Web News

www.upwebnews.com

विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ ‘विकास उत्सव’

June 15, 2026

विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित हुआ ‘विकास उत्सव’

तीन वर्षों के कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने की सहभागिता

हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस की अध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में हुए विकास कार्यों को जनता के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आयोजित “विकास उत्सव” कार्यक्रम भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों, सभासदों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लिया।
विकास उत्सव का उद्घाटन भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात उत्सव की शुरूआत करते हुये अतिथियों द्वारा दीपप्रज्जवित किया गया इसके उपरांत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ उत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद अनूप प्रधान, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी, पूर्व सांसद राजेश दिवाकर, अधिशासी अधिकारी रोहित सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद महेश्वरी ,पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान एवं पूर्व विधायक राजवीर पहलवान उपस्थित रहे।
Shweta Chaudhary Chairperson Nagar Palika Hsthrss
अतिथियों का 51 किलोग्राम की विशाल पुष्पमाला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण नगर पालिका परिषद द्वारा पिछले तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित स्मारिका का विमोचन रहा। स्मारिका में नगर क्षेत्र में कराए गए सड़क निर्माण, नाली निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, पेयजल सुविधाओं तथा अन्य जनहितकारी कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर भारद्वाज ने नगर पालिका परिषद हाथरस के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी के नेतृत्व में नगर में विकास की जो नई तस्वीर उभरी है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करना जवाबदेही और पारदर्शिता का उत्कृष्ट उदाहरण है। स्मारिका के माध्यम से नगरवासियों को यह बताया गया है कि जनप्रतिनिधियों ने जनता के विश्वास पर कितना खरा उतरने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण होती है और नगर पालिका परिषद हाथरस ने विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत कर एक सकारात्मक परंपरा स्थापित की है। नगर की अनेक गलियां अब पक्की सड़कों में तब्दील हो चुकी हैं तथा आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
सांसद अनूप प्रधान और एमएलसी ऋषिपाल सिंह ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में भी नगर के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए स्थानीय निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने नगर के विकास में नगर पालिका बोर्ड के सभी सभासदों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरी टीम और जनता के सहयोग का परिणाम होते हैं। उन्होंने नगर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराते हुए कहा कि आने वाले समय में भी सड़क, जलनिकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं के क्षेत्र में और अधिक कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल सेवा सदन का सभागार पूरी तरह खचाखच भरा रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी, व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं नगरवासी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभागार में स्थान कम पड़ने के कारण अनेक कार्यकर्ता बाहर खड़े होकर भी कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे।
विकास उत्सव के माध्यम से नगर पालिका परिषद हाथरस ने न केवल अपने तीन वर्षों के विकास कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, बल्कि नगर के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर विकास के संकल्प को भी मजबूती से जनता के सामने रखा।

June 14, 2026

Hathras हार्डवेयर कारोबारी की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Posted on 14.06.2026 Time 09.33 PM, Sunday

हाथरस 14 जून 2026, मुरसान थाना क्षेत्र के गांव दयालपुर में शनिवार देर शाम हार्डवेयर कारोबारी सुनील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह मूल रूप से अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के असरोई गांव के निवासी थे और वर्तमान में दयालपुर में परिवार के साथ रहकर कारोबार करते थे।परिजनों के अनुसार पड़ोस का एक युवक तीन साथियों के साथ सुनील को कार से अपने साथ ले गया। रास्ते में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी। आरोप है कि घायल सुनील को अस्पताल ले जाने के बजाय आरोपी करीब दो घंटे तक कार में घुमाते रहे और बाद में अस्पताल छोड़कर फरार हो गए। अलीगढ़ ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक के पिता जयवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली गई है। क्षेत्राधिकारी मुरसान जे.एन. अस्थाना ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

June 13, 2026

मुबारिकपुर कपसिया में रात्रि चौपाल, ग्रामीणों को योजनाओं की दी जानकारी

-रात्रि चौपाल में शामिल  ग्रामीण

हाथरस। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड सिकंदराराऊ की ग्राम पंचायत मुबारिकपुर कपसिया में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण, धार्मिक स्थलों के विकास और मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। साथ ही सिकंदराराऊ में बस स्टैंड निर्माण के लिए भी शासन से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।चौपाल के दौरान विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। गर्भवती महिलाओं को पोषण डलिया प्रदान की गई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया गया।कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी सिकंदराराऊ, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

June 4, 2026

Hathras बागला जिला अस्पताल में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

हाथरस। बागला जिला अस्पताल परिसर स्थित एक स्टोर में गुरुवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले विद्युत केबल में लगी, जिसके बाद उसने स्टोर में रखे कबाड़ और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।आग लगने के बाद अस्पताल कर्मचारियों ने प्रारंभिक स्तर पर स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति गंभीर होती देख तत्काल फायर स्टेशन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।दमकल कर्मियों ने अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से किसी बड़े हादसे और व्यापक नुकसान को टाल दिया गया। हालांकि स्टोर में रखे कुछ सामान के क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है।आग की घटना के बाद अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। कई वार्डों में अंधेरा छा गया और भर्ती मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा। परिजनों ने बताया कि बिजली बाधित होने से अस्पताल का सामान्य कार्य भी प्रभावित हुआ।घटना की सूचना मिलने पर अपर जिलाधिकारी तथा उपजिलाधिकारी सदर मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा घटना के कारणों की जांच कराने के निर्देश जारी किए।फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

नकली खाद्य उत्पाद बेचने के आरोप में थोक व्यापारी पर मुकदमा दर्ज, बड़ी मात्रा में माल बरामद

हाथरस। कोतवाली सदर पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन एवं नकली खाद्य उत्पादों की बिक्री के आरोप में एक थोक व्यापारी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान एक प्रतिष्ठान से कथित रूप से नकली मंगल डेसिकेटेड कोकोनट के पैकेट बरामद किए गए हैं।जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई स्पीड सर्च सिक्योरिटी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के विधिक सलाहकार प्रभात कुमार गुप्त की शिकायत पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि महावीर कोकोनट इंडस्ट्रीज के ट्रेडमार्क और कॉपीराइट का अवैध उपयोग कर नकली मंगल डेसिकेटेड कोकोनट बाजार में बेचा जा रहा है, जिससे कंपनी की प्रतिष्ठा और व्यापारिक हित प्रभावित हो रहे हैं।शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार एवं यदुनाथ सिंह सहित पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के साथ गुडिहाई बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान पर पहुंची, जहां प्रतिष्ठान संचालक अजय अग्रवाल, निवासी मुरसान गेट, मौजूद मिले।तलाशी के दौरान प्रतिष्ठान एवं गोदाम से एक किलोग्राम पैकिंग वाले मंगल डेसिकेटेड कोकोनट के कुल 40 पैकेट बरामद किए गए। पुलिस ने जांच के लिए कुछ पैकेट नमूने के रूप में सुरक्षित किए तथा शेष माल को सील कर कब्जे में ले लिया। कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए मूल उत्पाद के नमूने को भी मिलान के लिए सुरक्षित किया गया।पुलिस बरामद माल एवं संबंधित व्यापारी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। प्रारंभिक जांच में उत्पादों के नकली होने की आशंका के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम, 1957 की धारा 63 एवं 65 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

« Newer Posts — Older Posts »