Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
02/03/2026
होलिकादहन के महात्म्य, भक्त प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस समय भगवान विष्णु ने भगवान नृसिंह का अवतार लेकर हिरण्यकश्यप का वध किया था और धर्म की स्थापना की थी। हमें याद रखना होगा कि अराजकता, गुंडागर्दी, माफियागिरी भी हिरण्यकश्यप जैसे ही हैं, ये प्यार से नही मानेंगे क्योंकि लातों के भूत बातों से नहीं मानते हैं। अराजकता, गुंडागर्दी, अव्यवस्था जैसे हिरण्यकश्यप, कंस या रावण को मारने के लिए किसी न किसी नृसिंह, कृष्ण या राम को अवतरित होना ही पड़ेगा।
*किसी को जबरन रंग न डालें, वैर भाव समाप्त करें*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता को रंग उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होलिकादहन और होली को लेकर कहीं ऐसा कोई कृत्य नहीं होना चाहिए जिससे कोई टकराहट पैदा हो। ऐसा माहौल होना चाहिए कि सब सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि किसी के ऊपर जबरन रंग न डालें। ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे दूसरे को नुकसान हो। वैर भाव दूर करें और उत्साह से त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि होली समरसता का पर्व है। यह वैर बुलाने और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सामाजिक एकता से ही अखंडता होगी। सीएम योगी ने होलिका दहन पर अहंकार, बुराइयों और नकारात्मकता का दहन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने अपील की कि अश्लील गाने न बजाएं। अश्लील गाने हमें पतन की ओर ले जाते हैं और पर्व के महत्व को कम करते हैं।
