Web News

www.upwebnews.com

एटा में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, 5 दिन पहले सर्राफा व्यापारी से की थी लूट

October 27, 2026

एटा में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, 5 दिन पहले सर्राफा व्यापारी से की थी लूट

एटा 27 अक्टूबर उप्रससे। जनपद में मंगलवार की देर शाम पुलिस ने मुठभेड़ में एक लाख के इनामी बदमाश वीरेंद्र को मार गिराया। फायरिंग के दौरान वीरेंद्र के सीने में गोली लगी। इस दौरान उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से पिस्टल, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। मुठभेड़ मंगलवार शाम 6 बजे कोतवाली पिलुआ क्षेत्र में हुई।

पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र ने एटा के अलीगंज में सर्राफा व्यापारी संजय यादव से लूट की थी। संजय की मेवाती मोहल्ले में मां सरस्वती ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 22 अक्टूबर को बदमाशों ने इसी दुकान से 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और एक लाख रुपए लूट लिए थे। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 6 टीमें लगाई थीं। एडीजी आगरा जोन एसके भगत ने 25 अक्टूबर को वीरेंद्र पर एक लाख रुपए का इनाम रखा था। वीरेंद्र मूल रूप से मैनपुरी जिले के हरचंदपुर का रहने वाला था। उसके खिलाफ कई जिलों में 52 मुकदमे दर्ज थे। उसके भाई पर भी 25 मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वीरेंद्र की पत्नी भी लूट के एक मामले में जेल जा चुकी है। उस पर मैनपुरी में एक महिला की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था।
21 अक्टूबर को वीरेंद्र ने उन्नाव में एक बाइक चोरी की थी। अगले दिन अलीगंज में सर्राफा व्यापारी से लूट करने में इसी बाइक का इस्तेमाल किया था।

वर्जन
एसएसपी डॉ. इलामारन ने बताया कि वीरेंद्र पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। उसे पुलिस तलाश कर रही थी। मंगलवार शाम वह बाइक पर अपने साथी के साथ जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम के रोकने पर वीरेंद्र गोलियां चलाने लगा। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसमें एक गोली वीरेंद्र के सीने में लगी और वह गिर पड़ा। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। घायल वीरेंद्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में घायल सिपाही सत्यपाल को भी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज चल रहा है।
सर्राफा व्यापारी से लूट करने वाले बदमाशों की पहचान और तलाश करने के लिए पुलिस ने करीब एक हजार सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। इसके बाद सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश कर रही थी।

सत्य भक्ति करने वाला साधक सतलोक प्राप्त कर सकता है : संत रामपाल

भोगीपुरवा में हुआ मासिक सत्संग, जिले की सभी तहसीलों से पहुंचे अनुयायी, कई लोगों ने ली नामदीक्षा
उ प्र समाचार सेा
लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी के भोगीपुरवा में जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज का विशाल मासिक सत्संग हुआ। इसमें जनपद की सभी तहसीलों से अनुयायियों ने भाग लिया। सत्संग में गीता, वेद, कुरान, बाइबल, पुराण और रामचरितमानस सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथों के प्रमाणों के आधार पर भक्ति का महत्व बताया गया।
सत्संग में वक्ताओं ने अथर्ववेद के कांड 4, अनुवाक 1, मंत्र 6 और ऋग्वेद के मंडल 10, सूक्त 90, मंत्र 16 का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्ण परमेश्वर की सत्य साधना करने वाला साधक सतलोक प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कबीर साहेब को अविनाशी परमेश्वर बताते हुए उनकी भक्ति को मोक्ष प्राप्ति का मार्ग बताया। वक्ताओं के अनुसार, सतलोक वह स्थान है, जहां से जीवात्मा के बिछुड़ने की मान्यता बताई जाती है।
सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया
जिला कोऑर्डिनेटर रवि कुमार ने बताया कि जनपद लखीमपुर खीरी की सभी तहसीलों के गांवों में संत रामपाल जी महाराज के अनुयायी हैं। उनके अनुसार, अनुयायी संत जी द्वारा बताई गई भक्ति पद्धति अपनाने के साथ दहेज लेन-देन, नशा, घूसखोरी और जातिगत भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों से दूर रहकर समाज में बेहतर वातावरण बनाया जा सकता है।
कई लोगों ने ग्रहण की नामदीक्षा
सत्संग के दौरान कई लोगों ने संत रामपाल जी महाराज के नियमों का पालन करने का संकल्प लेते हुए नामदीक्षा ग्रहण की। आयोजकों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और लोगों को आध्यात्मिक मार्ग से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान संत रामपाल जी महाराज द्वारा लिखित पुस्तक ‘जीने की राह’ का भी उल्लेख किया गया। आयोजकों ने इच्छुक लोगों से पुस्तक प्राप्त कर उसके विचारों को जानने की अपील की।

महावन में तेल टैंकर पलटने के बाद पेट्रोल भरने की मची होड़

पुलिस की मौजूदगी में बाल्टियों में पेट्रोल भरते रहे लोग, किसान नेता ने वीडियो वायरल कर उठाए सवाल

मनोहरपुर गांव के निकट बरेली हाईवे पर हादसा, चालक ने टैंकर से कूदकर बचाई जान

मथुरा। महावन थाना क्षेत्र में मनोहरपुर गांव के निकट बरेली हाईवे पर मंगलवार दोपहर तेल टैंकर पलटने के बाद सड़क पर फैले पेट्रोल को भरकर ले जाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि मौके पर पुलिस की मौजूदगी में बच्चे, महिलाएं और युवक बाल्टियों में पेट्रोल भरकर ले जाते रहे। इस घटनाक्रम का वीडियो किसान नेता भूरा पहलवान ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे तेल टैंकर मथुरा स्थित आईओसीएल रिफाइनरी से मुजफ्फरनगर जा रहा था। मनोहरपुर गांव के निकट आगे चल रहे वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान इगलास निवासी चालक राधेश्याम ने सूझबूझ दिखाते हुए टैंकर से छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई और उसे कोई चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और नेशनल हाईवे के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान सड़क पर फैले पेट्रोल को भरकर ले जाने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। वायरल वीडियो में लोग बाल्टियों में पेट्रोल भरते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में भी लोग पेट्रोल भरकर ले जाते रहे। इस घटनाक्रम ने पुलिस की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ज्वलनशील पदार्थ के बीच जान जोखिम में डालते रहे लोग

पेट्रोल अत्यंत ज्वलनशील पदार्थ है। ऐसे में टैंकर पलटने के बाद उसके आसपास भीड़ जुटना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। लोगों के पेट्रोल भरकर ले जाने के दौरान आग लगने की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में घटनास्थल पर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने और भीड़ को नियंत्रित करने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय का पक्ष भी महत्वपूर्ण है।

पुलिस और संबंधित विभागों की टीम ने टैंकर को सड़क किनारे हटवा दिया। फिलहाल यातायात सुचारू होने की जानकारी दी गई है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद वायरल वीडियो के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की भूमिका को लेकर उठे सवालों पर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

पायल सिनेमा का मालिकाना हक दिए जाने की मांग की

हरिद्वार, 27 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश चलचित्र निगम द्वारा संचालित पायल सिनेमा घर को लेकर स्वामित्व जाता रहे अरुण चौहान ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि 1997 में टेंडर के तहत 36 लाख में सरकार द्वारा नीलामी के माध्यम से पायल सिनेमा घर उनके पिता ने खरीदा था। नीलामी के बाद उन्हें कब्जा भी दिला दिया गया था। उन्होंने लंबे समय तक सिनेमा का संचालन किया और सरकार को राजस्व भी दिया जाता रहा है। अरुण चौहान ने एग्रीमेंट की कापी व अन्य कागजात दिखाते हुए कहा कि नीलामी के बाद पूरी रकम का भुगतान करने के बाद उन्हें मालिकाना हक दिया जाना चाहिए। लेकिन भेल प्रबंधिका द्वारा पायल सिनेमा को लेकर विवाद उत्पन्न कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। जबकि सिनेमा घर से उनका कोई लेना-देना नहीं है। अरूण चौहान ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने कोर्ट की शरण भी ली है। जिलाधिकारी को भी इस संबंध में सभी पत्रावली और कागजात दिखा चुके हैं। लेकिन भेल प्रबंधन द्वारा उन्हें नोटिस दिए जाने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया है। स्वामित्व को लेकर वह लगातार उत्तर प्रदेश एवं हरिद्वार जिला प्रशासन से पत्राचार कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि सिनेमा घर का मालिकाना हक उन्हें सौपा जाए।

शाहजहांपुर मे संघ शताब्दी विशेषांक का विमोचन एक को

News posted 27.10.2026

शाहजहांपुर, 27 अक्टूबर 2026, उत्तर प्रदेश समाचार सेवा के संघ शताब्दी विशेषांक का विमोचन एवं संगोष्ठी एक नवम्बर को होंगी।

ब्यूरो प्रमुख संजीव कुमार गुप्ता ने बताया की कार्यक्रम अपराह्न 3 बजे से प्रेस क्लब सभागार मे होगा। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी का विषय राष्ट्रवादी पत्रकारिता मे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का योगदान है। कार्यक्रम मे विधान परिषद सदस्य डा जय पाल सिंह व्यस्त मुख्य अतिथि, इफको के उपाध्यक्ष बलवीर सिंह अध्यक्षता करेंगे। उप्र अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अंशुमान सिंह मैसी और संघ के पूर्व जिला बौद्धिक प्रमुख शिवशंकर त्रिपाठी विशिष्ठ अतिथि होंगे। मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश समाचार सेवा के संपादक सर्वेश कुमार सिंह होंगे। कार्यक्रम के संयोजक वरिष्ठ चिकित्सक और लेखक डा आनंद प्रकाश मिश्रा होने।

« Newer Posts — Older Posts »