Web News

www.upwebnews.com

मथुरा में तिरंगे के रंग में रंगेगा शहर, डीएम ने हर घर तिरंगा अभियान को जनांदोलन बनाने का किया आह्वान

August 11, 2026

मथुरा में तिरंगे के रंग में रंगेगा शहर, डीएम ने हर घर तिरंगा अभियान को जनांदोलन बनाने का किया आह्वान

प्रमुख चौराहे और मार्ग होंगे रोशन, स्कूल-कॉलेजों से निकलेंगी तिरंगा यात्राएं; प्रतिष्ठानों पर भी लहराएगा राष्ट्रध्वज
मथुरा। स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के उत्सव के रूप में मनाने के लिए मथुरा में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने जनपदवासियों से अभियान को जन-जन का अभियान बनाने और पूरे सम्मान के साथ घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद के प्रमुख मार्गों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों को तिरंगा लाइटिंग, कपड़े की सजावट और राष्ट्रीय ध्वज से सजाया जा रहा है। स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों द्वारा तिरंगा यात्राएं निकालकर लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
डीएम ने कहा कि तिरंगा महज एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी-गैर सरकारी संस्थानों, विद्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, ग्राम पंचायतों और नगरीय क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
13 अगस्त से तिरंगे की रोशनी में सजेंगे बाजार और प्रतिष्ठान
डीएम के निर्देश पर 13 अगस्त से दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों, आश्रमों, धर्मशालाओं, पेट्रोल पंपों, गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों को तिरंगे, कपड़े की सजावट और तिरंगा लाइटिंग से सजाने की तैयारी है। अस्पतालों, अमृत सरोवरों और शहीद स्मारकों को भी आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताएं, यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली, शहीद स्थलों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई व रंग-रोगन, वीरों को नमन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान तथा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
तिरंगा मेले से लेकर वंदे मातरम् गायन तक होंगे कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों, ‘एक जनपद एक उत्पाद’ और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए तिरंगा मेले के आयोजन के निर्देश दिए हैं। स्कूल-कॉलेजों में देशभक्ति गीतों और राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों, वृद्धाश्रमों, निराश्रित आश्रमों, दिव्यांग आश्रमों और बाल सुधार गृहों में भी 15 अगस्त को कार्यक्रम आयोजित कर मिष्ठान वितरित किया जाएगा।
हर घर तिरंगा अभियान 2026 को भौतिक और डिजिटल दोनों रूपों में मनाया जा रहा है। नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर और वंदे मातरम् गायन में सहभागिता कर अभियान को डिजिटल रूप से भी आगे बढ़ा रहे हैं। डीएम ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे को पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराकर देशभक्ति के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

पुलिस पर गोली चलाने वाले को साढ़े आठ साल की सजा

ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मथुरा पुलिस की पैरवी का असर, दोषी पर पांच हजार रुपये जुर्माना

मथुरा/छाता। पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने वाले अभियुक्त को अदालत ने 8 वर्ष 6 माह के कारावास और पांच हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत मथुरा पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते 15 साल पुराने मामले में अभियुक्त को दोषसिद्धि हुई।

थाना छाता में वर्ष 2011 में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 159/2011, धारा 307 भादवि के मामले में मंगलवार को एडीजे-11 मथुरा की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर शेरखां पुत्र इस्लाम निवासी बिशम्भरा, थाना शेरगढ़, मथुरा को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया था। मामले में पुलिस ने गुणवत्तापूर्ण विवेचना करते हुए साक्ष्य जुटाए और अभियोजन पक्ष के साथ समन्वय कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत पुराने मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए लगातार पैरवी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने के साथ उन्हें न्यायालय से सजा दिलाना भी पुलिस की प्राथमिकता है।

सावन शिवरात्रि पर मथुरा में सुरक्षा का कड़ा पहरा, डीएम-एसएसपी ने मंदिरों का लिया जायजा

मथुरा। सावन शिवरात्रि पर मथुरा-वृंदावन में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में है। मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर और वृंदावन के श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्गों तक श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास, दर्शन व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, सफाई, प्रकाश, यातायात और पार्किंग की व्यवस्थाएं परखी। डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ लगातार निगरानी रखने को कहा गया।

ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर खोया-पाया केंद्र तक की व्यवस्था

सावन शिवरात्रि पर भीड़ को देखते हुए मंदिर मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे और महिला पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय रखते हुए अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने कहा कि सावन शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन पहुंचते हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण में दर्शन कराए जाएं। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।

शिव मंदिरों के निरीक्षण के बाद डीएम और एसएसपी ने वृंदावन के प्राचीन श्री राधा गोपाल मंदिर तथा ब्रह्मकुंड स्थित ठाकुर श्री श्री राधा कृष्ण चन्द्रमाजू महाराज मंदिर का भी निरीक्षण किया।

फसल बीमा की अंतिम तिथि 31 अगस्त, गैर ऋणी किसान 14 अगस्त तक कराएं बीमा

मथुरा। खरीफ सीजन में फसल बीमा कराने वाले किसानों के लिए कृषि विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। उप कृषि निदेशक आवेश कुमार सिंह ने बताया कि अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। फसल बीमा का पोर्टल खुला हुआ है।

जनपद मथुरा में वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत एचडीएफसी एरगो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को कार्यान्वयन एजेंसी नामित किया गया है। खरीफ सीजन में जिले के लिए धान, बाजरा और अरहर फसलों को अधिसूचित किया गया है।

धान की बीमित राशि 64,200 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा किसान प्रीमियम 2 प्रतिशत यानी 1,284 रुपये है। बाजरा की बीमित राशि 51,100 रुपये प्रति हेक्टेयर और प्रीमियम 1,022 रुपये तथा अरहर की बीमित राशि 85,600 रुपये प्रति हेक्टेयर और प्रीमियम 1,712 रुपये निर्धारित है।

गैर ऋणी किसानों के लिए 14 अगस्त अंतिम तिथि

विभाग के अनुसार ऋणी किसानों (केसीसी धारकों) के लिए बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है, जबकि गैर ऋणी किसानों के लिए 14 अगस्त 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। गैर ऋणी किसान जन सेवा केंद्र के माध्यम से निर्धारित तिथि तक फसल का बीमा करा सकते हैं।

जो ऋणी किसान अधिसूचित फसलों का बीमा नहीं कराना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि से कम से कम सात दिन पहले संबंधित बैंक शाखा में लिखित प्रार्थना पत्र देना होगा। ऐसा नहीं करने पर बैंक खाते से निर्धारित प्रीमियम की धनराशि काट ली जाएगी।

फसल नुकसान पर 72 घंटे में सूचना जरूरी

कृषकों को स्थानीय आपदा या फसल क्षति होने पर घटना के 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447, संबंधित बैंक अथवा कृषि विभाग को सूचना देनी होगी। कृषि विभाग ने किसानों से निर्धारित समय सीमा के भीतर फसल बीमा कराने की अपील की है, ताकि फसल नुकसान की स्थिति में बीमा योजना का लाभ मिल सके।

दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाला 13 मुकदमों का आरोपी गिरफ्तार

मथुरा। थाना कोतवाली पुलिस ने दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के ENI कंपनी के आठ इंजन ऑयल के डिब्बे, एक गाड़ी का सेल्फ और 800 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की सुबह दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 566/2026 धारा 305/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में 9 अगस्त की रात 11:50 बजे थाना कोतवाली पुलिस ने अलवर-बाजना रेलवे पुल के पास हाईवे किनारे से दिनेश पुत्र बीधा, निवासी नौगांव, थाना छाता, मथुरा, उम्र करीब 32 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

हत्या, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली, छाता, हाईवे और फरह में चोरी, हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना छाता में दर्ज हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित मुकदमा तथा वर्ष 2019 में थाना हाईवे में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा, उपनिरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक मुश्ताक मेहदी, हेड कांस्टेबल लोकमन और कांस्टेबल धीरज सिंह शामिल रहे।

Older Posts »