मथुरा (चौमुंहा)। ब्रज में होली का उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में चौमुहां स्थित राधा मोहन जी गौशाला में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम यमुना रक्षक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संत जयकृष्ण दास महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें ब्रज की सांस्कृतिक विरासत और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण और भोले-पार्वती की मनमोहक झांकियां रहीं। जैसे ही दिव्य स्वरूप मंच पर विराजमान हुए, पूरा परिसर ‘राधे-राधे’ के उद्घोष से गूंज उठा। इसके पश्चात ब्रज की प्रसिद्ध फूलों की होली खेली गई, जिसमें गुलाब और गेंदे की पंखुड़ियों की वर्षा के बीच श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे।
अपने संबोधन में संत जयकृष्ण दास महाराज ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने आपसी भेदभाव मिटाकर भाईचारे के साथ रहने तथा गौ-सेवा के महत्व पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर यमुना रक्षक दल के जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा सहित गिर्राज प्रसाद शर्मा, श्रीगोपाल एडवोकेट, राजेश पहलवान, मनोज सिसोदिया, विष्णु सिसौदिया, राधावल्लभ शर्मा, भगवान सिंह, सियाराम, सुगनो नेता, सौदान सिंह एवं मूली सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम ने एक बार फिर ब्रज की होली को भक्ति और परंपरा के रंगों से सराबोर कर दिया।

