Web News

www.upwebnews.com

Mathura विधायक के काफिले की कार दुर्घटनाग्रस्त, दरोगा की मृत्यु

June 21, 2026

Mathura विधायक के काफिले की कार दुर्घटनाग्रस्त, दरोगा की मृत्यु

Posted on 21.06.2026 Sunday Time 07.27 PM, Mathura Vrandavan News
यमुना एक्सप्रेस-वे पर विधायक राजेश चौधरी के सुरक्षा काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार, दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौत
मथुरा, 21 जून 2026,  मांट से भाजपा विधायक राजेश चौधरी के सुरक्षा काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी रविवार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में विधायक के गनर एवं दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार विधायक राजेश चौधरी जेवर एयरपोर्ट से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान जेवर एयरपोर्ट के निकट नए फ्लाईओवर के पास गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने एस्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एस्कॉर्ट वाहन डिवाइडर से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दरोगा राजेंद्र सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद विधायक राजेश चौधरी ने स्वयं वाहन रुकवाकर स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकलवाया तथा मृतक दरोगा को श्रद्धांजलि अर्पित की। सूचना मिलते ही पुलिस एवं एक्सप्रेस-वे की राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण डंपर का रॉन्ग साइड से आना बताया जा रहा है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक दरोगा राजेंद्र सिंह यादव के निधन पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

June 18, 2026

अधिक मास सेवा शिविर में श्रद्धालुओं की सेवा को समर्पित रहा आयोजन : सविता सिंह सौरोत

Posted on 17.06.2026 Mathura Vrandavan News, Goverdhan
गोवर्धन, मथुरा। अधिक मास के पावन अवसर पर ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग पर आयोजित सेवा शिविर एवं भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लाभ प्राप्त किया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सविता सिंह सौरोत ने श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण ही उनके जीवन की प्रेरणा है।
उन्होंने कहा कि अधिक मास के दौरान ब्रज में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम, स्नान तथा आवश्यक दवाइयों सहित विभिन्न सुविधाओं की व्यवस्था की गई, जिससे परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सविता सिंह सौरोत ने कहा कि श्रद्धालुओं का स्नेह और आशीर्वाद ही उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने प्रभु श्रीकृष्ण एवं श्री गिरिराज महाराज से प्रार्थना करते हुए कहा कि अधिक मास में ब्रज की पावन भूमि पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं पर उनकी कृपा बनी रहे तथा उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो।
उन्होंने सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, व्यवस्थापकों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी का विश्वास एवं सहयोग ही ऐसे जनसेवा कार्यों के लिए निरंतर प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र, मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा ब्रज की गौरवशाली पहचान और अधिक सुदृढ़ होगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सेवा, सद्भाव और संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाने तथा ब्रज की महिमा को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित करने का संकल्प लिया।

अधिकमास मेले में नकली नोट खपाने आया शातिर गिरफ्तार

गोवर्धन पुलिस ने 2500 रुपये के जाली नोट किए बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गोवर्धन/मथुरा। अधिकमास मेले की भीड़ में नकली नोट खपाने की फिराक में आए एक शातिर युवक को गोवर्धन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 500 रुपये के पांच जाली नोट सहित कुल 2,500 रुपये की नकली मुद्रा तथा 5,610 रुपये की असली नकदी बरामद की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार थाना गोवर्धन पुलिस शांति व्यवस्था एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बिछुआ कुंड के पास नए टिर्री परिक्रमा मार्ग से सौरभ पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी नगला हीरा, थाना इगलास, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने योगेश नामक व्यक्ति से 2,500 रुपये की असली रकम देकर 5,000 रुपये के नकली नोट प्राप्त किए थे। योगेश नकली नोटों का कारोबार करता है और उसने ये नोट अजीत नामक व्यक्ति से लिए थे। आरोपी के अनुसार अजीत को उसका साला मुकेश नकली नोटों की गड्डियां उपलब्ध कराता था। सौरभ ने यह भी स्वीकार किया कि वह पूर्व में अजीत के साथ मुकेश के पास नकली नोट लेने जा चुका है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले ही 500 रुपये के पांच नकली नोट ठेला संचालकों और दुकानदारों को चलाकर खपा चुका है। अधिकमास मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का लाभ उठाकर वह शेष नकली नोट भी बाजार में चलाने की योजना बना रहा था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
थाना गोवर्धन में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 302/2026 के तहत संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने मामले में सामने आए अन्य आरोपियों योगेश, अजीत और मुकेश की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि अधिकमास मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। नकली नोटों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

Posted on 17.06.2026 Mathura Vrandavan News
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर किया शुभारंभ, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र, टूलकिट और चेक
मथुरा। केंद्र सरकार के जनसेवा, सुशासन, विकास एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए सरकार ने अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का प्रयास किया है।
प्रदर्शनी में बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग, महिला कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, पुलिस विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूह, एक जनपद-एक उत्पाद तथा एक जिला-एक व्यंजन सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया।
मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और एक जिला-एक व्यंजन के अंतर्गत प्रस्तुत व्यंजनों का स्वाद भी लिया। साथ ही जैविक खेती एवं ऑर्गेनिक उत्पादों की जानकारी लेकर किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, प्रशस्ति पत्र, टूलकिट एवं चेक वितरित किए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत सपेरा वर्ग की महिलाओं को आवास की चाबियां सौंपी गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र और टूलकिट प्रदान किए गए। श्रम विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को भी योजना संबंधी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
एलईडी प्रचार वाहनों को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की दो एलईडी प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे और लोगों को जागरूक बनाएंगे।
अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का संदेश दिया गया।

June 16, 2026

नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना से पशुपालकों को मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान

Posted on 16.06.2026 Time 10.33 PM Mathura Vrandavan
मथुरा। प्रदेश सरकार द्वारा गोवंशीय पशुओं में नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से “नन्द बाबा दुग्ध मिशन” के अंतर्गत “नन्दिनी कृषक समृद्धि योजना” संचालित की जा रही है। योजना का उद्देश्य उच्च उत्पादन क्षमता वाले गोवंश का संवर्धन, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।
योजना के अंतर्गत लाभार्थी का स्थानीय निवासी होना, आधार एवं पहचान पत्र होना तथा गोपालन अथवा महिषपालन का कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। इकाई स्थापना के लिए लगभग आधा एकड़ भूमि तथा चारा उत्पादन हेतु लगभग 1.5 एकड़ भूमि स्वयं की, पैतृक साझेदारी अथवा न्यूनतम सात वर्ष के अनुबंध पर होना अनिवार्य है।
योजना के तहत स्वदेशी नस्लों साहीवाल, थारपारकर, गिर अथवा गंगातीरी नस्ल के 25 गोवंशों की इकाई स्थापित की जाएगी। योजना की कुल लागत साहीवाल, थारपारकर एवं गिर नस्ल के लिए 62.50 लाख रुपये तथा गंगातीरी नस्ल (20+05 इकाई) के लिए 61 लाख रुपये निर्धारित की गई है। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा।
गोवंश का क्रय प्रदेश के बाहर चयनित नस्लों के ब्रीडिंग ट्रैक्ट से कराया जाएगा, जिससे उच्च गुणवत्ता वाले पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। इच्छुक पशुपालक नन्द बाबा पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना की विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.nandbaba.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
पशुपालन विभाग ने पात्र पशुपालकों से योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने और आधुनिक दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की है।

« Newer PostsOlder Posts »