Web News

www.upwebnews.com

शाहजहांपुर में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की हुंकार

April 4, 2026

शाहजहांपुर में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की हुंकार

* 2027 में 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान**
( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर। शहर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) के संस्थापक अलंकार अग्निहोत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए सवर्ण समाज के मुद्दों को लेकर जोरदार हुंकार भरी। उन्होंने यूजीसी रेगुलेशन और एससी/एसटी एक्ट को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सामान्य वर्ग के साथ अन्याय हो रहा है। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि सुनियोजित तरीके से सामान्य वर्ग को कमजोर किया जा रहा है और उनके बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे में सवर्ण समाज को अब राजनीतिक विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करना होगा। उन्होंने सत्ता में बैठे सवर्ण नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूजीसी जैसे मुद्दे पर वे खुलकर विरोध तक नहीं कर सके। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का विस्तार 14 राज्यों तक हो चुका है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी उनके विचारों के साथ है, उसका पार्टी में स्वागत है। अग्निहोत्री ने एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। साथ ही घोषणा की कि इस एक्ट से प्रभावित लोगों को न्याय मिलने तक उनकी पार्टी की ओर से ‘विष्णु तिवारी’ नाम से 21 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सवर्ण समाज के दमन के खिलाफ नई राजनीतिक ताकत की जरूरत थी, जिसके चलते राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सनातन में विश्वास रखने वाले सभी लोगों का पार्टी में स्वागत है। वहीं सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नारायण दत्त त्रिपाठी (गुल्लू बाबू) ने कहा कि प्रतिभाशाली छात्रों के खिलाफ साजिश के तहत यूजीसी जैसे प्रावधान लाए जा रहे हैं, जिसका विरोध जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी पार्टी की आवश्यकता है जो सनातन मानने वालों के हितों की रक्षा कर सके। कार्यक्रम के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने टाउन हॉल स्थित नवनिर्मित शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

शाहजहाँपुर: अमृतसिद्धि आयुर्वेदा के कैंप में उमड़ी भीड़

डॉ. अभिनव सक्सेना और विशेषज्ञों की टीम ने दीं निशुल्क सेवाएँ
( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहाँपुर। जनपद के प्रमुख आयुर्वेदिक केंद्र ‘अमृतसिद्धि आयुर्वेदा’ (लोधीपुर) में आज एक दिवसीय विशेष निशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर की मुख्य कमान सुप्रसिद्ध आयुर्वेद एवं पंचकर्म विशेषज्ञ डॉ. अभिनव सक्सेना (Ex-Assistant Professor) ने संभाली, जिनके साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएँ दीं।
वरिष्ठ चिकित्सकों का मिला मार्गदर्शन
शिविर में मुख्य चिकित्सक डॉ. अभिनव सक्सेना के साथ बेंगलुरु से आए डॉ. यशवंत एच (शल्य तंत्र विशेषज्ञ), पेन मैनेजमेंट विशेषज्ञ डॉ. अजीत सिंह और केरल के डॉ. अर्जुन अशोकन ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन विशेषज्ञों ने नाड़ी परीक्षण के माध्यम से मरीजों के रोगों की जड़ तक पहुँचकर उन्हें उचित परामर्श दिया।
जटिल रोगों का हुआ निशुल्क उपचार
सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस शिविर में पाचन तंत्र (IBS, गैस, एसिडिटी), हड्डी एवं जोड़ रोग (सर्वाइकल, गठिया), त्वचा रोग और शल्य रोगों (बवासीर, भगंदर, फिशर) से संबंधित सैकड़ों मरीजों का पंजीकरण किया गया। शिविर की खास बात यह रही कि यहाँ मरीजों को परामर्श के साथ-साथ निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं और सीमित मरीजों के लिए निशुल्क BMD (बोन डेंसिटी) जांच की सुविधा भी उपलब्ध रही।
बिना बड़े ऑपरेशन के उपचार की सलाह
डॉ. अभिनव सक्सेना ने मरीजों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुर्वेद में बिना किसी बड़े ऑपरेशन के गंभीर बीमारियों का स्थाई उपचार संभव है। उन्होंने पंचकर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शरीर के शुद्धिकरण से रोगों को दूर रखा जा सकता है। शिविर के दौरान मरीजों को पंचकर्म सुविधाओं पर 20% की विशेष छूट का लाभ भी दिया गया।
स्थानीय निवासियों ने अमृतसिद्धि आयुर्वेदा के इस प्रयास की सराहना की और डॉ. सक्सेना व उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

April 3, 2026

महिला अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अधीनस्थों को नए एसपी के निर्देश

पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षितशाहजहांपुर। ( संजीव गुप्त द्वारा) पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने जनपद में प्रभार ग्रहण करने के बाद आज रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधिकारियों सहित जनपद के समस्त थाना-शाखा प्रभारियों के साथ एक गोष्ठी आयोजित कर शान्ति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला सुरक्षा, जनसुनवाई, प्रभावी गश्त व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखें। समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त करें, संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग करें तथा आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं का निष्पक्ष निस्तारण करें।

उन्होंने कहा कि महिला सम्बन्धी अपराधों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतें और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने आगामी चुनावों और विभिन्न आयोजनों को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्क रहने तथा जाम की समस्या के समाधान के लिए नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने प्रेसवर्ता आयोजित कर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर कहा कि वह प्रचार-प्रसार से दूर रहकर धरातल पर जनता की सेवा को अपनी प्राथमिकता मानते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और अखबारों में अक्सर फर्जी आईपीएस अधिकारियों के पकड़े जाने की खबरें सामने आती हैं, उसी तरह फर्जी पत्रकार भी सक्रिय हैं, जिनसे सर्तक रहें। एसपी ने अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की बात दोहराई। कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय होना चाहिए, इसके लिए विशेष अभियान चलाकर अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा।

March 30, 2026

पारदर्शी ऑनलाइन चयन से हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

( संजीव गुप्त द्वारा )
आज दिनांक 30.03.2026 को विकास भवन सभागार मे, मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश स्तर पर लखनऊ मे नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियो को स्मार्ट फोन का वितरण, ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाईसेज का वितरण एवं पूर्ण हो चुके बाल विकास परियोजना कार्यालय सह-गोदामों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रो का लोकापर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मा0 जनप्रतिनिधियो, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी, तथा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाओ सहित देखा गया।

जनपद से 3 आंगनवाड़ी कार्यकत्री तथा 346 आंगनवाड़ी सहायिकाओं का चयन किया गया है। इस अवसर पर ऑनलाईन चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयनित हुए अभ्यर्थियो को नियुक्ति पत्रों का वितरण, स्मार्ट फोन का वितरण, पूर्ण हो चुके बाल विकास परियोजना कार्यालय सह-गोदामो एवं आंगनबाड़ी केन्द्रो का लोकापर्ण कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम मे उपस्थित मा0 विधायक ददरौल, द्वारा नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को बधाई देते हुए, उन्हे अपने केन्द्र का बेहतर ढंग से संचालन सुनिश्चित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ आंगनबाड़ी केन्द्रो पर पंजीकृत लाभार्थियों तक पहुंचाये जाने के निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराये गये स्मार्ट फोन का सदुपयोग करते हुए पोषण ट्रैकर आदि पर शत-प्रतिशत् फीडिंग सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये।

इस अवसर पर मा0 विधायक ददरौल अरविन्द कुमार, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह , मुख्य विकास अधिकारी-डॉ0 अपराजिता सिंह सिनसिनवार, जिला विकास अधिकारी-ऋषिपाल सिंह जिला कार्यक्रम अधिकारी-अरविन्द रस्तोगी एवं सम्बन्धित परियोजनाओ के बाल विकास परियोजना अधिकारी भी उपस्थित रहें।
_____

दुर्गा माता मंदिर कुर्रिया में डीएम-एसपी ने किया दर्शन, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


( संजीव गुप्त द्वारा )
शाहजहांपुर। मार्च,2206।प्राचीन दुर्गा माता मंदिर, कुर्रिया कलां में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्रा एवं सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार ने विधिवत पूजा अर्चना कर मत्था टेका। कुर्रिया-कलां के प्रसिद्ध दुर्गा देवी मंदिर के कपाट 27 मार्च से 3 दिनों के लिए खोले गए थे कपाट खुलते ही हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु माँ के दर्शन के लिए पहुंचे।

देवी मां के दर्शन उपरांत जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आवश्यक व्यवस्थाओं सहित प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति तथा पुलिस बल की तैनाती का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत और प्रभावी बनी रहे। विशेष रूप से भीड़ के समय सुचारू आवागमन एवं निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।
______

« Newer PostsOlder Posts »