Web News

www.upwebnews.com

एटा महोत्सव की हरियाणवी नाइट में मीडिया को कवरेज से रोका गया, पंडाल में हंगामा व तोड़फोड़ से अव्यवस्था हुई उजागर

January 18, 2026

एटा महोत्सव की हरियाणवी नाइट में मीडिया को कवरेज से रोका गया, पंडाल में हंगामा व तोड़फोड़ से अव्यवस्था हुई उजागर

एटा 18 जनवरी उप्रससे। शहर के सैनिक पढ़ाव मैदान में आयोजित एटा महोत्सव उस समय सुर्खियों में आ गया, जब शनिवार की देर रात को हरियाणवी नाइट के दौरान एक तरफ मीडिया कर्मियों को कवरेज से रोका गया, तो दूसरी ओर पंडाल के भीतर खुलेआम हंगामा और तोड़फोड़ देखने को मिली। महोत्सव की चमक-दमक के बीच अव्यवस्था की यह तस्वीर प्रशासन के दावों की पोल खोलती नजर आई।

हरियाणवी नाइट की प्रदर्शनी पंडाल में कवरेज के लिए पहुंचे प्रिंट मीडिया के पत्रकारों को पुलिस ने गेट पर ही रोक दिया। प्रेस कार्ड, कैमरा और नोटपैड होने के बावजूद पत्रकारों को अंदर जाने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव फैल गया। आक्रोशित मीडिया कर्मियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन एक ओर प्रचार के लिए मीडिया का सहारा लेता है, लेकिन मौके पर पुलिस उन्हें बाहरी समझकर व्यवहार कर रही है।

मामला बढ़ने पर पत्रकारों ने प्रदर्शनी अध्यक्ष से सवाल किया कि जब रसूखदार और बिना पहचान पत्र वाले लोग वीआईपी क्षेत्रों में बेरोकटोक घूम रहे हैं, तो मीडिया को क्यों रोका जा रहा है। मीडिया कर्मियों ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए पुलिस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। बाद में एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय के हस्तक्षेप से स्थिति कुछ शांत हुई और रोके गए पत्रकारों को पंडाल में प्रवेश मिला।
इधर पंडाल के अंदर कार्यक्रम के लिए प्रारंभ में ही हालात और भी बेकाबू नजर आए। मशहूर हरियाणवी गायिका रुचिका जांगिड़ के कार्यक्रम के दौरान भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। कुर्सियां तोड़ी गईं, लोग पंडाल के खंभों पर चढ़कर बैठते दिखे और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के दावे इस हंगामे के आगे कमजोर पड़ते दिखे। हालांकि पुलिस दो उपद्रवियों को मौके से पकड़े जाने का दावा कर रही है। कुल मिलाकर एटा महोत्सव में एक ओर मीडिया के साथ टकराव और दूसरी ओर बेकाबू भीड़ का हंगामा प्रशासनिक तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अब यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

शक्ति तीर्थ पत्रिका का हुआ विमोचन

Shakti Teerth Patrika

शक्ति तीर्थ पत्रिका का विमोचन करते हुए डॉ विद्या बिंदु सिंह

लखनऊ : 18 जनवरी l मां दुर्गा उत्थान समिति , लखनऊ द्वारा आयोजित काव्य समारोह के अवसर पर शक्ति तीर्थ पत्रिका के 17 वे अंक का विमोचन एवं काव्य समारोह संपन्न हुआ l
समारोह की अध्यक्षता पद्मश्री डॉ विद्या बिंदु सिंह तथा रूप शर्मा के मुख्य अतिथि में सुनील कुमार बाजपेई ने कुशल संचालन में शशांक पांडे ने वाणी वंदना से समारोह का शुभारंभ हुआ l महामंत्री जे बी सिंह ने संस्था का परिचय कराते हुए सभी का स्वागत अभिनंदन किया l
काव्य पाठ करने वाले डॉक्टर अनुराधा पांडे ,डॉक्टर उषा बाजपेई, डॉक्टर संगीता शुक्ला, राम सिंह, डॉक्टर रश्मि , इंद्रासन सिंह , संजय समर्थ ,डॉ अर्चना श्रीवास्तव, आर्यमन शुक्ला , शशांक पांडे अशोक शुक्ला ,अनजान ,दिलीप शुक्ला ,सपना श्रीवास्तव ,आशा सिंह ,रेखा शर्मा ,रूप शर्मा आदि ने काव्य पाठ किया । संस्था के संरक्षक शिवशरण दीक्षित के मार्गदर्शन में संस्था के अध्यक्ष डॉ राजकुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया l

बैंक में पत्रकार से अभद्रता

बलिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोशियेशन के जिला अध्यक्ष के साथ मैनेजर ने बदसलूकी कर दी। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई है।
खेजूरी थाना क्षेत्र के खड़सरा भारतीय स्टेट बैंक में अपने खाते का स्टेटमेंट लेने गए प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोशियेशन के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र नाथ सिंह के साथ शाखा प्रबंधक और गार्ड ने बदसलूकी की। उन्होंने चीफ मैनेजर से मामले की शिकायत की है।

प्रधानाध्यापक के कक्ष में लटका मिला सहायक अध्यापिका का शव

बाराबंकी, जिले के एक कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। अध्यापिका का शव प्राध्यापक के कार्यालय कक्ष में कुंडे से लटका मिला।

जानकारी के अनुसार सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम उड़वापुर में कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को सहायक अध्यापिका ऊषा वर्मा (40) का शव प्राध्यापक के कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। शिक्षिका को विद्यालय स्टाफ द्वारा लगातार उत्पीड़ित किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर मृतक के भाई ने ऊषा वर्मा की मृत्यु को संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ बताया है।

January 17, 2026

भाकियू अन्नदाता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ खोला मोर्चा

  • किशनपुर गांव में अपनी मांगों को लेकर अन्नदाताओं का अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन
  • महावन तहसील सहित अन्य तहसीलों में नहीं बांटी गई घरौंनियां
  • सरकारी योजनाओं में लगाया जा रहा पलीता किसानों को दिया जा रहा लॉलीपॉप
  • महावन क्षेत्र में किसानों के खेतों को सस्ते दामों में लेकर बनाई जा रही अवैध कॉलोनियां: भूरा पहलवान
Bharatiya Kisan Union Anndata

भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता ने दिया धरना

मथुरा।भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता के प्रदेश अध्यक्ष भूरा पहलवान एवं जिला अध्यक्ष जीतू जोशी के नेतृत्व में सैकड़ों किसान महावन तहसील के गांव किशनपुर में यमुना एक्सप्रेसवे के निकट भ्रष्टाचार के खिलाफ एवं अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर  प्रदर्शन करते हुए अनिश्चित कालीन धरना पर बैठ गए।
भारतीय किसान यूनियन अन्नदाता के पदाधिकारियों ने तहसील पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया और कहा कि मथुरा जनपद में तहसील स्तर पर किसानों का शोषण किया जा रहा है उनकी समस्याओं की अनदेखी कर बुरा बर्ताव किया जाता है।
अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर   प्रदेश अध्यक्ष भूरा पहलवान ने कहा कि महावन तहसील क्षेत्र में तहसील प्रशासन की मिली भगत से किसानों से सस्ती जमीन खरीद कर अवैध कॉलोनियां का निर्माण किया जा रहा है इस पर रोक लगाकर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
राजपुर खादर क्षेत्र के किसानों के निरस्त किए पट्टे बहाल किए जाए। सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन कर सभी ग्राम पंचायतों में खेल के मैदान एवं ओपन जिम का निर्माण कराया जाए। अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों का सौंदर्यीकरण करके साफ सफ़ाई करवाई जाए इस योजना के लाभ से काफी गांव वंचित हैं किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त विद्युत सप्लाई उपलब्ध कराई जाए विद्युत् कटौती से किसानों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष जीतू जोशी ने कहा कि जनपद में सरकारी भूमि से अवैध कब्जे को हटवाया जाए, ग्राम सिहोरा की एक गली  कीचड़ युक्त है एवं बलदेव के ग्राम कचनाउ से बरौली तक कीचड़ युक्त मार्ग है जिसके कारण मॉडर्न पब्लिक स्कूल में छात्र छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय जाने में असमर्थ हैं लेकिन ब्लॉक से लेकर बार बार शिकायत करने पर भी जिला प्रशासन इस समस्या की अनदेखी कर रहा है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा बलदेव से कचनाऊ के सड़क मार्ग को चौड़ीकरण नहीं कराया जा रहा है जिसका ठेका लेने वालों की जांच होनी चाहिए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जे एस जाट एवं मंडल अध्यक्ष गोपाल सिकरवार ने कहा कि जनपद के प्रत्येक ग्राम में पशु चिकित्सालय की व्यवस्था होनी चाहिए क्योंकि इसके इलाज के अभाव में पशुओं की अकाल मौत हो रही है। निराश्रित गौ वंश किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं एवं सड़कों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं इनकी व्यवस्था प्रशासन गौशालाओं में नहीं कर रहा है  इसलिए अपनी विभिन्न समस्याओं से दुखी होकर अन्नदाता अनिश्चित कालीन धरना देने पर मजबूर है।
« Newer Posts — Older Posts »