Web News

www.upwebnews.com

बाँके बिहारी मंदिर में बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन व्यवस्था की मांग

February 25, 2026

बाँके बिहारी मंदिर में बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन व्यवस्था की मांग

जनसेवार्थ मंच ने जिलाधिकारी मथुरा को भेजा पत्र
हाथरस। जनसेवार्थ मंच के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता आशीष सेंगर ने वृन्दावन स्थित बाँके बिहारी मंदिर में 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं के लिए अलग दर्शन व्यवस्था किए जाने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी मथुरा को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
पत्र में कहा गया है कि श्रीधाम वृन्दावन स्थित मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर प्रशासन द्वारा आवागमन एवं दर्शन की व्यवस्थाएं की गई हैं, फिर भी अधिक भीड़ के कारण बुजुर्ग श्रद्धालुओं को शारीरिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आशीष सेंगर ने उल्लेख किया कि 22 फरवरी को दर्शन के दौरान गेट नंबर 2 की लाइन में खड़े समय दो बुजुर्ग महिला श्रद्धालुओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिन्हें भीड़ के बीच से बाहर निकालना पड़ा। इन घटनाओं से व्यथित होकर उन्होंने बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था की आवश्यकता जताई।
पत्र में सुझाव दिया गया है कि 60 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पंजीकरण कराया जाए तथा गेट नंबर 5 से अलग लाइन के माध्यम से दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें भीड़ से राहत मिल सके। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि उचित कदम उठाकर बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए दर्शन को अधिक सुगम बनाया जाएगा।

February 24, 2026

ई-रिक्शा पलटने के बाद दो पक्षों में मारपीट, कई घायल

हाथरस। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव छौंक में स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ई-रिक्शा पलटने के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडों और पशुओं को बांधने वाली जंजीरों से हुए हमले में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार गांव ततारपुर निवासी मनोज बच्चों को ई-रिक्शा से गांव फुलई स्थित विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। गांव छौंक में एक ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक ई-रिक्शा के आगे ट्रैक्टर लगाने से वाहन असंतुलित होकर पलट गया। गनीमत रही कि बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद ई-रिक्शा चालक और ट्रैक्टर चालक में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
मारपीट में एक पक्ष से देव प्रकाश, कमल और बच्ची नेहा तथा दूसरे पक्ष से भगवान सिंह, विनीत और कृष्णा घायल हुए हैं। सभी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

कागजों में हरियाली, जमीन पर उजाड़

कुंभकरणीय नींद में विभाग, पेड़ों पर बेरोक चल रही कुल्हाड़ी

हाथरस। जनपद में पर्यावरण संरक्षण के दावे भले ही फाइलों में हरे-भरे दिखाई देते हों, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल उलट नजर आ रही है। हरे-भरे पेड़ों पर धड़ल्ले से कुल्हाड़ी चल रही है और जिम्मेदार विभाग कुंभकरणीय नींद में सोया हुआ प्रतीत हो रहा है। कागजों में वृक्षारोपण, निरीक्षण और कार्रवाई की लंबी-चौड़ी रिपोर्ट तैयार हो रही है, मगर धरातल पर हरियाली तेजी से गायब हो रही है।
सूत्रों के अनुसार प्रतिदिन सैकड़ों से लेकर लगभग एक हजार तक पेड़ों का दोहन किया जा रहा है। बागों के ठेके लेकर रातों-रात पेड़ों को काटा जा रहा है और लकड़ी की खेप खुलेआम निकल रही है। हैरानी की बात यह है कि जिन रास्तों से ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक गुजरते हैं, वहां से प्रशासनिक निगाहें कैसे चूक जाती हैं? या फिर सबकुछ देखकर भी अनदेखा किया जा रहा है?
जनपद में टीटीजेड के नाम पर उद्योगों पर सख्ती दिखाने वाले अधिकारी अवैध कटान के मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। सवाल ये  उठ रहा है कि क्या कार्रवाई सिर्फ छोटे कारोबारियों तक सीमित है? पर्यावरण संरक्षण के नाम पर बैठकें और निर्देश तो जारी हो रहे हैं, लेकिन धरातल पर अमल नदारद है।
कुछ लोगों का दावा है कि इस खेल में मोटी कमाई का हिस्सा तय है, इसलिए शिकायतें भी फाइलों में दबकर रह जाती हैं। पूर्व में एक पर्यावरणविद के आंदोलन के दौरान कुछ समय के लिए कुल्हाड़ी की रफ्तार थमी थी, मगर अब फिर वही हाल है। यदि जिम्मेदार विभाग इसी तरह कागजी खानापूर्ति में उलझे रहे तो आने वाले समय में हाथरस की हरियाली इतिहास बनकर रह जाएगी।

घरेलू विवाद से आहत युवक ने जहर खाया, हालत गंभीर

हाथरस। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के रानी का नगला मोहल्ले में घरेलू विवाद से परेशान 45 वर्षीय युवक ने कथित रूप से जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी अपनी बेटी के साथ मुरसान स्थित मायके में रह रही थी। कई बार मनाने के बावजूद पत्नी के वापस न लौटने से वह मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठा लिया। जहर खाने के बाद वह अपनी फैक्ट्री पहुंचा, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने पर बेहोश हो गया। फैक्ट्री मालिक व कर्मचारियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

शादी समारोह में स्प्रे कर उड़ाया जेवर व तीन लाख नगद

हाथरस। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के आगरा रोड स्थित अग्रवाल सेवा सदन में चल रहे एक विवाह समारोह के दौरान अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी से भरा बैग पार कर ले गए। घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
गांव गढ़ी परती निवासी सुनील परमार की बेटी गरिमा की शादी समारोह में आगरा से बारात आई थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने परिवार की एक महिला पर स्प्रे कर दिया, जिससे उसे तेज खुजली होने लगी और हड़कंप मच गया। मौके का फायदा उठाकर एक छोटा बच्चा जेवरात और करीब तीन लाख रुपये नगद से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
बैग में सोने की अंगूठियां, कुंडल, पाजेब, चांदी के बिछुए, सैमसंग मोबाइल सहित अन्य सामान रखा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद बताई जा रही है। कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

« Newer PostsOlder Posts »