Web News

www.upwebnews.com

पुलिस व स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई, चोरी के 32 मोबाइल के साथ चार गिरफ्तार

August 12, 2026

पुलिस व स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई, चोरी के 32 मोबाइल के साथ चार गिरफ्तार

मैनपुरी। थाना एलाऊ पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी के 32 मोबाइल फोन, करीब 6.50 लाख रुपये कीमत, एक अर्टिगा कार और दो अवैध तमंचों के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बरामद मोबाइलों को महाकाल मंदिर, उज्जैन मध्य प्रदेश से चोरी करना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ फिरोजाबाद, मथुरा समेत विभिन्न जनपदों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अरुण कुमार सिंह ने  पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना एलाऊ प्रभारी अवनीश कुमार त्यागी स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के साथ अपराधियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान 11 अगस्त 2026 की रात करीब 9:55 बजे गदाईपुर चौराहा, कुसमरा-मैनपुरी रोड पर मुखबिर की सूचना के आधार पर अर्टिगा कार संख्या HR55-AN-2734 को रोककर उसमें सवार चार संदिग्धों को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 32 चोरी के मोबाइल फोन, दो तमंचे—एक 12 बोर और एक 315 बोर—तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद मोबाइलों में एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, रेडमी, मोटोरोला, वीवो, रियलमी, वनप्लस और इनफिनिक्स कंपनी के फोन शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज उर्फ छोटू पुत्र विनोद कुमार शर्मा निवासी टापा पेंठ, जलेसर रोड, थाना उत्तर फिरोजाबाद, उमेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी श्रीपाल कॉलोनी, रैपुरा रोड, थाना रामगढ़ फिरोजाबाद, विष्णु पुत्र भगवानदास निवासी ग्राम दिनावली, थाना अवागढ़ एटा तथा सतेन्द्र पुत्र गोविन्द सिंह निवासी ग्राम इटौरा, थाना मटसेना फिरोजाबाद के रूप में हुई है। श्री अरुण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें अनुज उर्फ छोटू के खिलाफ थाना उत्तर फिरोजाबाद, नारखी और रामगढ़ में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उमेश के खिलाफ थाना साउथ, उत्तर, रामगढ़ और शिकोहाबाद फिरोजाबाद में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं विष्णु के खिलाफ मथुरा और फिरोजाबाद जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, अवैध शराब और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इस कार्रवाई के संबंध में थाना एलाऊ पर मु0अ0सं0 282/2026, धारा 35(1)/106 बीएनएसएस, 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद मोबाइलों के संबंध में अन्य घटनाओं और संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना एलाऊ प्रभारी अवनीश त्यागी, एसओजी स्वाट प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह, प्रभारी सर्विलांस निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक दुर्योधन सिंह सहित स्वाट, सर्विलांस और थाना एलाऊ के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी के मोबाइलों की बरामदगी के साथ-साथ अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों पर भी शिकंजा कसा गया है।

August 11, 2026

घर के बाहर सो रहे अधेड़ की सिर में गोली मारकर हत्या

मैनपुरी। थाना कुरावली क्षेत्र के ग्राम जुन्हैसा में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर सड़क पर सो रहे एक अधेड़ की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय वीरपाल लोधी राजपूत पुत्र प्रेमचन्द्र निवासी ग्राम जुन्हैसा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कुरावली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक वीरपाल गांव में अपने घर के बाहर सड़क पर सो रहे थे, तभी उनके सिर में गोली मारी गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महाराजा तेज सिंह चिकित्सालय की मोर्चरी भेज दिया। वहीं फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक के पुत्र अश्वनी की तहरीर पर पुलिस ने पवन पुत्र रामचन्द्र शाक्य निवासी जुन्हैसा और उसके एक अन्य साथी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में जगह के विवाद को हत्या की वजह बताया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
कलेक्ट्रेट में कैंटीन का शुभारंभ, मात्र 10 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन
मैनपुरी। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैंटीन का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनंद तथा भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कैंटीन का उद्घाटन किया।
कैंटीन के शुरू होने से कलेक्ट्रेट आने वाले फरियादियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा आमजन को महज 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। कैंटीन की सुविधा सभी कार्य दिवसों में उपलब्ध रहेगी। प्रशासन की इस पहल से कलेक्ट्रेट आने वाले लोगों को कम कीमत पर स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन मिल सकेगा।
उद्घाटन के दौरान जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि कलेक्ट्रेट में आने वाले फरियादियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कैंटीन की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जनपद की प्रत्येक तहसील में भी इसी प्रकार की कैंटीन शुरू करने की योजना है, ताकि तहसील स्तर पर आने वाले लोगों को भी सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जा सके। उद्घाटन के अवसर पर कैंटीन की रसोई में तैयार की गई खीर भी लोगों को वितरित की गई। जिलाधिकारी ने स्वयं अपने हाथों से राहगीरों और उपस्थित लोगों को खीर बांटी। कैंटीन शुरू होने से कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले लोगों में खुशी का माहौल रहा।

August 8, 2026

डीएम और एसपी ने कांवड़ियों का किया स्वागत, सफल एवं सुरक्षित यात्रा की दी शुभकामनाएं

मैनपुरी। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी नेे पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के साथ फर्रूखाबाद बॉर्डर के समीप स्थित काली नदी पुलिस चौकी पहुंच गंगा नदी से पवित्र जल लेने कांवड़ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं, कांवड़ियों से आत्मीय संवाद कर उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें सफल, सुरक्षित एवं सुखद् यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूर्ण करें। अधिकारी द्वय ने काली नदी पुलिस चौकी पर कांवड़ियों से बातचीत करते हुए यात्रा के दौरान सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, श्रद्धालुओं से उनके गंतव्य, यात्रा मार्ग तथा प्रतिदिन तय की जा रही दूरी के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की, कस्बा बेवर क्षेत्र के ग्राम दहेड़ नि. कांवड़िया अवनीश एवं सुभाष से भी अधिकारियों ने संवाद किया, कांवड़ियों ने बताया कि वह जनपद फर्रूखाबाद स्थित गंगा घाट से पवित्र गंगाजल लेने हेतु यात्रा पर निकले हैं, उनका उद्देश्य गंगाजल लेकर गोला-गोकर्णनाथ पहुंचकर वहां भगवान शिव के दर्शन एवं पूजन करना है इसके उपरांत वह पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन करेंगे और फिर वापस अपने जनपद लौटेंगे, श्रृद्धालुओं, कांवड़ियों ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान वह प्रतिदिन लगभग 120 कि.मी. साइकिल चलाकर यात्रा पूरी करेंगे।
             उन्होंने श्रद्धालुओं की आस्था और संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा मार्ग पर कांवड़ियों को आवश्यक मूल-भूत सुविधाएं, सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सेवा, सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है। उन्होने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने, निर्धारित मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस कर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान तहसीलदार भोगांव घासीराम, प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह, सूचना विभाग से अब्दुल जहीन आदि उपस्थित रहे।

अनाधिकृत कब्जा हटवाने के बाद पुनः कब्जा किया तो होगी एफआईआर- जिलाधिकारी

मैनपुरी। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा के साथ थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में जन-शिकायतें सुनने के दौरान राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों को आदेशित करते हुए कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण उसी दिन थाने से पुलिस, राजस्व की संयुक्त टीम गठित का मौके पर भेज कर दोनों पक्षों की मौजूदगी में करना है। उन्होंने कहा कि भूमि संबंधी विवादों को चिन्हित कर थाना समाधान दिवस के अवसर पर दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारित किया जाए, जो प्रकरण किसी भी न्यायालय में विचाराधीन है, उन पर मौके पर यथा-स्थिति बनाए रखी जाए, कहीं भी भूमि विवाद के कारण कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक बार पैमाइश, कब्जा दिलाने के बाद कई प्रकरणों में पुनः कब्जा करने की शिकायतें प्राप्त हो रही है, ऐसे प्रकरणों में राजस्व, पुलिस विभाग के अधिकारी कब्जा दिलाने के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराकर कठोर कार्यवाही की जाए।
          श्री त्रिपाठी ने तहसीलदार भोगांव को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र के सभी थानों की भूमि राजस्व अभिलेखों में थाने के नाम दर्ज कराएं साथ ही अभियान के दौरान सभी सरकारी भवनों, कार्यालयांे को संबंधित विभाग के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी ग्राम सभा की भूमि कब्जामुक्त कराई जाए, उसे किसी न किसी विभाग के नाम आरक्षित किया जाए, जिस विभाग के नाम आरक्षित किया जाए है वह तत्काल कब्जा प्राप्त कर अपने पजेशन में ले। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण करने के दौरान तहसीलदार, लेखपाल को आदेशित करते हुए कहा कि थाने की भूमि का चिन्हांकन कराकर संपूर्ण भूमि पर थाने को कब्जा दिलाए, अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत बेवर थाने के पीछे वाले गेट के समीप 15वें वित्त से इंटरलॉकिंग का कार्य कराना सुनिश्चित करें। थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना बेवर में जिलाधिकारी के सम्मुख लालपुर नि. सर्वेश कुमार ने गाटा संख्या-1550 की पैमाइश कराये जाने, जलालपुर नि. आदेश कुमार ने गाटा संख्या-609 पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाने, मु. महाजनान बेवर नि. ब्रह्मानंद गुप्ता ने पैमाइश के उपरांत दबंगों द्वारा मुड्डी तोड़ने, सराय मद्दू नि. बबली देवी ने गाटा संख्या-266 पर किए गए जबरन कब्जे को हटवाने, नवीगंज नि. कृष्णा देवी ने गाटा संख्या-264 पर किए गए अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, नगला केहरी नि. रोशन सिंह ने पैतृक भूमि पर दबंगों द्वारा किए गए कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायतें प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिस पर उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों पर संबंधित लेखपाल के नेतृत्व में पुलिस, राजस्व की टीम गठित कर मौके से भेजकर आज ही दोनों पक्षों की मौजूदगी में शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार भोगांव घासीराम, प्रभारी निरीक्षक बेवर अनिल कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल एवं सूचना विभाग से अब्दुल जहीन आदि उपस्थित रहे।

पंजाब के फिरोजपुर से भोगांव नवोदय विद्यालय पहुंचे 20 छात्र-छात्राएं, राष्ट्रीय एकता को मिलेगा बढ़ावा

 मैनपुरी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत क्षेत्रीय भाषा एंव अन्य जानकारी के लिये पंजाब के फिरोजपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय के 20 छात्रो ने भोगांव नगर के जवाहर नवोदय विधालय मे दस्तक दी है। कक्षा नौ के ये छात्र एक साल तक विधालय मे रूककर क्षेत्रीय एंव त्रिभाषा का ज्ञान लेगे।
जवाहर नवोदय विधालय के प्राचार्य राजेश यादव ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की दिशा में विधालय के 19 बच्चो को पंजाब के फिरोजपुर जवाहर नवोदय मे भेजा गया है ये छात्र बहां पंजाबी भाषा का ज्ञान लेगें तो बही पंजाब के फिरोजपुर जवाहर नवोदय विधालय के 14 छात्रो एंव 6 छात्राओ को नगर के जवाहर नवोदय विधालय भेजा गया है। विद्यालय पहुचने पर प्राचार्य एंव अन्य शिक्षको ने नवागंतुक छात्र-छात्राओं का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। नए परिवेश और नई संस्कृति के बीच पहुंचे पंजाब के ये छात्र एक साल तक विधालय मे रहकर शिक्षण कार्य करेगे। उन्होने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति की राष्ट्रीय शिक्षा पद्धति के तहत प्रतिवर्ष कक्षा 9 के छात्रों का एक राज्य से दूसरे राज्य के विद्यालयों में आदान-प्रदान किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य गैर-हिंदी भाषी और हिंदी भाषी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच भाषाई, सांस्कृतिक और सामाजिक तालमेल स्थापित करना है, जिससे देश की विविधता में एकता की नींव मजबूत हो सके।
छुपा-छुपाई खेल रहे किशोर की कथित पिटाई के बाद मौत, तीन नामजद के खिलाफ तहरीर
मैनपुरी। थाना घिरोर क्षेत्र के ग्राम कोसमा मुसलमीन निवासी एक किशोर की कथित मारपीट के बाद मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मृतक के परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, ग्राम को कोसमा मुसलमीन निवासी अनीश उर्फ अवरार (किशोर) 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे अपने मामा के पुत्र अप्पू के साथ बरसात के दौरान छुपा-छुपाई खेल रहा था। खेलते-खेलते दोनों किशोर पास के ग्राम कोशमा हिंनूद पहुंच गए। आरोप है कि वहां मौजूद अंकुश, राजू और ओमा ने उन्हें पकड़ लिया तथा गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दोनों किशोरों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि मारपीट में अनीश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने की बात कही जा रही है। परिजनों का आरोप है कि चोटों के कारण अनीश की शुक्रवार सुबह दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर थाना घिरोर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक के भाई ने थाना घिरोर में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Older Posts »