Web News

www.upwebnews.com

राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित

August 12, 2026

राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित

संसद

नई दिल्ली, 12 अगस्त 26, संसद ने राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (संशोधन) विधेयक, 2026 को पारित कर दिया है। राज्यसभा ने आज इसे मंजूरी दे दी। लोकसभा पहले ही इस विधेयक को पारित कर चुकी है। सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने यह विधेयक पेश किया, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम अधिनियम, 1962 में और संशोधन करना है। यह विधेयक राज्य सरकारों को सहकारी विकास में लगी किसी भी संस्था को निगम से निधि प्रदान करने की भी अनुमति देता है। निगम किसी भी सहकारी समिति या सहकारी विकास में लगी संस्था को सीधे ऋण और अनुदान भी प्रदान कर सकता है।

चर्चा का उत्तर देते हुए श्री मोहोल ने कहा कि इस विधेयक के माध्यम से देश भर के करोड़ों किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम- एन.सी.डी.सी की स्थापना देश में सहकारी क्षेत्र के संगठित और सतत विकास के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी। श्री मोहोल ने कहा कि 1963 में एन.सी.डी.सी की स्थापना से लेकर 2014 तक, पिछली सरकार ने केवल लगभग 45 हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की थी। हालांकि, 2014 से लेकर पिछले 12 वर्षों में वित्तीय सहायता बढ़कर लगभग चार लाख करोड़ रुपये हो गई है।

श्री मोहोल ने कहा कि आज देश में आठ लाख से अधिक सहकारी समितियां हैं, जिनसे लगभग 3 करोड़ सदस्य जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि 80 हजार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पीएसीएस) का कम्प्यूटरीकरण किया जा रहा है और उन्हें लगभग 25 विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियों को संचालित करने में सक्षम बनाया गया है। श्री मोहोल ने बताया कि सहकारी क्षेत्र को प्रशिक्षित और कुशल मानव संसाधन प्रदान करने के लिए त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। श्री मोहोल ने कहा कि इस संस्थान के माध्यम से अगले पांच वर्षों में लगभग 17 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल पांच वर्षों में सहकारी क्षेत्र में 163 से अधिक प्रमुख पहलें की गई हैं।

भाजपा के डॉ. रामराव वाडकुटे ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने सहकारी समितियों पर ध्यान केंद्रित किया है, जिसके परिणामस्वरूप लाखों लोगों का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से सशक्त बनाया गया है।

विधेयक का समर्थन करते हुए, वाईएसआरसीपी के गोल्ला बाबूराव ने कहा कि एन.सी.डी.सी का विस्तार एक स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक से डेयरी और मत्स्य पालन सहित कई क्षेत्रों को अधिक पूंजी और आधुनिक अवसंरचना मिलेगी।

जनता दल (यूनाइटेड) के संजय कुमार झा ने विधेयक का समर्थन किया। श्री झा ने कहा कि विधेयक से न केवल उत्पादों को बल्कि भंडारण और मूल्य श्रृंखला को भी समर्थन मिलेगा।

तेलुगु देशम पार्टी के विजय चिंतकयाला और शिवसेना की ज्योति वाघमारे ने भी विधेयक के समर्थन में बात की।

यूपी में रंग दे बसंती अभियान शुरू, छात्रों ने बनाए चित्र

लखनऊ, 12 अगस्त 26, स्वतंत्रता दिवस से पहले आज उत्तर प्रदेश में युवाओं की रचनात्मकता को अभिव्यक्ति देने के लिए ‘रंग दे बसंती’ अभियान शुरू किया गया। इसके अंतर्गत लखनऊ विश्वविद्यालय के पास भित्तिचित्र कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के कलाकारों ने माफिया मुक्त और बदलते उत्तर प्रदेश की थीम पर सार्वजनिक भित्तिचित्र बनाए। इन चित्रों के माध्यम से वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश और उसके बाद   हुए बदलावों को दर्शाया गया।

कलाकारों ने राज्य में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और युवाओं के लिए अवसरों के संदर्भ में बदले हुए सकारात्मक वातावरण को चित्रित किया।

अभियान के अंतर्गत कल मुजफ्फरनगर में एक कॉमिक वितरण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांप्रदायिक सद्भाव पर आधारित एक मौलिक कॉमिक वितरित की जाएगी। इसके साथ ही स्कूलों में युवाओं के साथ संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। 14 अगस्त को ‘रंग दे बसंती’ अभियान का गीत ‘आज़ादी फ्रॉम फियर’ लॉन्च किया जाएगा।

दहेज में तीन लाख की मांग, विवाहिता ने ससुरालियों पर लगाया गर्भपात कराने का आरोप

हाथरस। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और जबरन गर्भपात कराने सहित गंभीर आरोप लगाते हुए थाना हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।थाना हाथरस गेट क्षेत्र के रमनपुर के जोगिया मार्ग निवासी लवली शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 9 दिसंबर 2022 को सासनी स्थित मां कैला देवी गेस्ट हाउस में छोटा बिर्रा निवासी विशाल शर्मा के साथ हुई थी। विवाह में मायके पक्ष द्वारा करीब नौ लाख रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे।विवाहिता का आरोप है कि ससुरालीजन मायके से तीन लाख रुपये लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। पति पर शराब और भांग के नशे में मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गर्भवती होने के बाद ससुराल पक्ष ने कथित रूप से दो बार उसका जबरन गर्भपात करा दिया। फरवरी में पति ने आईवीएफ उपचार के लिए मायके पक्ष से 1.50 लाख रुपये लिए और मार्च में उपचार शुरू कराया, लेकिन आरोप है कि बाद में इलाज बीच में ही छोड़ दिया गया।विवाहिता के मुताबिक अप्रैल में उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। आरोप है कि 13 मई को उसका देवर सोनू शर्मा उसे मायके छोड़ गया। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय अस्पतालों में उसका उपचार कराया और हालत बिगड़ने पर नोएडा के अस्पताल में भी इलाज कराया गया, जहां उसका उपचार जारी बताया गया है।महिला ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौते के कई प्रयास किए गए और उसे तीन बार ससुराल भी ले जाया गया, लेकिन हर बार कथित उत्पीड़न दोबारा शुरू हो गया। इसके बाद उसने पुलिस से ससुराल पक्ष के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है।

कलेक्ट्रेट के पास ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, मां-बेटा गंभीर घायल

हाथरस। शहर के मथुरा रोड पर कलेक्ट्रेट के निकट आज सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव ककरावली निवासी कुलदीप अपनी मां रानी देवी के साथ बाइक से अलीगढ़ स्थित अपने गांव जा रहा था। सुबह करीब 10 बजे जैसे ही वे कलेक्ट्रेट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फरार ट्रक चालक तथा वाहन की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

सासनी रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी जीआरपी

हाथरस। रेलवे स्टेशन यार्ड के पास रेलवे ट्रैक पर बुधवार सुबह करीब 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जाता है कि पीआरबी के माध्यम से रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर खंडेलवाल चौकी प्रभारी वीर सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को दी। रेलवे पुलिस के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे तथा शव को रेलवे लाइन से हटाकर पंचनामा की कार्रवाई की।मृतक की पहचान मनोज कुमार पुत्र देव प्रकाश निवासी भूतपुरा के रूप में हुई। पहचान होने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और शव देखकर उनमें कोहराम मच गया।गांव के पूर्व प्रधान राजेश के अनुसार, मनोज की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके दो-तीन बच्चे हैं। बताया गया कि पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके में रह रही थी।घटना रेलवे ट्रैक के क्षेत्राधिकार से जुड़ी होने के कारण राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

« Newer Posts — Older Posts »