बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
*प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों को वितरित की बाढ़ राहत राशन किट*
शाहजहाँपुर, 14 सितम्बर ( संजीव गुप्त) उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जलालाबाद विधायक श्री हरिप्रकाश वर्मा एवं जिलाधिकारी श्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह के साथ तहसील जलालाबाद क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम कसारी पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने गांव में जलभराव एवं आवागमन की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बाढ़ के कारण आवागमन में हो रही कठिनाइयों की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा संपर्क मार्ग से संबंधित समस्या बताए जाने पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को संपर्क मार्ग की दोनों ओर दीवारों के निर्माण की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे संपर्क मार्ग को क्षति न पहुंचे।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा जरूरत के अनुसार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। माननीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन पशु एवं फसल हानि का सर्वे कर मुआवजा दिलाया जाए।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाढ़ की चपेट में आए परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी। सरकार एवं जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा राहत सामग्री का वितरण जरूरतमंद परिवारों तक समय से सुनिश्चित किया जाए। ग्रामीणों द्वारा मंत्री जी से ग्राम कसारी को बाढ़ से बचने के लिए बांध बनाने के लिए कहा गया। मंत्री जी ने कहा कि बाढ़ समाप्त होने पर बांध बनाने की कार्रवाई जल्द प्रारंभ कराई जाएगी।
इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने कोला के विद्यालय में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को बाढ़ राहत राशन किट वितरित की। उन्होंने स्वयं ग्रामीणों को राहत सामग्री प्रदान करते हुए उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बाढ़ प्रभावित से जानकारी ली तो कुछ लोगों ने बताया कि रहने के लायक घर नहीं बचा है। मंत्री ने रहने के लिए व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को जनपद में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, प्रभावित गांवों तथा जिला प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रख रही हैं तथा आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों को आवश्यकतानुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि जनपद की बाढ़ की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में तहसील जलालाबाद के 19 गांव प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में 4 बाढ़ शरणालय स्थापित हैं तथा सभी 4 वर्तमान में संचालित हैं। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रभावित क्षेत्र में कुल 98.5 हेक्टेयर क्षेत्रफल प्रभावित दर्ज है, जिसमें:
72.6 हेक्टेयर प्रभावित कृषि योग्य भूमि
25.9 हेक्टेयर बोया गया क्षेत्र
9.3 हेक्टेयर कटान प्रभावित क्षेत्र
फसल क्षति का अनुमानित मूल्य ₹9.2 लाख दर्ज किया गया है।
प्रशासन द्वारा 13 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जिससे प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी की जा रही है।
राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 30 नावें तथा 10 मोटर बोट उपलब्ध हैं।
चिकित्सा व्यवस्था के अंतर्गत अब तक 1,688 व्यक्तियों का उपचार किया गया है।
पशु चिकित्सा के अंतर्गत 276 पशुओं का उपचार तथा 1,263 पशुओं का टीकाकरण किया गया है।
प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री के रूप में अब तक:
330 खाद्यान्न पैकेट
330 तिरपाल
330 त्रिपाल/अन्य निर्धारित राहत सामग्री
2,820 ORS पैकेट
1,450 क्लोरीन टैबलेट वितरित की गई हैं।
प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा, राहत सामग्री एवं बचाव संसाधनों की उपलब्धता पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
जिला एवं तहसील स्तर पर नियंत्रण कक्ष सक्रिय हैं, तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश हैं।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
—–

