थकान और नींद आने से चालक का बिगड़ा संतुलन, दो घायलों को आगरा रेफर
हाथरस। देर रात गांव महमूद बरसे के निकट करीब पौने दो बजे वाहन संख्या यूपी 80 जीटी 2187 अनियंत्रित होकर सड़क की विपरीत दिशा में स्थित पीपल के पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन सवार 11 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेजदिया है।
शनिवार को पुलिस के अनुसार मिली जानकारी में एक ही परिवार के लोग चार अगस्त को आगरा के मलपुरा से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। चार दिनों से लगातार इसी वाहन से यात्रा करने के बाद शुक्रवार रात हरिद्वार से अपने गांव मलपुरा लौट रहे थे। महमूद बरसे के पास चालक रमन पुत्र चंद्रपाल, उम्र करीब 35 वर्ष, को थकान और नींद आ जाने के कारण पिकअप वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और पिकअप सड़क की दूसरी दिशा में जाकर पेड़ से टकरा गई। घटना की जानकारी होते ही राहगीरों की भीड जुट गई। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चैधरी मयफोर्स के मौके पर पहुंच गई और ऐंबुलेंस के जरिए लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला हाॅस्पीटल भेजा। जहां सभी का उपचार कराया गया। वहीं गंभीर हालत को देखते हुए इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र और ऋतिक पुत्र सुनील को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे में इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र (42), दीपक (16), संजय (40), ऋतिक (15), आदि (13), रितु (12), धर्मेंद्र (42), चालक रमन (35), रेखा (28), पिंकी (38) और ओम (40) घायल हुए हैं। सभी मलपुरा थाना क्षेत्र, आगरा के निवासी बताए गए हैं। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
हाथरस। श्रावण मास के पावन अवसर पर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों का हाथरस-मथुरा मार्ग स्थित हातिसा पुल के निकट नगर पालिका परिषद द्वारा स्थापित कांवड़ कैंप में जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कांवड़ियों को प्रसाद भी वितरित किया गया।कांवड़ियों के स्वागत के दौरान सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने शिवभक्तों पर पुष्
हाथरस। सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव मुकुंदखेड़ा में शुक्रवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार गांव मुकुंदखेड़ा निवासी हसन पुत्र सद्दीक टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था। शुक्रवार सुबह वह घर में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंची सासनी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।मृतक अपने पीछे चार बच्चों को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाथरस। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार सभी कार्यक्रम समयबद्ध ढंग से आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करने के भी निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठानों तथा औद्योगिक इकाइयों में भारतीय ध्वज संहिता का पालन करते हुए सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।उन्होंने निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त तक घरों और प्रतिष्ठानों पर लगाए गए तिरंगे को निर्धारित अवधि के बाद सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। किसी भी स्थान पर फटा, गंदा अथवा आधा झुका तिरंगा न लगाया जाए। साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों, सरकारी भवनों और विद्युत पोलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, प्रभात फेरियां, रैलियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। पहले चरण (6 से 8 अगस्त) में स्कूलों में प्रतियोगिताएं, शहीद स्थलों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई होगी। दूसरे चरण (9 से 12 अगस्त) में तिरंगा सेल्फी अभियान, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, तिरंगा बाइक रैली, तिरंगा यात्राएं, तिरंगा महोत्सव, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तीसरे चरण (13 से 15 अगस्त) में सरकारी भवनों एवं बाजारों में तिरंगा लाइटिंग, सेल्फी प्वाइंट, झंडारोहण, वृक्षारोपण, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान तथा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।