Post on 25.2.26
Wednesday, time 8.00 Am
Moradabad, Rajesh Bhatia
मुरादाबाद, 25 फरवरी(उप्र समाचार सेवा)।
मेडिकल स्टोर पर अवैध छापेमारी और संचालक को छोड़ने की एवज में मोटी रकम वसूलने में पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। एसएसपी ने सर्विलांस सेल के प्रभारी समेत पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया। मामला शहर के कोतवाली क्षेत्र में मेडिकल स्टोर का है। विभागीय जांच में सर्विलांस टीम को जिम्मेदार ठहराया गया।
कोतवाली क्षेत्र में रेती स्ट्रीट में उबैद कुरैशी के मेडिकल स्टोर पर सर्विलांस टीम ने छापा मारा। टीम ने अपने को ड्रग विभाग का उड़न दस्ता बताया।टीम ने मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाइयां रखने और बेचने का आरोप लगाते हुए हिरासत में लिया। आरोप है कि टीम ने मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी तोड़ दिए और डीवीआर को नष्ट कर दिया। हिरासत में लिए स्टोर संचालक से छोड़ने की एवज में एक लाख रुपए की मांग की गई। सौदेबाजी के बीच संचालक ने चालीस हजार रुपए टीम को दिए।
पूरे मामले की शिकायत संचालक के अधिवक्ता भाई ने पुलिस अधिकारियों से की। एसएसपी सतपाल अंतिल ने मामले की जांच सीओ कटघर से कराईं। जांच में सर्विलांस टीम को जिम्मेदार ठहराया गया। इस पर एसएसपी ने सर्विलांस टीम प्रभारी वीर बोस, सिपाही शिवम चिकारा, मऩोज यादव, यश दहिया विपिन शर्मा को निलंबित कर दिया गया।
