Web News

www.upwebnews.com

माँ के हाथों तीन वर्षीय मासूम की मौत, बलदेव पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

July 28, 2026

माँ के हाथों तीन वर्षीय मासूम की मौत, बलदेव पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Mathura News

Mathura Samachar

मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के गांव छौली में तीन वर्षीय मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ महावन संजीव कुमार राय  के अनुसार प्रथम दृष्टया पूछताछ में सामने आया है कि बच्चे की मां ने उसे शांत कराने के दौरान कथित रूप से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गांव छौली निवासी गोविंद गुप्ता ने बताया कि उनके भाई की पत्नी ने अपने तीन वर्षीय पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई।
जांच में पता चला कि घटना 28 जून 2026 की है। पुलिस के अनुसार बच्चे की मां रुचि गुप्ता ने पूछताछ में बताया कि बच्चा खेलते समय शरारत कर रहा था। उसे रोकने और डांटने के दौरान कथित रूप से उसका गला दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने अपने पति को केवल इतना बताया कि बच्चा उठ नहीं रहा है। पति बच्चे को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि बाद में महिला ने अपने पति के सामने घटना स्वीकार की, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना बलदेव में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

July 26, 2026

लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित हुई महावन बांगर ग्राम पंचायत

मथुरा। पाञ्चजन्य सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में ग्राम पंचायत महावन बांगर को उत्कृष्ट विकास कार्यों, नवाचारों एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत ने जनपद मथुरा में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि अपने नाम की।
समारोह में ग्राम पंचायत महावन बांगर के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) चिंटू कुमार कुन्तल को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह (आईएएस) ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी की अध्यक्षता में विधायक पूरन प्रकाश एडवोकेट तथा विधायक राजेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता (आईएएस), जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे तथा जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने भी पुरस्कार प्रदान कर टीम का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक अरुण कुमार उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम प्रधान, सचिव, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह सम्मान ग्राम पंचायत महावन बांगर में हुए समग्र विकास, स्वच्छता, जनसहभागिता और पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्राम पंचायत की यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बनी है।

July 25, 2026

मथुरा में दिनदहाड़े 80-85 लाख के सोने की लूट, व्यापारी के कर्मचारी को बनाया निशाना

गोवर्धन चौराहे के पास वारदात, एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, कई टीमें जांच में जुटीं
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में दिल्ली हाईवे स्थित गोवर्धन चौराहे के निकट रविवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी के कर्मचारी से करीब 80 से 85 लाख रुपये मूल्य का सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, गोवर्धन चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर जैन मंदिर के सामने राजस्थान निवासी व्यापारी के कर्मचारी गौरव से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की धातु से भरा बैग लूट लिया। वारदात व्यस्त दिल्ली हाईवे पर होने से लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी (सीओ), थाना हाईवे पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कर्मचारी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस सभी पहलुओं, जिनमें संभावित आंतरिक संलिप्तता भी शामिल है, पर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एसएसपी के निर्देश पर बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस दिल्ली हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

मुड़िया पूनो मेला आज से, 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत को सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

470वें राजकीय मेले के लिए 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टर बनाए गए, 690 सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से होगी निगरानी
मथुरा। विश्व प्रसिद्ध 470वें राजकीय मुड़िया पूनो मेला-2026 का शुभारंभ गुरुवार से हो रहा है। 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से करीब 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटना मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर और 54 ‘गिर्राज मोबाइल’ टीमें लगातार गश्त करेंगी। वहीं मानसी गंगा, राधाकुंड सहित अन्य जलाशयों पर पीएसी, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की विशेष तैनाती रहेगी।

मथुरा में रोडवेज बस ने रौंदे मजदूर दंपती, दोनों की मौके पर मौत; पांच वर्षीय नातिन गंभीर

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के नवादा चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे मजदूर दंपती को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद पांच वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद और मंजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

« Newer PostsOlder Posts »