Web News

www.upwebnews.com

मलिकपुर गौशाला की बदहाल व्यवस्था पर भड़के किसान, सचिव को हटाने की उठाई मांग

July 13, 2026

मलिकपुर गौशाला की बदहाल व्यवस्था पर भड़के किसान, सचिव को हटाने की उठाई मांग

Mainpuri samachar UP Web News
Posted on 13.07.2026 Time 07.14 PM, Monday, UP News, Mainpuri
मैनपुरी, 13 जुलाई 2026 (उप्र समाचार सेवा )। एलाऊ ब्लॉक जागीर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सगामई स्थित मलिकपुर गौशाला में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के पदाधिकारियों ने निरीक्षण कर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने गौशाला की बदहाल व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पंचायत सचिव को तत्काल हटाने की मांग की।
सोमवार सुबह करीब 10 बजे मंडल उपाध्यक्ष राजा ठाकुर के नेतृत्व में किसान यूनियन के पदाधिकारी गौशाला पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। किसानों का आरोप है कि गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा और हरे चारे की व्यवस्था नहीं है। निरीक्षण के दौरान भूसे का भंडारण भी बेहद कम मिला, जबकि गोवंशों को सड़ा और सूखा भूसा खिलाया जा रहा था। राजा ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लगातार गौशाला में अव्यवस्थाओं की शिकायत कर रहे थे, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उचित खानपान और देखभाल के अभाव में पूर्व में कई गोवंशों की मौत हो चुकी है। किसानों का यह भी आरोप है कि मृत गोवंशों को जेसीबी मशीन से गौशाला परिसर में ही दफना दिया जाता है। किसानों ने कहा कि यदि समय पर भूसा और हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए तो गोवंशों की ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। उन्होंने गौशाला की दुर्दशा के लिए पंचायत सचिव की कार्यशैली को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें हटाने की मांग की। साथ ही जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गौशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महेश यादव, वीर कुमार, लेखराज सिंह, बलराम यादव, प्रबल यादव, अजीत यादव, सुनील कुमार, विमल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

June 16, 2026

Gorakhpur रोहिणी नदी में दो बच्चे डूबे, एक शव मिला

Posted on 16/06/2026
Time 18:24 P.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

रोहिणी नदी में नहाने गए बच्चों के साथ बड़ा हादसा, दो की मौत, एक का शव बरामद दूसरी बच्ची की तलाश जारी

​गोरखपुर | 16 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) ​तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर मोहल्ले में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब रोहिणी नदी के पास नहाने गए चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इस दुखद घटना में दो बच्चों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य लापता बच्ची की तलाश में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तिवारीपुर थाना क्षेत्र के गैस गोदाम गली, बंधे के पास स्थित रोहिणी नदी में हुआ। स्थानीय निवासियों के अनुसार, नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में समा गए। मृतकों की पहचान तकिया कवलदह की रहने वाली 9 वर्षीय पीहू यादव और 11 वर्षीय सर्वेश यादव के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और एसपी सिटी निमिश पाटिल सहित भारी पुलिस बल और एनडीआरएफ (NDRF) की टीम मौके पर पहुँच गई। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि ​मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे पुलिस को चार बच्चों के डूबने की सूचना प्राप्त हुई थी। ​तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर मोर्चा संभाला।
​जाँच में सामने आया कि चार बच्चों में से दो बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुँचने में सफल रहे।
​अन्य दो बच्चों की तलाश के लिए चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में एक बच्चे को बरामद कर अस्पताल भेजा गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

प्रशासन वर्तमान में एक अन्य लापता बच्ची, पिंकी यादव, की बरामदगी के लिए अथक प्रयास कर रहा है। एनडीआरएफ, पीएसी और स्थानीय पुलिस की टीमें पूरी सक्रियता के साथ नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

June 6, 2026

गोरखपुर में आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियां मुकम्मल, 44 केंद्रों पर 1.16 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

Posted on 06/06/2026
Time 07:20 A.M
Gorakhpur
Santosh Kumar Singh

​गोरखपुर : 6 जून 2026 ( उप्र समाचार सेवा) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर गोरखपुर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था का अभेद्य घेरा तैयार कर लिया है। आगामी 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय परीक्षा में कुल 1,16,784 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
​छह पालियों में होगी परीक्षा
​परीक्षा की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए प्रशासन ने बताया कि परीक्षा तीन दिनों तक दो-दो पालियों में संपन्न होगी। इस प्रकार कुल छह पालियों में आयोजित इस परीक्षा में प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
​प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा तंत्र
​परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है:
​नोडल अधिकारी: एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और एसपी सिटी निमिष पाटिल संयुक्त रूप से परीक्षा की कमान संभालेंगे।
​निगरानी: एसपी पीटीएस अनिल कुमार को ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, जो सीधे तौर पर पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे।
​मजिस्ट्रेट तैनाती: जिले को 44 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर सेक्टर में एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
​केंद्रों पर कड़ी चौकसी
​एनेक्सी भवन सभागार में सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी और डीआईओएस अजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा संबंधी कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए:
​सघन तलाशी: अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही परीक्षा हॉल में प्रवेश मिलेगा।
​डिजिटल निगरानी: परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है।
​जनसुविधाएं: सुगम आवागमन के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल और मूलभूत सुविधाओं को अनिवार्य कर दिया गया है।
​प्रशासन की चेतावनी: लापरवाही बर्दाश्त नहीं
​जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर होने वाली लापरवाही या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी व्यवधान के अपनी परीक्षा दे सकें।

May 27, 2026

IPL: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले क्वालीफायर मैच में गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली

Chandigarh, आईपीएल क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कल पहले क्वालीफायर मैच में गुजरात टाइटन्स को 92 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है । 255 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटन्स 162 रन पर ही सिमट गई। रजत पाटीदार को नाबाद 93‍ रन की पारी के लिये प्‍लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता में आज मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मैच खेला जाएगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से होगा। विजेता टीम शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी। फाइनल मैच 31 मई को अहमदाबाद के नरेन्‍द्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

May 20, 2026

भारत में नॉर्डिक देशों का निवेश 2 सौ प्रतिशत तक बढ़ा: मोदी

ओस्लो, 20 मई 2026, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि नॉर्डिक देशों के साथ भारत की भागीदारी को पर्यावरण अनुकूल प्रौद्योगिकी और नवाचार रणनीतिक भागीदारी के स्‍तर पर ले जाने का निर्णय लिया गया है। नार्वे की राजधानी ओस्‍लो में आयोजित तीसरे भारत नॉर्डिक सम्‍मेलन के बाद श्री मोदी ने कहा कि भारत और नॉर्डिक क्षेत्र सतत विकास में नॉर्डिक देशों की विशेज्ञता को भारत के व्‍यापक स्‍तर के साथ जोड़कर भविष्‍य के लिए भरोसेमंद वैश्विक समाधान विकसित कर सकते हैं।

श्री मोदी ने भारत-नॉर्डिक संबंधों में वृद्धि का उल्‍लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में व्‍यापार में चार गुना वृद्धि हुई है और भारत में नॉर्डिक देशों का निवेश 200 प्रतिशत तक बढ़ा है। उन्‍होंने कहा कि इस वृद्धि ने न केवल भारत के विकास में योगदान दिया है कि बल्‍कि नॉर्डिक देशों में रोजगार के अवसर भी सृजित किये हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्‍नत भागीदारी के जरिये प्रत्‍येक नॉर्डिक देश की विशेषज्ञताओं का उपयोग किया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि आइसलैंड की भूतापीय ऊर्जा और मत्‍स्‍य क्षेत्र में विशेषज्ञता, नार्वे की समुद्री अर्थव्‍यवस्‍था और आर्किटिक मामलों में विशेषज्ञता, स्‍वीडन की उन्‍नत निर्माण और रक्षा तकनीकी, फिनलैंड की दूरसंचार और डिजिटल प्रौदयोगिकी तथा डेनमार्क की साइबर सुरक्षा और स्‍वास्‍थ्‍य तकनीकी क्षेत्र में विशेषज्ञता है।

उन्‍होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच अनुसंधान, कौशल विकास और प्रतिभा के आदान प्रदान को बढ़ावा देने के लिए विश्‍वविद्यालयों, प्रयोगशालाओं, स्‍टार्टअप तंत्र के स्‍तर पर सहयोग मजबूत किया जा रहा है।

सांस्‍कृतिक संबंधों को साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि संबंध शब्‍द का अर्थ भारत और नॉर्डिक भाषा में एकसमान है। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की है कि यह आगे बढ़ रहे घनिष्‍ठ और अधिक सार्थक संबंधों में भी प्रदर्शित होगा।

नॉर्डिक देशों के नेताओं ने लोकतंत्र, नियम आधारित वैश्विक व्‍यवस्‍था और बहुपक्षीय संस्‍थाओं में सुधारों को लेकर प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्‍होंने कहा कि संघर्ष और व्‍यवधान सहित वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत के साथ मजबूत सहयोग का भी आहवान किया।

वैश्विक मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि युक्रेन और पश्चिम एशिया में संघर्षविराम के पक्ष में भारत के रूख की पुष्टि की। उन्‍होंने कहा कि भारत और नॉर्डिक देश आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रूख रखते हैं और इसमें दोहरे मानदंडों को बर्दाश्‍त नहीं किया जाएगा।

Older Posts »