Web News

www.upwebnews.com

फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार*

February 26, 2026

फर्जी दस्तावेजों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार*

Santosh Kumar Singh
Gorakhpur
26/02/2026

फूड कोर्ट खोलने के नाम पर 1.58 करोड़ रुपये गबन करने का आरोप*

गोरखपुर। कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने के मामले में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फूड कोर्ट संचालित कराने के नाम पर निवेश दिलाने का झांसा देकर लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराध एवं आर्थिक धोखाधड़ी से जुड़े मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में रामगढ़ताल थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 0846/2025 से संबंधित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान काजल निलेश कुमार दवे पुत्री निलेश कुमार दवे निवासी गणपति मंदिर रोड, थाना नन्दुरबार, जनपद नन्दुरबार (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।
मामले में प्राप्त तहरीर के अनुसार अभियुक्ता एवं उसके सहयोगियों द्वारा फूड कोर्ट शुरू कराने के नाम पर आवेदक को निवेश के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विश्वास में लेकर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी कर कुल 1 करोड़ 58 लाख 4 हजार 114 रुपये की धनराशि गबन कर ली गई।
पीड़ित को जब ठगी का एहसास हुआ तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर थाना रामगढ़ताल में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित करते हुए अभियुक्ता की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा आर्थिक लेनदेन से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्ता के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए सख्त कार्रवाई जारी।