Web News

www.upwebnews.com

पट्टीदारों के विवाद में महिला की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद

April 17, 2026

पट्टीदारों के विवाद में महिला की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल बरामद


देवरिया। जनपद के थाना महुआडीह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर बनहर में आपसी रंजिश और विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की जान चली गई। घटना 15 अप्रैल 2026 की रात्रि की है, जब दो सगे पट्टीदारों के बीच किसी बात को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान रविता देवी (पत्नी उमेश विश्वकर्मा) के सिर पर गंभीर चोट लग गई। परिजनों द्वारा उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। मृतका के बेटे की तहरीर पर थाना महुआडीह में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई
जनपद के पुलिस अधीक्षक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
इसी क्रम में 17 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर खड़ाईच मोड़ के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पूछताछ के आधार पर एक आरोपी की निशानदेही पर लीलापुल सीएचसी के पास स्थित एक बगीचे से घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (कुदाल) बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद कुदाल को कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

April 5, 2026

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को टैंकर ने कुचला

देवरिया, सुबह टहलने निकली महिला को टैंकर ने कुचला,
टैंकर कुचल से महिला की हुई दर्दनाक मौत,
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई है कैद,
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर कस्बे का मामला,
टैंकर चालक मौके से हुआ फरार,पुलिस जांच पड़ताल में जुटी,

April 3, 2026

अकाउंट गिरोह का पर्दाफाश, डमी कंपनी बनाकर 60 करोड़ का संदिग्ध लेन-देन, एक गिरफ्तार

फर्जी कंपनी के नाम पर करोड़ों का खेल, साइबर टीम की बड़ी कार्रवाई

देवरिया, 3 अप्रैल। जनपद में साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम पुलिस टीम ने म्यूल अकाउंट के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। देवरिया पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनंद कुमार पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम टीम ने 2 अप्रैल 2026 को थाना बरहज क्षेत्र के बेलडाड़ मोड़ के पास से माखन लाल गुप्ता को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि अभियुक्त द्वारा “लेक्सी रूफ सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड” नाम से डमी कंपनी बनाकर विभिन्न लोगों के कुल 9 बैंक खातों का संचालन किया जा रहा था। इन खातों के माध्यम से देश के अलग-अलग राज्यों से ऑनलाइन ठगी के धन का ट्रांजैक्शन किया जाता था। एनसीआरपी पोर्टल पर इन खातों के खिलाफ 46 शिकायतें दर्ज हैं। अब तक करीब 60 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से 11 चेकबुक, 9 एटीएम कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड, कई कंपनियों के एपीआई एग्रीमेंट, जीएसटी रजिस्ट्रेशन, बोर्ड रिजोल्यूशन, शेयर होल्डिंग पैटर्न समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा एक एप्पल मोबाइल फोन और दो डेल लैपटॉप भी जब्त किए गए हैं।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम देवरिया पर विभिन्न धाराओं सहित आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल अधिकारी: प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, उपनिरीक्षक विनायक सिंह, उपनिरीक्षक शिवांग तोमर, हेड कांस्टेबल शशि शंकर राय समेत साइबर क्राइम टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

मकान की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत, तीन गंभीर घायल

देवरिया कार्यालय

घटना की गंभीरता को देख नायब तसीलदार स्वयं ईट हटाने में जुटे
देवरिया, 3 अप्रैल। शहर के सदर तहसील रोड स्थित नगर पालिका कार्यालय के समीप शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एक पुराने मकान की जर्जर दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका कार्यालय से सटे एक पुराने मकान में पिछले कुछ समय से मरम्मत कार्य चल रहा था। शुक्रवार को भी सुबह से आधा दर्जन से अधिक मजदूर काम में जुटे थे। करीब 11 बजे अचानक मकान की एक कमजोर दीवार गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे में दब गए।
हादसे में योगेंद्र (55) पुत्र जंगली निवासी बढ़या तिवारी थाना गौरीबाजार तथा गोविंद (25) पुत्र रामजी निवासी जेठौसी थाना बरियारपुर मलबे में दब गए, जिनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं रामदयाल मणि (50) पुत्र गोविंद मणि निवासी सेमरहीं बसडीला, हरिहर (51) पुत्र राजबली निवासी टड़वा खुखुन्दू और शारदा (45) निवासी अहिलवार थाना बरियारपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाना शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार शिवेंद्र कुमार कौटिल्य, नगर पालिका के ईओ संजय तिवारी, कानूनगो अश्वनी श्रीवास्तव और लेखपाल मानवेंद्र प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्वयं राहत कार्य में हिस्सा लेते हुए मलबा हटाने का कार्य कराया। अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका के चलते काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन राहत की बात रही कि और कोई मजदूर मलबे में नहीं मिला।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जर्जर भवनों की समय पर जांच और मरम्मत को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

April 2, 2026

देवरिया में युवती की निर्मम हत्या, घोठे में छिपाया शव, खुद किया सरेंडर

देवरिया,2 अप्रैल। मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बराव में बीते बुधवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव के ही एक युवक ने अपनी परिचित युवती की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को अपने घर के घोठे (मवेशी बाड़े) में छिपा दिया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी खुद मदनपुर थाने पहुंचकर अपने गुनाह का इकबाल कर बैठा।और पुलिस ने इसके बताए गए स्थान पर पहुंचकर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।और युवक को कब्जे में लेकर आवश्यक करवाही कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मदनपुर थाना क्षेत्र के बराव गांव निवासी शिवानंद की पुत्री काजल बुधवार शाम घर से खेत की ओर गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजनों को जब चिंता हुई तो उन्होंने गांव और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच घटना ने उस समय नाटकीय मोड़ ले लिया जब गांव का ही एक युवक सीधे मदनपुर थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया।
आरोपी युवक ने पुलिस से कहा कि उसने काजल की हत्या कर दी है और उसका शव अपने घर के घोठे में छिपा रखा है। यह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। तत्काल थाना प्रभारी नंदा प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, जहां घोठे से युवती का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
लोगो के अनुसार, हाल ही में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से काजल की निर्मम हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Older Posts »