर्ज नहीं की गई थी। इसके अतिरिक्त, प्रभारी प्रधानाध्यापक की विद्यालय में नियमित उपस्थिति को लेकर भी गंभीर सवाल उठे।

अभिभावकों और छात्रों ने जांच टीम को बताया कि प्रधानाध्यापक 12 अगस्त को भी विद्यालय में अनुपस्थित थे। जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वे नियमित रूप से विद्यालय में उपस्थित नहीं रहते थे, जबकि उपस्थिति पंजिका में उनके हस्ताक्षर नियमित रूप से दर्ज पाए गए।
जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने के बाद बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार के निलंबन का आदेश जारी किया। विभागीय स्तर पर इस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

August 13, 2026

भव्य तिरंगा यात्रा से राष्ट्रभक्ति का संदेश हुआ प्रसार -धर्मेंद्र सिंह

उप्रससे 13 अगस्त

बस्ती।भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन किया गया। ​मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने झंडा दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया
यात्रा लाल बहादुर शास्त्री चौक (झंडा चौक) से प्रारम्भ होकर कंपनी बाग चौराहा, जनता होटल, गांधीनगर पक्के होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज के प्रांगण में सम्पन्न हुई। कुशलतापूर्वक किया।
समापन अवसर पर धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अतुलनीय बलिदान की बदौलत ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हमें अपने तिरंगे की आन‑बान‑शान के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्रा ने कहा कि तिरंगा हमारी अस्मिता, अखंडता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जन‑जन में देशप्रेम की भावना प्रज्वलित करना तथा संविधान व लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराना है। तिरंगे को नमन कर कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के जोश के साथ हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, प्रेम सागर तिवारी, यशकान्त सिंह, सुशील सिंह, पवन कसौधन, महेश शुक्ला, रवि सोनकर, दयाराम चौधरी श्रीवास्तव, सहित कार्यकर्त उपस्थित रहे,
जयंत कुमार मिश्रा संवाददाता

एटा में डंपर ने ऑटो में मारी टक्कर, ढाई वर्षीय बच्ची की मौत, मां गंभीर आगरा रेफर

एटा 13 अगस्त उप्रससे। जनपद के बागवाला थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 4 बजे जीसुख पुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार ढाई वर्षीय बच्ची जानवी की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी 30 वर्षीय मां सर्वेश के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में आगरा हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घायल सर्वेश पत्नी मुकेश कुमार अपनी बेटी जानवी के साथ ऑटो से एटा की ओर जा रही थीं। जीसुखपुर गांव के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने बागवाला थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद ढाई वर्षीय जानवी को मृत घोषित कर दिया। सर्वेश की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है।

वर्जन
थाना प्रभारी बागवाला ओपी सिंह ने बताया कि डंपर और ऑटो की भिड़ंत में बच्ची की मौत हुई है, जबकि महिला घायल हुई हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

एटा में युवक को नशा सुंघाकर मोबाइल और बाली लूटकर भाग रहे चोर को पकड़ा, भीड़ ने की पिटाई

एटा 13 अगस्त उप्रससे। जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र में आगरा रोड पर दो टप्पेबाजों ने एक युवक को इमरजेंसी कॉल करने के बहाने रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और मोबाइल फोन व कान की बालियां लेकर फरार हो गए।

पीड़ित युवक ने होश में आने के बाद ई-रिक्शा से आरोपियों का पीछा किया और रेलवे क्रॉसिंग पर दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

गणेशपुर, जलेसर निवासी प्रेमचंद पुत्र मोहनलाल कोसमा गांव जा रहे थे तभी आगरा चौराहे के पास दो अज्ञात युवकों ने उनसे इमरजेंसी कॉल करने के लिए मोबाइल फोन मांगा। फोन लेने के बाद दोनों ने प्रेमचंद को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। इसके बाद टप्पेबाज उनका मोबाइल फोन और कान की बालियां लेकर मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद प्रेमचंद को होश आया तो उन्होंने आरोपियों का पीछा करने का फैसला किया। वह ई-रिक्शा से दोनों के पीछे निकल पड़ा। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण आरोपी वहां फंस गए। इसी दौरान प्रेमचंद ने दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। बाद में प्रेमचंद ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी इकबाल पुत्र रियाजुद्दीन और अरमान अली पुत्र नासिर अली फिरोजाबाद के हबीबगंज रामगढ़ निवासी है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जलेसर थाना प्रभारी अखिलेश दीक्षित ने बताया कि युवक टप्पेबाजी का शिकार हुआ है। उसकी लिखित शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

August 12, 2026

एटा में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा, शहर में गूंजे देशभक्ति के नारे

एटा 12 अगस्त उप्रससे। जनपद में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता के नेतृत्व में कैलाश मंडल और श्रीराम मंडल के कार्यकर्ताओं ने रेलवे रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल से यात्रा शुरू की, जिसमें भाजपा कार्यकर्ता, युवा और पदाधिकारी शामिल हुए।

यात्रा के शुभारंभ से ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा माहौल गूंज उठा। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, सड़कों पर तिरंगे लहराते हुए दिखाई दिए। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे जोश के साथ आगे बढ़ रहे थे और राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाओं का प्रदर्शन कर रहे थे। यह तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कैलाश मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह बना रहा और उन्होंने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
इस यात्रा में एटा सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, चेयरमैन प्रतिनिधि पंकज गुप्ता सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक और अन्य नेताओं ने भी हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
यात्रा में युवाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवा पूरे जोश के साथ तिरंगा लहराते हुए भारत माता के जयकारे लगा रहे थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं का प्रतीक है।

Older Posts »