Web News

www.upwebnews.com

एटा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, पुष्प चक्र अर्पित कर किया नमन

October 21, 2026

एटा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, पुष्प चक्र अर्पित कर किया नमन

एटा 21 अक्टूबर उप्रससे। जनपद में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसएसपी डॉ. इलामारन जि, एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और सच्चिदानंद समेत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के बलिदान को नमन किया। इस दौरान देश की एकता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित रहने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. इलामारन जि, एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और सच्चिदानंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में आयोजित किया जाता है। इस मौके पर पुलिस बल के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा के प्रति समर्पण को याद किया जाता है।

पुलिस स्मृति दिवस का संबंध वर्ष 1959 की लद्दाख घटना से है। उस दौरान हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों से मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं जवानों के बलिदान की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, सदर संकल्प दीप कुशवाह, सकीट नीतीश गर्ग, जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अलीगंज राजेश सिंह, यातायात अरुण कुमार सिंह, कार्यालय सुनील अहलावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत राणा और प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम समेत अन्य अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर देश की एकता बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कर्तव्य निभाने का संकल्प लिया गया।

निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम करते समय गिरा मजदूर, गंभीर रूप से घायल

फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती, निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

फिरोजाबाद। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम के दौरान बुधवार सुबह एक मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। घायल मजदूर को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फ्लाईओवर निर्माण के दौरान हादसे होने की घटनाओं को लेकर कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रदीप (45) पुत्र गुलाल निवासी रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बुधवार सुबह काम करते समय वह अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसे चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर इससे पहले भी कई बार दुर्घटनाएं होने की बात सामने आई है। लगातार हो रहे हादसों के बीच मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों, पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और कार्यस्थल पर निगरानी की व्यवस्था जरूरी है। ताजा हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सपा प्रत्याशी ने बलिया DIOS पर लगाया गंभीर आरोप

जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्रक देकर की कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट – संजय कुमार तिवारी
स्थान – बलिया यूपी
डेट – 21/10/2026

बलिया,  वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सपा उम्मीदवार लाल बिहारी यादव ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्रक सौंप कर बलिया DIOS मनोज मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाया है और DIOS को तुरंत पद से हटाने और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। सपा के शिक्षक MLC उम्मीदवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि DIOS ने स्कूल के प्रबंधकों और प्रिंसिपलों को 17 तारीख को पत्र जारी करके और 21 तारीख को बुलाकर हड़काया है कि समाजवादी पार्टी को वोट मत करना। वोट के दिन बूथ पर मत आना। पत्र जारी कर दूंगा कि तुम्हारा वोट नहीं पड़ेगा। सपा उम्मीदवार ने आरोप लगाते हुए कहा कि DIOS दो दिन पहले नगरा ब्लॉक में प्रबंधकों और प्रिंसिपलों की बैठक बुलाकर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों का भाषण कराया है जो इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की अवहेलना है। स्पष्ट निर्देश है कि आचार संहिता लागू होने के बाद कोई मीटिंग नहीं करा सकता और नाही पत्र जारी करके कोई निर्देश दे सकता है।

एटा में तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, बाइक सवार दंपति घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

एटा 21 अक्टूबर उप्रससे। जनपद के मलावन थाना क्षेत्र में बुधवार को हाईवे पर सेंथरी गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। पति के साथ बाइक पर मलावन की ओर रिश्तेदारी में जा रही 50 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी।

हादसे में महिला बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, बागवाला थाना क्षेत्र के भरथरी गांव की मंजू देवी (50) पत्नी राकेश अपने पति के साथ रिस्तेदारी में जा रही थीं। तभी पीछे से तेज रफ्तार आ रही करने बाइक में टक्कर मार दी टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पर सेंथरी चौकी प्रभारी राजीव पवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस सेवा 1033 को बुलाया। घायल महिला को जिला मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

होली एंजल स्कूल, चिनौर में गूँजा रेड क्रॉस का मानवता संदेश


प्रधानाचार्य सिस्टर फातिमा ने साझा किए छात्र जीवन में रेड क्रॉस से जुड़कर सेवा करने के अनुभव :-

शाहजहाँपुर। ( संजीव गुप्त ) आज के विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनमें मानवता, संवेदना तथा सेवा के संस्कार विकसित करना बेहतर समाज की नींव है। इसी उद्देश्य से महामहिम राज्यपाल एवं उत्तर प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मंशा के अनुरूप होली एंजल स्कूल, चिनौर में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहाँपुर की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय की प्रबंधिका सिस्टर फातिमा ने बताया कि वह अपने छात्र जीवन के दौरान तमिलनाडु में रेड क्रॉस से जुड़ी थीं और इसके सेवा कार्यों में भाग लिया था। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को मानवता, सहयोग और जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बच्चों को सरल भाषा में बताया कि रेड क्रॉस का जन्म मानवता की सेवा के लिए हुआ है। इसके संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के मानवीय विचारों से प्रेरित यह आंदोलन वर्ष 1863 में जिनेवा में शुरू हुआ। अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति का मुख्यालय जिनेवा, स्विट्जरलैंड में है। हेनरी ड्यूनेंट को वर्ष 1901 में पहला नोबेल शांति पुरस्कार मिला, जबकि अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति को 1917, 1944 और 1963 में यह सम्मान मिला। इस प्रकार संस्थापक और संस्था से जुड़े कुल चार नोबेल शांति पुरस्कारों का गौरवशाली इतिहास बच्चों के सामने रखा गया।
उन्होंने बताया कि भारत में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी की स्थापना वर्ष 1920 में संसद के अधिनियम के अंतर्गत हुई। राष्ट्रीय स्तर पर भारत की राष्ट्रपति संस्था की अध्यक्ष हैं और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राष्ट्रीय सभापति हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यपाल राज्य शाखा की अध्यक्ष हैं, व मानणिया बृजेश पाठक उप मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सर्कार प्रदेश सभापति हैं जनपद स्तर पर जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में नेतृत्व में रेड क्रॉस की गतिविधियाँ संचालित होती हैं। जीतेन्द्र कुमार द्वारा कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के मैजिक शो के माध्यम से बच्चों का मनोरंजन करते हुए रेड क्रॉस का संदेश पहुँचाया गया। डॉ. जौहरी ने प्राथमिक उपचार, हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छता और आपात स्थिति में शुरुआती सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी साथी को चोट लगने या किसी जरूरतमंद को सहायता की आवश्यकता होने पर संवेदनशीलता दिखाएँ और सुरक्षित तरीके से शिक्षक अथवा जिम्मेदार व्यक्ति की मदद लें। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस रक्तदान, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य जागरूकता, प्राथमिक उपचार तथा युद्ध और संकट के समय पीड़ितों की सहायता जैसे महत्वपूर्ण कार्य करता है। इसका उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के पीड़ितों, जरूरतमंदों और संकट में फँसे लोगों तक सहायता पहुँचाना है।
डॉ. जौहरी ने कहा कि विद्यालयों में रेड क्रॉस का प्रचार-प्रसार बच्चों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आज के विद्यार्थी ही कल देश की सेवा करेंगे। उनमें मानव सेवा की भावना विकसित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य में निवेश करने के समान है।
रेड क्रॉस का संदेश — “जहाँ रेड क्रॉस, वहाँ मानव सेवा।”
इस अवसर पर प्रिंसिपल सिस्टर फातिमा वाईस प्रिंसिपल सिस्टर प्रेमा टीचर विनीत आनंद, विनय श्रीवास्तव , जीतेन्द्र कुमार और अनेक शिक्षक – शिक्षिकाओं ने सहभागिता की l

« Newer Posts — Older Posts »