Web News

www.upwebnews.com

20 माह बाद भी ध्वस्तीकरण आदेश बेअसर, भू-माफिया को संरक्षण देने के आरोपों से घिरा प्रशासन

August 2, 2026

20 माह बाद भी ध्वस्तीकरण आदेश बेअसर, भू-माफिया को संरक्षण देने के आरोपों से घिरा प्रशासन

एसडीएम सदर के आदेश के अनुपालन न होने पर उठे सवाल, अवैध निर्माण, फर्जी दस्तावेज और कर चोरी के गंभीर आरोप

हाथरस। जनपद हाथरस में प्रशासनिक कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। विनियमित क्षेत्र एसडीएम सदर द्वारा पारित एक चर्चित ध्वस्तीकरण आदेश का लगभग 20 माह बाद भी अनुपालन न होने से जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। आरोप है कि अलीगढ़ रोड स्थित औद्योगिक आस्थान के भूखंड संख्या C-20/21 (H-20/21) पर बने कथित अवैध रिहायशी निर्माण को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण अब तक ध्वस्त नहीं किया गया।बताया गया है कि एसडीएम सदर एवं नियत प्राधिकारी द्वारा 12 नवंबर 2024 को उक्त निर्माण को ध्वस्त करने का अंतिम आदेश पारित किया गया था। इसके बावजूद लंबे समय बाद भी आदेश केवल कागजों तक सीमित है और मौके पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।प्रकरण से जुड़े दस्तावेजों का हवाला देते हुए शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में कई विभागों के नियमों की अनदेखी की गई। आरोप है कि औद्योगिक भूखंड पर परशुराम कॉलोनी की बाह्य रजिस्ट्री का कथित रूप से कूटरचित उपयोग कर प्रतिभा गर्ग के नाम 14 किलोवाट का घरेलू विद्युत कनेक्शन (खाता संख्या-2192241000) स्वीकृत कराया गया।इसी प्रकार राज्य कर विभाग के अभिलेखों के अनुसार, उपायुक्त राज्य कर के पत्रांक 350 दिनांक 28 अक्टूबर 2025 में उल्लेख है कि ‘पिंकी रबड़ उद्योग प्रा. लि.’ (GSTIN: 09AAACP1518K1ZF) का पंजीकरण 1 जनवरी 2022 से निरस्त है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निरस्त जीएसटी फर्म की आड़ में औद्योगिक भूखंड का अवैध रूप से आवासीय उपयोग किया जा रहा है तथा कर चोरी भी की जा रही है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि औद्योगिक आस्थान के मूल आवंटन की शर्तों का उल्लंघन करते हुए भूखंड का उपयोग औद्योगिक के बजाय रिहायशी उद्देश्य से किया जा रहा है।प्रकरण के शिकायतकर्ता राजीव कुमार वार्ष्णेय , पुत्र स्व. बनारसीदास, निवासी धर्मकुंज, पुराना मिल कम्पाउंड, हाथरस ने जिलाधिकारी सहित उच्चाधिकारियों को ज्ञापन देकर मांग की है कि सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) के निष्पादन प्रावधानों के तहत पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त कराया जाए।ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर विद्युत कनेक्शन लेने तथा कथित कर चोरी के मामले में अरुण गर्ग, अभय गर्ग एवं प्रतिभा गर्ग सहित यदि जांच में कोई अधिकारी संलिप्त पाया जाए तो उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS-2023) की धारा 318(4), 336(3), 340(2), 338 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नामजद एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों का कहना है कि जब सक्षम प्राधिकारी का अंतिम आदेश भी महीनों तक लागू नहीं हो पा रहा है तो शासन की जीरो टॉलरेंस नीति और “कानून का राज” जैसे दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करता है तो दोषियों पर कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए और यदि शिकायतें निराधार हैं तो प्रशासन को भी सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस बहुचर्चित प्रकरण में न्यायालयीन आदेश का अनुपालन कर आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या यह मामला भी फाइलों तक सीमित रह जाता है।

वसुंधरा एन्क्लेव में बन रही सीसी रोड का पालिकाध्यक्ष ने किया निरीक्षण

70 मीटर लंबी और 9 मीटर चौड़ी सड़क से क्षेत्रवासियों को मिलेगा बेहतर आवागमन का लाभ

फोटो  –पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी निरीक्षण करते हुए

हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के क्रम में वार्ड संख्या-12 स्थित वसुंधरा एन्क्लेव कॉलोनी में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत निर्माणाधीन सीसी रोड का पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने राकेश गुप्ता के घर से नरेश गुप्ता के घर तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, उच्च गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके।नगर पालिका के अनुसार यह सीसी सड़क लगभग 70 मीटर लंबी एवं 9 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद वसुंधरा एन्क्लेव के निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। नागरिकों को बेहतर सड़क, जलनिकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

August 1, 2026

सावन में श्रद्धालुओं को मिली बड़ी सौगात, अलीगढ़ रोड पर जलीं आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें

मंडी समिति और तहसील के सामने 7 मीटर ऊंचे पोलों पर लगीं 90 वाट की हाईमास्ट लाइटें, पालिकाध्यक्ष ने किया लोकार्पण

फोटो –स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण करती पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी व पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर

हाथरस। सावन माह में कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर पालिका परिषद हाथरस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुरक्षित आवागमन की सौगात दी है। राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत वार्ड संख्या 11 एवं 18 में अलीगढ़ रोड स्थित मंडी समिति और तहसील के सामने 7 मीटर ऊंचे पोलों पर स्थापित आधुनिक 90 वाट एलईडी स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर भी मौजूद रहे।पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि सावन माह में अलीगढ़ रोड से बड़ी संख्या में कांवड़ श्रद्धालु गुजरते हैं। ऐसे में बेहतर प्रकाश व्यवस्था से रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर के प्रत्येक वार्ड में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जनहित से जुड़े विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर ने कहा कि मजबूत आधारभूत सुविधाएं किसी भी शहर के विकास का महत्वपूर्ण आधार होती हैं। नई एलईडी स्ट्रीट लाइटों से न केवल कांवड़ यात्रियों बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी बेहतर प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलेगा।लोकार्पण समारोह में वार्ड 11 के सभासद धर्मेंद्र पिप्पल, वार्ड 18 के सभासद दिनेश उपाध्याय, सभासद अशोक गोला, सुंदरम शर्मा, हिमांशु कौशिक, दिनेश सिंह (नन्हे), सूरज माहौर, अनिल शर्मा (ईएसएल), राहुल शर्मा (पतंजलि), सत्यभान सिंह, लाइट इंस्पेक्टर योगेश भारद्वाज, लाइट इंस्पेक्टर सत्यवीर पलवान, विष्णु सारस्वत, कृष्णा चौधरी सहित नगर पालिका परिषद के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात

संगठन विस्तार, यूजीसी नियमावली और हाथरस की संगठनात्मक तैयारियों पर हुई चर्चा

 –प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री  से मुलाकात करता प्रतिनिधिमंडल

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आरएएम) पार्टी के हाथरस इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा एवं जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर पार्टी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी से मुलाकात की।बैठक के दौरान युवा छात्रों से जुड़े यूजीसी के नए नियमों (यूजीसी रेगुलेशन) पर विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने इस विषय पर संगठन की भावी रणनीति एवं छात्रों के हितों को लेकर विचार-विमर्श किया।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष विश्वदीप अवस्थी को हाथरस जनपद के हाथरस, सिकंदराराऊ, सादाबाद, सासनी एवं मुरसान क्षेत्र के 118 पदाधिकारियों तथा लगभग 2,650 सदस्यों की सूची सौंपते हुए संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।राष्ट्रीय अध्यक्ष अलंकार अग्निहोत्री ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों, वार्डों, ब्लॉकों और तहसीलों में शीघ्र कमेटियों का गठन पूरा किया जाए, ताकि आगामी चुनावों में संगठन मजबूती के साथ अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सके।बैठक के दौरान विजय कुमार शर्मा ने बताया कि सासनी के रामलीला मैदान में 11 अगस्त 2026 तक श्रीराम कथा एवं श्रीरामलीला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कथा का वाचन कथावाचक अतुल कृष्ण भारद्वाज द्वारा किया जाएगा। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया, जिसे दोनों नेताओं ने स्वीकार करते हुए सासनी आने का आश्वासन दिया।प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा, जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय, सासनी नगर अध्यक्ष कालू पंडित तथा पूर्व भाजपा विस्तारक संजीव गोयल प्रमुख रूप से शामिल रहे।

July 29, 2026

विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज; पति गिरफ्तार

हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी परती बनारसी में 27 वर्षीय विवाहिता कोमल सिसौदिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति, जेठ और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मायके पक्ष को अवगत कराया। मृतका के पिता संतोष की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पति अभिषेक, जेठ सुनील और ससुर ओमवीर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और ₹50 हजार की मांग को लेकर कोमल को प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसकी हत्या कर दी गई।मृतका के भाई का आरोप है कि अभिषेक शराब के नशे में अक्सर कोमल के साथ मारपीट करता था और परिवार के अन्य सदस्य भी उसे प्रताड़ित करते थे। बताया गया कि अभिषेक की यह दूसरी शादी थी तथा दंपति के दो छोटे बच्चे हैं।पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपों की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

« Newer Posts — Older Posts »