Web News

www.upwebnews.com

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर व्यवस्था के लिए सचिव नियुक्त करेगा

July 22, 2026

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर व्यवस्था के लिए सचिव नियुक्त करेगा

Posted on 22.07.2026 Time 09.15 PM, Wednesday, Shr Ram Janmbhumi Teerth Kshetra Trust Meeting, Ayodhya
राम मंदिर ट्रस्ट की आज हुई बैठक के प्रमुख फैसले

अयोध्या, 22 जुलाई 2026, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में आज मंदिर व्यवस्था के लिए सचिव की नियुक्ति का निर्णय लिया गया। इसके अलावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी की नियुक्ति के लिए समय बढ़ाया गया है। आज की बैठक में एसआईटी की करवाई पर कोई चर्चा नहीं हुई। क्योंकि अभी अंतरिम रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इसके साथ ट्रस्ट एक प्रवक्ता की नियुक्ति करेगा।

SIT रिपोर्ट पर चर्चा नहीं – ट्रस्ट ने कहा कि जांच की अंतिम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण विस्तृत चर्चा नहीं की गई।

CCTV व्यवस्था की समीक्षा – गणना कक्ष सहित सभी कैमरों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। सुरक्षा अधिकारियों को सभी कैमरों की पहुंच उपलब्ध होने की बात कही गई।

सोना-चांदी की जांच जारी रहेगी – चढ़ावे में आए स्वर्ण और रजत की मात्रा एवं शुद्धता की जांच भारतीय रिजर्व बैंक के सहयोगी संस्थान टकसाल (मिंट) से कराई जाती रहेगी।

SBI पर नाराजगी – चढ़ावा गणना व्यवस्था को लेकर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की भूमिका और प्रतिक्रिया पर ट्रस्ट ने निराशा जताई। वित्त समिति को एमओयू और प्रक्रियाओं की समीक्षा के निर्देश दिए गए।

CEO की नियुक्ति टली – अधिक आवेदन आने के कारण चयन समिति को एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया।

सचिव की नियुक्ति होगी – श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक सचिव नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।

प्रवक्ता नियुक्त होगा – मीडिया और समाज से नियमित संवाद के लिए ट्रस्ट आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त करेगा।

धार्मिक समिति का पुनर्गठन – अध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि बनाए गए। सदस्य के रूप में जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ, स्वामी दिनेंद्रदास, स्वामी कमलनयनदास, महंत राजकुमार दास, स्वामी रामानंद दास और महंत मिथिलेशनंदिनी शरण को शामिल किया गया।

रिक्त पदों पर नियुक्ति – ट्रस्ट के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है, जिसे पूरा होने में कुछ और सप्ताह लगेंगे।

आरोपों का खंडन – ट्रस्ट ने सभी आरोपों को निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि रामभक्तों की आस्था और मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा है।

July 18, 2026

मंदिर विरोधियों को संत सम्मेलन से जवाब देगी विहिप

Ram Mandir Ayodhya

राम मंदिर अयोध्या

Posted on 18.07.2026 Time 07.46 PM Saturday, Ayodhya News, Shri Ram Mandir, Vishva Hindu Parishad VHP

त्रियुग नारायण तिवारी अयोध्या

अयोध्या 18 जुलाई 2026, राम विरोधियों की पोल खोलने के लिए विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कमर कस ली है इसके लिए आगामी 23 जुलाई को मणिरामदास की छावनी के चार धाम मंदिर में एक विशाल संत सम्मेलन का आयोजन किया गया है इस आयोजन की सफलता के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अयोध्या के साधु संतों के हर मठ पर पहुंच रहे हैं और राम विरोधियों द्वारा राम मंदिर ट्रस्ट , हिंदू और सनातनियों के खिलाफ किया जा रहे दुष्प्रचार के बाबत विस्तृत जानकारी दे रहे हैं तथा उन्हें संत सम्मेलन में आने का न्योता भी दे रहे हैं ।यह संत सम्मेलन उसी तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है जैसा की राम मंदिर आंदोलन के समय संतो को चार धाम मंदिर में आमंत्रित करके संतों का मार्गदर्शन प्राप्त किया जा रहा था। सूत्र बताते हैं कि इस सम्मेलन में संतों द्वारा कई बड़े-बड़े निर्णय भी किए जाने वाले हैं तथा यह संत सम्मेलन भविष्य में पूरे प्रदेश में जगह-जगह पर बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। राम मंदिर के खिलाफ की जा रही साजिश और सनातन , हिंदू धर्म तथा राम मंदिर को बदनाम करने वालो की पोल भी खोली जाएगी ।सूत्रों ने यह भी बताया कि दिल्ली में हो रही विश्व हिंदू परिषद की बैठक काफी अहम बैठक मानी जा रही है जिसमें अनेक निर्णय भी किया जा सकते हैं। सूत्रों का दावा है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन को स्थाई महासचिव बनाया जा सकता है इसी के साथ ही ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी को काम आवंटित किए जाएंगे तथा यह पद का आवंटन रोटेशन में किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि विश्व हिंदू परिषद ,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दोनों अयोध्या में हुई साजिश को लेकर बड़े पैमाने पर रणनीति तैयार कर रहे है सूत्रों का दावा है कि अयोध्या के सुप्रसिद्ध विद्वान संत महंत मिथिलेश नंदनी शरण तथा अयोध्या राजघराने के सुप्रसिद्ध साहित्यकार यतीद्र मोहन मित्र को ट्रस्ट में स्थान मिलने की संभावना व्यक्त की जा रही है ।मालूम हो कि अयोध्या में कैंसर हॉस्पिटल के लिए राजा अयोध्या द्वारा अपनी जमीन से 6 एकड़ भूमि कैंसर हॉस्पिटल के लिए दान देने की घोषणा कर रखी है ।अयोध्या में अन्य कई अवसरों पर राज परिवार द्वारा मंदिर आंदोलन में सहयोग प्रदान किया जा चुका है। सूत्र ने यह यह भी बताया है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और राम मंदिर को जोड़कर अयोध्या को बदनाम करने की साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा ।इसमें कई न्यूज़ चैनल और समाचार पत्रों का भी उल्लेख किया जाएगा। अयोध्या के साधु संत अयोध्या की बदनामी को लेकर काफी चिंतित हैं और वह राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर एक बड़ा आंदोलन राम विरोधियों की पोल खोलो अभियान के रूप में चलाने की रणनीति तैयार कर चुके हैं।

July 7, 2026

रामभक्तों के नाम चंपत जी का पत्र

Champatrai General Secretary Shri Ram Janmbhumi Teerth Kshetra Trust

Posted on 07.07.2026, Time 07.47 PM , Ayodhya, Champatrai, VHP, RSS, Shri Ram Janmbhumi Teerth Kshetra Trust

अयोध्या, 07 जुलाई 2026, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निवर्तमान महासचिव चंपतराय ने राम भक्तों के नाम मार्मिक अपील जारी की है। उन्होंने हस्तलिखित वक्तव्य में कहा है कि वे एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद विंदुवार सभी विषयों के उत्तर देंगे। उनपर अनर्गल आरोप लगाए गए हैं। उनका प्रचारक जीवन खुली किताब रहा है।

चिट्ठी में चंपतराय जी ने लिखा है:

पिछले 6 जून 2026 से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के दानपात्र की गणना के समय की गयी चोरी के सम्बन्ध में अनेक प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं, व्यक्तिगत तौर पर मेरे ऊपर अनेकों ने अनुचित आरोप लगाए हैं। मैंने मौन धारण कर लिया है। मंदिर ट्रस्ट की धांधली को समझने हेतु SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी। यह रिपोर्ट अब सार्वजनिक हो चुकी है।

यद्यपि यह परम गोपनीय थी, अब सभी को आश्वस्त करना है कि SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद फैलाये जा रहे सभी बिन्दुओं पर अपना उत्तर क्रमानुसार दूंगा, सभी सत्य सामने आ जायेगा।

मैं वर्ष अक्टूबर 1991 से अयोध्या में भेजा गया संगठन द्वारा, मेरा प्रचारक जीवन 45 वर्ष से, जहाँ-जहाँ मैं रहा खुली पुस्तक के समान है। सभी को आदर पूर्वक नमन।

— चंपत राय

July 6, 2026

श्रीराम मंदिर: ट्रस्ट ने जारी किया आय व्यय का ब्यौरा

Ayodhya News Posted on 06.07.2026 Time 08.58 PM

अयोध्या, 06 जूलाई 2026, राम मंदिर परिसर में चढ़ावा गिनती के दौरान सामने आई अनियमितताओं के मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को कई बड़े फैसले लिए। महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई ट्रस्ट की बैठक के बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के नैतिक आधार पर दिए गए इस्तीफे स्वीकार करने की पुष्टि की। साथ ही नए महासचिव की नियुक्ति तक ट्रस्टी एवं सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव नियुक्त किया गया है।

*8 लोगों के खिलाफ कार्रवाई, दोषियों को मिले कड़ी सजा*

ट्रस्ट ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। जिनके खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले, उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया और गिरफ्तारियां भी की गई हैं। ट्रस्ट ने स्पष्ट कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए।

*प्रबंधन की कमियां दूर करने पर रहेगा जोर*

ट्रस्ट ने माना कि केवल दोषियों को सजा दिलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मंदिर की व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित, मजबूत और पारदर्शी बनाना भी जरूरी है। इसलिए एसआईटी से प्रबंधन और संचालन में सुधार संबंधी सुझाव भी मांगे गए हैं। इसके अलावा स्वतंत्र विशेषज्ञों से भी सलाह ली जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

*नए CEO के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति*

बैठक में ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया। इसमें सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े शामिल होंगे। यह समिति ट्रस्ट को योग्य उम्मीदवारों के नाम सुझाएगी।

*सार्वजनिक आरोप नहीं, जांच एजेंसियों को दें सबूत*

ट्रस्ट ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति, संस्था या पत्रकार के पास मंदिर से जुड़े किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अनियमितता के ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक मंचों पर आरोप लगाने के बजाय एसआईटी या संबंधित जांच एजेंसी को सौंपा जाए। ट्रस्ट का कहना है कि जांच एजेंसियां साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करेंगी।

*भ्रामक आरोपों से आस्था प्रभावित नहीं हुई: ट्रस्ट*

प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने कहा कि कुछ लोग इस घटना का उपयोग श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हिंदू समाज की छवि को धूमिल करने के लिए कर रहे हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। मंदिर में दर्शनार्थियों की संख्या पहले की तरह लगातार बनी हुई है, जो करोड़ों रामभक्तों के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

*दान और खर्च का भी दिया पूरा हिसाब*

ट्रस्ट ने अपनी वित्तीय स्थिति का भी विवरण सार्वजनिक किया। बताया गया कि निधि समर्पण अभियान और कॉर्पस दान से प्राप्त 3,246 करोड़ रुपये में से 2,380 करोड़ रुपये मंदिर निर्माण और अन्य पूंजीगत कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं।

वहीं 31 मार्च 2026 तक राम मंदिर को कुल 482 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ, जिसमें से 321 करोड़ रुपये संचालन और व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए हैं, जबकि शेष राशि बैंक खातों में सुरक्षित है।

*दान की हर वस्तु का रिकॉर्ड सुरक्षित*

ट्रस्ट ने बताया कि नकद के अलावा श्रद्धालुओं द्वारा दी गई सभी वस्तुओं का रजिस्टर में पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है और हर वर्ष स्वतंत्र चार्टर्ड अकाउंटेंट से उनका सत्यापन कराया जाता है। चांदी की वस्तुओं को भारत सरकार की टकसाल में गलवाकर चांदी की छड़ों में परिवर्तित किया गया है, जिसके प्रमाण और रिकॉर्ड भी ट्रस्ट के पास सुरक्षित हैं। श्रद्धालु चाहें तो अपनी भेंट का सत्यापन भी ट्रस्ट से कर सकते हैं।

इस प्रकार ट्रस्ट ने एक ओर चढ़ावा अनियमितता मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की घोषणा भी की है।

Shri Ram Mandir व्यवस्थाओं के लिए तैनात होगा सीईओ

Posted on 06.07.2026 Time 08.49 PM Monday, Ayodhya News, UP News, Shri Ram Janmbhumi Mandir

अयोध्या Ayodhya 06 जूलाई 2026, श्री राम जन्मभूमि मंदिर की व्यवस्थाओं को देखने के लिए अब मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी ई ओ) की नियुक्ति होगी। यह फैसला आज ट्रस्ट की बैठक में लिया गया। सीईओ के लिए उपयुक्त नाम सुझाने हेतु एक तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है। यह जानकारी आज बैठक के बाद ट्रस्ट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

समिति में जस्टिस (सेवानिवृत) प्रदीप कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावड़े समिति के सदस्य होंगे !!

विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल नगरकोटे की सदस्यता समाप्त की गई है !

Older Posts »