Web News

www.upwebnews.com

विजयदशमी पर संघ का पथ संचलन, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

October 21, 2026

विजयदशमी पर संघ का पथ संचलन, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

101वें वर्ष में प्रवेश पर राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता का संकल्प

हाथरस। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विजयदशमी के अवसर पर 101वें वर्ष में प्रवेश कर गया। इस मौके पर सूर्यनगर बस्ती एवं मितई बस्ती के स्वयंसेवकों ने डीआरबी इंटर कॉलेज में विजयादशमी उत्सव मनाया। कार्यक्रम के बाद नगर में करीब तीन किलोमीटर लंबा पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में घोष की धुन पर कदमताल करते स्वयंसेवकों का बाजारों और रास्तों में लोगों ने पुष्पवर्षा एवं इत्र की वर्षा कर स्वागत किया। भारत माता की जय और वंदेमातरम के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।विजयदशमी उत्सव में मुख्य वक्ता जिला प्रचारक जितेंद्र ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा के संकल्प के साथ 101वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। हिंदू समाज को विभाजित करने के प्रयास सफल नहीं हुए हैं। उन्होंने समस्त हिंदू समाज से एकजुट होकर भारत को विश्व में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रचारक जितेंद्र, नगर संघचालक डॉ. पीपी सिंह और कार्यक्रम अध्यक्ष युवा समाजसेवी सोनू ठाकुर ने डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार, पूज्य गुरुजी और भारत माता के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद शस्त्र पूजन हुआ और स्वयंसेवक ने एकल गीत प्रस्तुत किया।जिला प्रचारक ने भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि शबरी के बेर ग्रहण करने तथा निषादराज और जटायु को सम्मान देने के माध्यम से भगवान राम ने समानता, समरसता और भेदभाव मिटाने का संदेश दिया। राम के आदर्शों को अपनाकर ही रामराज्य की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता, आपसी सद्भाव और एकता मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।उन्होंने कहा कि विजयदशमी अन्याय और अधर्म के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। समाज में व्याप्त बुराइयों रूपी रावण का अंत करने के साथ प्रत्येक व्यक्ति को अच्छे विचारों और संस्कारों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। शस्त्र पूजन की परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शक्ति, साहस और संघर्षशीलता के बल पर ही चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।जिला प्रचारक जितेंद्र ने नई पीढ़ी के युवाओं को देश की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि संस्कारित, राष्ट्रभक्त और आदर्शवादी युवा देश और समाज को नई दिशा दे सकते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण, सामाजिक एकता और सकारात्मक बदलाव के लिए करना चाहिए तथा भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों को आत्मसात करना चाहिए।कार्यक्रम अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने कहा कि संघ समाज में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा और संस्कारों की भावना जागृत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व युवा भारत की ओर देख रहा है, जबकि भारत की बढ़ती युवा शक्ति को महाशक्ति बनने से रोकने के लिए युवाओं को गलत दिशा में ले जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

डीआरबी से निकला पथ संचलन

विजयदशमी उत्सव के बाद डीआरबी से पथ संचलन शुरू हुआ। नई धर्मशाला, चावड़ गेट, नयागंज, मोती बाजार, नजिहाई बाजार, घंटाघर, बेनीगंज, रामलीला मैदान, कमला बाजार, गुड़िहाई बाजार और सादाबाद गेट होते हुए संचलन डीआरबी मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। बाल स्वयंसेवकों से लेकर प्रौढ़ और वयोवृद्ध स्वयंसेवक तक पथ संचलन में शामिल रहे। वयोवृद्ध स्वयंसेवकों का उत्साह भी देखते ही बना। बाजारों में बड़ी संख्या में लोग पथ संचलन देखने के लिए जुटे रहे। सड़क किनारे और घरों की छतों से स्वयंसेवकों पर पुष्पवर्षा की गई तथा कई स्थानों पर इत्र की वर्षा कर स्वागत किया गया।इस अवसर पर नगर प्रचारक सौरभ सहित संघ के विभाग, जिला एवं नगर स्तर के पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। नगर की वसुंधरा एन्क्लेव स्थित बजरंग शाखा, मुरसान गेट की वीर सावरकर शाखा, तरफरा बस्ती की चाणक्य शाखा सहित विभिन्न शाखाओं पर भी विजयदशमी उत्सव मनाया गया।

ट्रक हेल्पर को ई-रिक्शा और कार ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत

हाथरस। हाथरस-अलीगढ़ रोड पर गुनगुन एन्क्लेव के पास एक ट्रक हेल्पर की जान चली गई। तेज रफ्तार ई-रिक्शा और अज्ञात कार चालकों ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए युवक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें ट्रक हेल्पर का काम करने वाले युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक की बहन ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है।
कोतवाली में दी तहरीर में नई दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी अजू भारती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई लक्ष्मण सिंह उर्फ गौतम ट्रक पर बतौर हेल्पर काम करता था। पंद्रह सितंबर की शाम करीब पौने नौ बजे वह अपने ट्रक मालिक के आदेशानुसार हाथरस से अलीगढ़ जा रहा था। तभी सासनी के पास पहुंचने पर उसे याद आया कि ट्रक की स्टेपनी पंक्चर है। पंक्चर बनाने वाले मिस्त्री को बुलाने के लिए जैसे ही वह ट्रक से उतरकर आगे बढ़ा, तभी तेजी और लापरवाही से आ रहे ई-रिक्शा और अज्ञात कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल लक्ष्मण सिंह को तुरंत सासनी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे अलीगढ़ के मलखान सिंह जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की बहन का आरोप है कि ट्रक मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को देने की बात कही थी, लेकिन वास्तव में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बाद पीड़िता ने खुद सासनी थाने में उपस्थित होकर अज्ञात ई-रिक्शा और कार चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

लोक भारती पहनायेगी तीर्थ क्षेत्रों को हरिशंकरी की माला

नैमिषारण्य से शुरू होगी परिक्रमा यात्रा- पवन सिंह चौहान

लखनऊ । लोक भारती द्वारा उत्तर प्रदेश में स्थित चारों परिक्रमा पथों (अयोध्या, मथुरा, नैमिषारण्य, चित्रकूट) के हर कोस पर हरिशकरी (पीपल, बरगद, पाकड़ एक ही थाले में) रोपित कर उनको हरिशंकरी की माला पहनाने का अभियान चल रहा है। यात्रा प्रभारी लोक भारती के अवध क्षेत्र अध्यक्ष पवन सिंह चौहान ने बताया प्रथम चरण में आगामी 24 से 29 अक्टूबर तक एक यात्रा का आयोजन नैमिषारण्य के 84 कोस के परिक्रमा पथ पर किया जा रहा है। जिसमें अभियान में प्रत्येक कोस का नामकरण प्रतिनिधि ऋषि के नाम से पूज्य संतो एवं जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में समाज के द्वारा हरिशंकरी रोपण किया जाएगा । हर कोस पर लगने वाले हरिशंकरी को भविष्य में कोस पड़ाव के रूप में स्थापित किया जाएगा । लोक भारती के बृजेन्द्र पाल सिंह (राष्ट्रीय संगठन मंत्री) ने बताया हर कोस पड़ाव पर शासन के द्वारा प्रकाश, जल, प्रशाधन एवं बैठने की व्यवस्था की मांग की जाएगी । इन हरिशंकरी का रोपण समाज के सभी वर्गों को आमंत्रित कर शासन व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में उत्सव पूर्वक (यज्ञ, स्वास्ती वाचन, मत्रोच्चार, परिक्रमा आदि) किया जाएगा। लोक भारती के श्री गोपाल उपाध्याय (राष्ट्रीय संगठन सचिव) ने बताया परिक्रमा का उद्घाटन 24 अक्टूबर शनिवार को प्रातः 9 बजे नैमिषारण्य के चक्रतीर्थ पर हरिशंकरी रोपित करके प्रारंभ होगा तथा हर कोस पर हरिशंकरी लगाते हुए यात्रा के स्वरूप में 29 अक्टूबर को समाप्त होगा । यात्रा के दौरान स्थान-स्थान पर जनसभाएं एवं उत्सवों का आयोजन किया जाएगा । जिसमें प्रदेश सरकार के अनेक मंत्रीगण स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पूज्य संतगणों को आमंत्रित किया गया है । इससे पूर्व में लोक भारती मथुरा के गोवर्धन परिक्रमा पथ एवं चित्रकूट के कामदगिरी परिक्रमा पथ पर हरिशकरी रोपित कर चुका है। अवध प्रान्त सयोजक लोक भारती कमलेश सिह ने यात्रा मार्ग की जानकारी देते हुए बताया, यात्रा 24 को चक्रतीर्थ नैमिषारण्य से प्रारम्भ होकर कोरौना द्वारिकाधीश, हरैया, नगवों कोथाँवा, गिरधरपुर उमरारी, साक्षी गोपालपुर, देवगवा, मंडरुआ, जरिगंवा, नैमिषारण्य, बरेठी होते हुए मिश्रिख पर समाप्त होगी। वार्ता में पवन सिंह चौहान , बृजेन्द्र पाल सिंह (राष्ट्रीय संगठन मंत्री), गोपाल उपाध्याय (संगठन सचिव लोक भारती) , सौरभ सिंह (सह सम्पर्क प्रमुख) , कमलेश सिंह (प्रांत संयोजक लोक भारती) कौशल चंद्रवंशी आदि बंधु उपस्थित रहे।

एटा में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि, पुष्प चक्र अर्पित कर किया नमन

एटा 21 अक्टूबर उप्रससे। जनपद में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसएसपी डॉ. इलामारन जि, एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और सच्चिदानंद समेत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के बलिदान को नमन किया। इस दौरान देश की एकता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित रहने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. इलामारन जि, एएसपी श्वेताभ पाण्डेय और सच्चिदानंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिवस कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों के सम्मान में आयोजित किया जाता है। इस मौके पर पुलिस बल के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा के प्रति समर्पण को याद किया जाता है।

पुलिस स्मृति दिवस का संबंध वर्ष 1959 की लद्दाख घटना से है। उस दौरान हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों से मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं जवानों के बलिदान की स्मृति में हर साल 21 अक्टूबर को यह दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह, सदर संकल्प दीप कुशवाह, सकीट नीतीश गर्ग, जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अलीगंज राजेश सिंह, यातायात अरुण कुमार सिंह, कार्यालय सुनील अहलावत, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रशांत राणा और प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम समेत अन्य अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर देश की एकता बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कर्तव्य निभाने का संकल्प लिया गया।

निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम करते समय गिरा मजदूर, गंभीर रूप से घायल

फिरोजाबाद के ट्रॉमा सेंटर में कराया भर्ती, निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

फिरोजाबाद। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर काम के दौरान बुधवार सुबह एक मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। घायल मजदूर को उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फ्लाईओवर निर्माण के दौरान हादसे होने की घटनाओं को लेकर कार्यस्थल पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रदीप (45) पुत्र गुलाल निवासी रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगा हुआ था। बुधवार सुबह काम करते समय वह अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसे चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर इससे पहले भी कई बार दुर्घटनाएं होने की बात सामने आई है। लगातार हो रहे हादसों के बीच मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों, पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों और कार्यस्थल पर निगरानी की व्यवस्था जरूरी है। ताजा हादसे ने एक बार फिर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

« Newer Posts — Older Posts »