Web News

www.upwebnews.com

गंगा एक्सप्रेस वे यूपी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनेगा: योगी आदित्यनाथ

April 29, 2026

गंगा एक्सप्रेस वे यूपी की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनेगा: योगी आदित्यनाथ

हरदोई, 29 अप्रैल 26, गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रधानमंत्री जी का स्वागत एवं अभिनन्दन करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री जी के कर-कमलों से उनकी विराट सोच के अनुरूप गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन हो रहा है। हरदोई भगवान नृसिंह, वामन अवतार तथा श्रीहरि विष्णु के परम भक्त प्रहलाद के अवतरण की पावन धरा है। यह भूमि माँ गंगा के आशीर्वाद से अभिसिंचित है। उन्होंने माँ गंगा स्तुति- ‘देवि सुरेश्वरि भगवति गंगे, त्रिभुवनतारिणि तरलतरंगे‘ करते हुए कहा कि माँ गंगा के समानान्तर उस विराट को छूने तथा उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास को नई उड़ान देने के लिये गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास प्रधानमंत्री जी ने दिसम्बर, 2021 में किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही को आगे बढ़ाने तथा तय समयसीमा में पूरा करने का विजन दिया था। गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनने जा रही है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उनके विजन को स्पष्ट नीति और साफ नीयत के साथ प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने का कार्य किया गया। आज देश में हम नये भारत का दर्शन कर रहे हैं। नये भारत के नये उत्तर प्रदेश में यह आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर हमारे आवागमन को सरल व सुगम बनाएगा तथा अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज एक्सप्रेस-वे प्रदेश की समृद्धि का आधार बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश में गंगा एक्सप्रेस-वे डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर को सशक्त, अन्नदाता किसानों की उन्नति तथा युवाओं के रोजगार का मार्ग प्रशस्त करेगा। यह आस्था और संस्कृति का एक्सप्रेस-वे है। इस एक्सप्रेस-वे से आच्छादित जनपदों में इन्टीग्रेटेड इण्डस्ट्रियल क्लस्टर एण्ड लॉजिस्टिक हब डेवलप करने की कार्यवाही तेजी के साथ आगे बढ़ी है। 594 किलोमीटर के लम्बे इस एक्सप्रेस-वे के लिए अन्नदाता किसानों से 18 हजार एकड़ भूमि ली गयी है। इस पर बनने वाले इण्डस्ट्रियल क्लस्टर और लॉजिस्टिक हब के लिये अलग-अलग स्थानों पर लगभग 07 हजार एकड़ भूमि लेकर नये निवेश के माध्यम से युवाओं के लिये नये रोजगार की सम्भावनाओं को आगे बढ़ाया गया।
मुख्यमंत्री जी ने मेरठ से प्रयागराज तक 12 जनपदों में विस्तारित इस एक्सप्रेस-वे के लिये एक लाख से अधिक किसानों को भूमि उपलब्ध कराने में अपना योगदान देने के लिये आभार व्यक्त किया। उन्हांने कहा कि अन्नदाता किसानों ने प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिये अपना योगदान दिया। इसके परिणामस्वरूप गंगा एक्सप्रेस-वे बन कर तैयार हो गया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश में परिवारवाद, जातिवाद, दंगा, अराजकता, कर्फ्यू, माफिया के अराजकता पूर्ण माहौल के कारण विकास, रोजगार एवं नये निवेश की कल्पना नहीं की जा सकती थी, लेकिन विगत 09 वर्षों में डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, हाई-वे, डिस्ट्रिक्ट-वे और ग्रामीण सड़कों का 04 लाख किलोमीटर का बेहतरीन नेटवर्क देखने को मिल रहा है। इन्टर स्टेट कनेक्टिविटी के लिये फोर-लेन मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही, प्रत्येक जिला मुख्यालय को फोर लेन तथा प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील मुख्यालयां को फोर-लेन व टू-लेन सड़कों के साथ जोड़ा जा रहा है। प्रदेश के 07 शहरों में मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। विगत दिनों प्रधानमंत्री जी ने दिल्ली से मेरठ तक देश की पहली रैपिड रेल का शुभारम्भ कर दूरियों को समेटने के साथ ही, उत्तर प्रदेश की अनलिमिटेड पोटेंशियल को आगे बढ़ाने का कार्य किया। आज डबल इंजन सरकार की ताकत प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, रैपिड रेल, इनलैण्ड वॉटर-वे, मेट्रो तथा डेडीकेटेड रेल फ्रेट-कॉरिडोर के रूप में दिखाई दे रही है।
इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने गंगा एक्सप्रेस-वे का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी, केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य एवं श्री ब्रजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, औद्योगिक विकास मंत्री श्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण, आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नितिन अग्रवाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्रीमती रजनी तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
——————-