Web News

www.upwebnews.com

20 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, तहसील परिसर में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

July 18, 2026

20 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, तहसील परिसर में एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई से मचा हड़कंप

हाथरस। जनपद की सिकंदराराऊ तहसील में शनिवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कानूनगो को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में हड़कंप फैल गया।जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता धर्मवीर बघेल ने आरोप लगाया था कि जमीन की पैमाइश एवं नापतौल से संबंधित कार्य कराने के बदले कानूनगो नरेंद्र तिवारी 20 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की गई। शिकायत का सत्यापन होने के बाद अलीगढ़ से पहुंची एंटी करप्शन टीम ने तहसील परिसर स्थित कैंटीन में जाल बिछाया।पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही कानूनगो ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेकर अपनी जेब में रखे, टीम ने तत्काल उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी कानूनगो को अपने साथ ले गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

नो एंट्री’ सिर्फ कागजों में? गौशाला मार्ग पर भारी वाहनों की धमाचौकड़ी से शहर बेहाल

बिजली कॉटन मिल चौराहा बना भारी वाहनों का प्रवेश द्वार, रोजाना लगने वाले जाम से जनता त्रस्त; कार्रवाई न होने पर उठ रहे सवाल

हाथरस। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद गौशाला मार्ग पर रोजाना लगने वाला भीषण जाम प्रशासनिक दावों की पोल खोल रहा है। हालात ऐसे हैं कि स्कूल बसों से लेकर एंबुलेंस तक घंटों जाम में फंसी रहती हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बना हुआ दिखाई देता है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में भारी वाहनों की नो एंट्री होने के बावजूद बिजली कॉटन मिल चौराहे से ट्रक और अन्य बड़े वाहन बेरोकटोक शहर में प्रवेश कर रहे हैं। यही कारण है कि गौशाला मार्ग दिनभर जाम की गिरफ्त में रहता है। बड़े वाहन जैसे ही इस संकरे मार्ग पर पहुंचते हैं, दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और पूरा यातायात ठप हो जाता है।शहरवासियों का कहना है कि सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अस्पताल जाने वाले मरीजों को उठानी पड़ रही है। कई बार एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर भी बन आती है।प्रशासन समय-समय पर शहर को जाम मुक्त बनाने और नो एंट्री का सख्ती से पालन कराने के दावे करता है, लेकिन धरातल पर तस्वीर बिल्कुल अलग दिखाई देती है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि यदि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है, तो आखिर रोजाना दर्जनों ट्रक किसकी अनुमति से शहर के भीतर प्रवेश कर रहे हैं?शहर में यह भी चर्चा है कि इस पूरे मामले को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। इन चर्चाओं ने यातायात व्यवस्था की निगरानी और नियमों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।नागरिकों  ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि बिजली कॉटन मिल चौराहे पर स्थायी पुलिस व्यवस्था की जाए, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई जाए और नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि केवल इस एक प्रवेश बिंदु पर प्रभावी निगरानी कर दी जाए तो गौशाला मार्ग का वर्षों पुराना जाम काफी हद तक समाप्त हो सकता है।अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा या फिर शहरवासी रोजाना इसी जाम का दंश झेलते रहेंगे। जनचर्चाओं और लगातार उठ रही शिकायतों ने पुलिस और प्रशासन के सामने यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

July 13, 2026

वृद्धाश्रम पहुंचीं पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, बुजुर्गों के साथ किया हरिनाम संकीर्तन

Posted on 13.07.2026 Time 08.40 PM
Hathras News

जगन्नाथ रथ यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सेवा और सम्मान का दिया संदेश

निस्वार्थ सेवा संस्थान के सदस्यों के साथ पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी

हाथरस, 13 जुलाई 2026, ।नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने आगरा रोड स्थित वृद्धाश्रम में आयोजित हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम में पहुंचकर बुजुर्गों के साथ समय बिताया। निस्वार्थ सेवा संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल जाना और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की।महाप्रभु जगन्नाथ रथ यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित संकीर्तन में भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक गुप्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान “जगन्नाथ चक्का नयन” सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति पर वृद्धाश्रम के बुजुर्ग भक्ति भाव में झूम उठे और हरिनाम संकीर्तन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि बुजुर्ग समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके साथ समय बिताना, उनका सम्मान करना और उन्हें अपनापन देना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने निस्वार्थ सेवा संस्थान द्वारा वृद्धजनों के लिए नियमित रूप से किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करते हैं।संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने बताया कि संस्था प्रत्येक माह वृद्धाश्रम में हरिनाम संकीर्तन का आयोजन करती है, जिससे यहां रहने वाले बुजुर्गों को आध्यात्मिक आनंद और आत्मीय वातावरण मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सभी बुजुर्गों को प्रसाद वितरित किया गया तथा संस्था की ओर से पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी और विवेक गुप्ता का सम्मान किया गया।इस अवसर पर संस्था के सचिव नीरज गोयल, कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल, सारांश टालीवाल, तरुण राघव, निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, सतेंद्र मोहन, स्वदेश वार्ष्णेय, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय, लोकेश सिंघल, विशाल सोनी, सौरभ शर्मा, आलोक अग्रवाल, यश वार्ष्णेय, सुनील कुमार, अतीश अग्रवाल, शिवम सोनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

July 12, 2026

एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में 5 घंटे में मिला लापता बालक, टूंडला स्टेशन से सकुशल बरामद

Posted on 12.07.2026 Time 09.17 PM Hathras News
हाथरस। हाथरस पुलिस ने “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से नाराज होकर लापता हुए 12 वर्षीय बालक को महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों और सर्विलांस सेल ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया की मदद से बालक की तलाश शुरू की। जांच के दौरान टूंडला (फिरोजाबाद) रेलवे स्टेशन से बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार बालक ट्यूशन के लिए घर से निकला था, लेकिन मां की डांट से नाराज होकर वापस नहीं लौटा। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल अभियान चलाया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने हाथरस पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की। शहरवासियों ने भी इस सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा की।

July 9, 2026

सड़क हादसे में पत्रकार पवन कुमार की मौत, शोक की लहर

हाथरस। जनपद की लेबर कॉलोनी निवासी पत्रकार पवन कुमार गुप्ता की इटावा में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। उनके असामयिक निधन की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पत्रकारिता जगत और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।बताया गया कि पवन कुमार गुप्ता मंगलवार देर रात कानपुर स्थित अपनी ससुराल से बाइक से हाथरस लौट रहे थे। इटावा में समृद्धि हॉस्पिटल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

« Newer PostsOlder Posts »