Web News

www.upwebnews.com

श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण समापन, भव्य शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ 

July 25, 2026

श्रीमद्भागवत कथा का भावपूर्ण समापन, भव्य शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ 

फोटो –सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर  कथा में पहुंचकर आचार्य वल्लभ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड स्थित श्री गया प्रसाद महाराज की तपोभूमि में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में भावपूर्ण समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन आचार्य वल्लभ महाराज ने सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित के मोक्ष, भागवत महात्म्य एवं श्रीमद्भागवत के उपसंहार का प्रेरणादायी वर्णन किया।कथाव्यास ने कहा कि सुदामा चरित्र सच्ची मित्रता, निष्काम प्रेम, विनम्रता और भगवान पर अटूट विश्वास का संदेश देता है। भगवान श्रीकृष्ण भक्त के प्रेम के भूखे हैं, वैभव के नहीं। श्रद्धा और निष्कपट भाव से भगवान का स्मरण करने वाले भक्तों के कष्ट स्वयं प्रभु दूर करते हैं।कथा विश्राम के बाद भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकियों, भजन-कीर्तन और जयघोषों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत महापुराण की आरती कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और सनातन धर्म की उन्नति की कामना की। इस दौरान सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने भी कथा में पहुंचकर आचार्य वल्लभ महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।आयोजन समिति के गोविंद बल्लभ ने बताया कि 28 जुलाई को नई धर्मशाला, चामड़ गेट में सायंकाल दिव्य सत्संग तथा 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से दोनों आयोजनों में सपरिवार शामिल होने की अपील की।कार्यक्रम में गिरिराज किशोर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, अनुपम अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, संजय शर्मा, सत्यप्रकाश मदनावत, श्याम सुंदर शर्मा (बंटी), अतुल अग्रवाल, पंकज खंडेलवाल, राकेश बंसल सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में समिति ने कथा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, प्रशासन, मीडिया एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

कलेक्ट्रेट मार्च से पहले सपा नेताओं को पुलिस ने रोका, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर सौंपा ज्ञापन

फोटो –राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन क्षेत्राधिकारी नगर  को सौंपते वरिष्ठ नेता धीरज पांडेय तथा अन्य

हाथरस। नीट पेपर लीक प्रकरण को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट मार्च से पहले पुलिस ने अलीगढ़ रोड पर रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बाद में सपा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ सिटी) को सौंप दिया।सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा, वरिष्ठ नेता धीरज पांडेय तथा अन्य कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें बीएलएस स्कूल के सामने रोक लिया। सूचना मिलने पर जिला कार्यालय और आसपास पहले से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कुछ देर के लिए मौके पर जाम जैसी स्थिति भी बनी।सपा नेताओं ने पुलिस को बताया कि वे पार्टी कार्यालय जा रहे हैं, जिसके बाद उन्हें कार्यालय जाने की अनुमति दी गई। कार्यालय में बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने बाहर ही सीओ सिटी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए देश में सामान्य स्थिति बहाल करने की अपील की गई। जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उन्हें पार्टी कार्यालय तक पहुंचने से रोका गया तथा सपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि पार्टी इसका विरोध जारी रखेगी।इस दौरान धीरज पांडेय, मुहर सिंह, अनूप यादव, मौहर सिंह, मलिक यादव, सत्येंद्र यादव, नरेश दिवाकर, अशोक गोला, रमेशचंद, ललित चौधरी, चमन बाबू, अकील कुरैशी, राशिद खान, मानवेंद्र कुशवाहा, शहवाज कुरैशी, अरमान कुरैशी, मनीष कुशवाहा, रिंकू सेंगर, मुस्ताक अली, हुकम सिंह, लवकैश, रवेंद्र कुमार प्रजापति, ब्रह्मदेव कश्यप, मानवेंद्र यादव, शेर सिंह, नुसरत अली सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भगवान विष्णु योगनिद्रा में, चातुर्मास का शुभारंभ:पंडित सुरेंद्र नाथ चतुर्वेदी

फोटो -पंडित सुरेंद्र नाथ चतुर्वेदी

हाथरस। श्री सिद्ध गोपाल सेवा ट्रस्ट समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष पंडित सुरेंद्र नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में शेषनाग की शैया पर चार माह के लिए योगनिद्रा में प्रवेश करते हैं। इसी के साथ चातुर्मास का शुभारंभ होता है, जिसे साधना, संयम, जप-तप और भक्ति का सर्वोत्तम काल माना गया है।उन्होंने बताया कि पंचांग के अनुसार एकादशी तिथि 24 जुलाई 2026 को सुबह 9:12 बजे प्रारंभ होकर 25 जुलाई 2026 को सुबह 11:34 बजे समाप्त होगी। उदया तिथि के अनुसार देवशयनी एकादशी का व्रत 25 जुलाई (शनिवार) को रखा जाएगा, जबकि व्रत का पारण द्वादशी तिथि में नियमानुसार किया जाएगा।पंडित सुरेंद्र नाथ चतुर्वेदी ने कहा कि इस दिन श्रद्धापूर्वक व्रत रखने और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करने से पापों का क्षय होता है तथा मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। पूजा में भगवान विष्णु का जल, गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक कर पीला चंदन, पीले पुष्प, तुलसी दल, फल और नारियल अर्पित किए जाते हैं। घी का दीपक जलाकर आरती करने तथा “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” मंत्र का जाप करने का विशेष महत्व है।उन्होंने बताया कि देवशयनी एकादशी से चातुर्मास का आरंभ होता है, जो सावन, भाद्रपद, आश्विन और कार्तिक मास तक चलता है। इस अवधि में दान, जप, तप, व्रत, सत्संग और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना गया है। कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागृत होते हैं और चातुर्मास का समापन होता है।उन्होंने श्रद्धालुओं से देवशयनी एकादशी का व्रत श्रद्धा एवं विधि-विधान से करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह पर्व केवल व्रत नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का पावन अवसर है।

July 20, 2026

बूलगढ़ी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग, राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

निर्दोषों को न्याय और वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग

फोटो —–1 –प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर वापस आते राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के कार्यकर्त्ता

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने  जिलाध्यक्ष विजय शर्मा एवं जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर थाना चंदपा क्षेत्र के गांव बूलगढ़ी में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।ज्ञापन में मांग की गई कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूरी होने तक किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न होने दिया जाए। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को गलत तरीके से अभियुक्त बनाया गया है तो उसके विरुद्ध की गई कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा कर उसे न्याय दिया जाए।ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच के आधार पर वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्दोष लोगों का उत्पीड़न न हो और न्याय की प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय शर्मा, जिला महासचिव एवं प्रभारी निशांत उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष पूनम शर्मा, सौरभ पराशर, दीनदयाल शर्मा (दीनू पंडित), अरुण शर्मा, जिला सचिव प्रदीप शर्मा, अभिषेक पाठक, मनोज उपाध्याय, धर्मेंद्र कुमार, महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष कुमकुम चौहान, सासनी नगर अध्यक्ष कालू पंडित, सादाबाद नगर अध्यक्ष सोनू गौतम, गोरक्षा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष धर्मपाल उपाध्याय, जिला महामंत्री ललितेश शर्मा, जय नारायण शर्मा, ऋषभ शर्मा, हरेंद्र उपाध्याय, यश पचौरी, ऋषभ गौतम, अजीत कुमार, अजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इनरव्हील क्लब ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

वसुंधरा पुरम में लगाए 11 पौधे, हरित भविष्य के लिए लिया संरक्षण का संकल्प

 इनरव्हील क्लब की सदस्याएं पौधारोपण करते हुए

हाथरस। इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस रॉयल द्वारा वसुंधरा पुरम, लहरा रोड पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अभियान के तहत 11 पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्यों ने “हर लगाया गया पौधा, बेहतर कल की ओर एक कदम” का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।क्लब की अध्यक्ष दीप्ति बूटिया और सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा ने संयुक्त रूप से कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इनरव्हील क्लब समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा।इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष राधा गावर, नेहा गुप्ता, पूजा सिंह, सीमा सबलोक एवं दीप्ति अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।

« Newer PostsOlder Posts »