Web News

www.upwebnews.com

नल पर पानी पीने गई महिला पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर

October 27, 2026

नल पर पानी पीने गई महिला पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर

सुबह तीन बजे की घटना से गांव में दहशत, घर के आसपास मिले तेंदुए के पगचिह्न
उ प्र समाचार सेवा

मैलानी खीरी।मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम नारंग खुड्डी में मंगलवार तड़के घर के बाहर लगे नल पर पानी पीने गई 62 वर्षीय महिला पर हिंसक वन्यजीव ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुटे तो वन्यजीव महिला को छोड़कर भाग निकला। वन विभाग के अनुसार, घटनास्थल के आसपास तेंदुए के पगचिह्न मिले हैं।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम नारंग खुड्डी निवासी कौशल्या देवी (62), पत्नी राम नरेश, मंगलवार तड़के करीब तीन बजे घर के बाहर लगे नल पर पानी पीने गई थीं। इसी दौरान नल के पास बैठे वन्यजीव ने अचानक उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों की भीड़ जुटने पर वन्यजीव महिला को छोड़कर भाग गया।

हमले में गंभीर रूप से घायल कौशल्या देवी को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल लखीमपुर के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

वन विभाग को मिले तेंदुए के पगचिह्न

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने घर के आसपास तेंदुए के पगचिह्न मिलने की पुष्टि की है। इससे ग्रामीणों में जंगली जानवर की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सत्य भक्ति करने वाला साधक सतलोक प्राप्त कर सकता है : संत रामपाल

भोगीपुरवा में हुआ मासिक सत्संग, जिले की सभी तहसीलों से पहुंचे अनुयायी, कई लोगों ने ली नामदीक्षा
उ प्र समाचार सेा
लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी के भोगीपुरवा में जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज का विशाल मासिक सत्संग हुआ। इसमें जनपद की सभी तहसीलों से अनुयायियों ने भाग लिया। सत्संग में गीता, वेद, कुरान, बाइबल, पुराण और रामचरितमानस सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथों के प्रमाणों के आधार पर भक्ति का महत्व बताया गया।
सत्संग में वक्ताओं ने अथर्ववेद के कांड 4, अनुवाक 1, मंत्र 6 और ऋग्वेद के मंडल 10, सूक्त 90, मंत्र 16 का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्ण परमेश्वर की सत्य साधना करने वाला साधक सतलोक प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कबीर साहेब को अविनाशी परमेश्वर बताते हुए उनकी भक्ति को मोक्ष प्राप्ति का मार्ग बताया। वक्ताओं के अनुसार, सतलोक वह स्थान है, जहां से जीवात्मा के बिछुड़ने की मान्यता बताई जाती है।
सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया
जिला कोऑर्डिनेटर रवि कुमार ने बताया कि जनपद लखीमपुर खीरी की सभी तहसीलों के गांवों में संत रामपाल जी महाराज के अनुयायी हैं। उनके अनुसार, अनुयायी संत जी द्वारा बताई गई भक्ति पद्धति अपनाने के साथ दहेज लेन-देन, नशा, घूसखोरी और जातिगत भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन बुराइयों से दूर रहकर समाज में बेहतर वातावरण बनाया जा सकता है।
कई लोगों ने ग्रहण की नामदीक्षा
सत्संग के दौरान कई लोगों ने संत रामपाल जी महाराज के नियमों का पालन करने का संकल्प लेते हुए नामदीक्षा ग्रहण की। आयोजकों ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और लोगों को आध्यात्मिक मार्ग से जोड़ने पर जोर दिया। इस दौरान संत रामपाल जी महाराज द्वारा लिखित पुस्तक ‘जीने की राह’ का भी उल्लेख किया गया। आयोजकों ने इच्छुक लोगों से पुस्तक प्राप्त कर उसके विचारों को जानने की अपील की।

October 10, 2026

सब्जियों के नीचे छिपाकर नेपाल ले जाया जा रहा लाखों का तस्करी का माल बरामद

उ प्र समाचार सेवा
गौरीफंटा खीरी ।भारत-नेपाल के गौरीफंटा बॉर्डर पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम विभाग के दावों की पोल खुल गई है। भारतीय सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल, स्थानीय पुलिस और कस्टम विभाग की कथित पैनी नजरों को चकमा देकर नेपाल में दाखिल हुए एक भारतीय सब्जी के मिनी ट्रक को नेपाल पुलिस ने भारी मात्रा में तस्करी के सामान के साथ दबोच लिया है। नेपाल के धनगढ़ी स्थित ट्रैफिक चौराहे पर हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों के सुरक्षा महकमों में हड़कंप मच गया है।यह मिनी ट्रक (नंबर: UP 23 T 8675) भारतीय सीमा से सब्जी लादकर नेपाल में दाखिल हुआ था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और कस्टम की चेकिंग से बचकर ट्रक नेपाल के धनगढ़ी तक पहुंच गया। लेकिन वहां ट्रैफिक चौराहे पर तैनात कैलाली पुलिस को गाड़ी पर शक हुआ। जब पुलिस ने ट्रक को रोककर उसकी सघन तलाशी ली, तो सब्जियों के नीचे छिपाकर रखा गया तस्करी का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।लाखों का माल बरामद: जांच के दौरान ट्रक से 26 लाख 88 हजार नेपाली रुपये मूल्य के मोबाइल फोन डिस्प्ले और अन्य अवैध तस्करी का सामान बरामद किया गया है।भारतीय ट्रक जब्त: नेपाल पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल हो रहे भारतीय मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है।चालक गिरफ्तार: ट्रक चालक की पहचान लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी 25 वर्षीय आकिब खान के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

इस सनसनीखेज मामले ने गौरीफंटा सीमा पर तैनात एसएसबी, स्थानीय पुलिस और कस्टम विभाग की चेकिंग व्यवस्था व सीमा शुल्क प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर इतनी कड़ाई के बावजूद यह ट्रक बिना चेकिंग के सीमा पार कैसे कर गया?फिलहाल, नेपाल की कैलाली पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर और सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

संदिग्ध परिस्थितियों में रिटायर्ड दरोगा की मौत

बेटे पर धक्का देकर गिराने और डंडे से हमला करने का आरोप,

गुप्ता कॉलोनी में हुई घटना से मचा हड़कंप,

सीसीटीवी फुटेज सामने आने की चर्चा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से खुलेगा मौत का राज
उ प्र समाचार सेवा
गोला गोकर्णनाथ खीरी। जनपद के गोला कोतवाली क्षेत्र स्थित गुप्ता कॉलोनी में एक सेवानिवृत्त दरोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले में मृतक के ही बेटे पर धक्का देकर गिराने और डंडे से प्रहार करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने की जानकारी भी मिल रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटना के पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दरोगा वर्ष 2016 में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। बताया जाता है कि उनके तीन बेटे हैं। इनमें से दो बेटे अलग रहते हैं, जबकि सेवानिवृत्त दरोगा अपने तीसरे बेटे के साथ रह रहे थे। इसी दौरान हुई घटना अब कई सवाल खड़े कर रही है।

October 8, 2026

शादी के बाद बढ़ा विवाद तो पूर्व प्रेमी ने गला दबाकर खाई में फेंक दी लाश

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी।खीरी पुलिस ने कस्ता सीतापुर मार्ग पर पकरिया जलालपुर के पास मिले महिला के शव के मामले में गुत्थी सुलझा लिया है पुलिस के मुताबिक लखीमपुर निवासी ज्योति शुक्ला की हत्या उसके पूर्व प्रेमी अतुल अवस्थी ने की थी ज्योति और अतुल के बीच करीब 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था अतुल की शादी होने के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था जिस दिन घटना को अंजाम दिया गया उस दिन अतुल ज्योति को अपनी ऑटो कार में ले गया रास्ते में उसने ज्योति का गला दबाकर हत्या कर दी इसके बाद शव को पकरिया गांव के पास सड़क के किनारे पानी भरी खाई में फेंक दिया सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अतुल को मितौली बड़ा गांव मार्ग पर लखीमपुर सीतापुर बॉर्डर पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है सीओ यादवेंद्र यादव ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई है जांच में दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को जेल भेज दिया गया है।

« Newer Posts — Older Posts »