- नौकरशाही छोड़ अब राजनीति के मैदान में उतरे पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री
- वृंदावन से किया राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) का शंखनाद
Posted on 23.02.2026 Time 07.21 PM Monday, Vrandavan, Mathura, Alankar Agnihotri, Rashtriya Adhikar Morcha (RAM)
मथुरा।यूपी के चर्चित पूर्व अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीति के मैदान में अपनी नई पारी का आगाज़ कर दिया है। सोमवार को कान्हा की नगरी वृंदावन से उन्होंने अपनी नई राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) के गठन की औपचारिक घोषणा की।
बता दें कि अलंकार अग्निहोत्री उस समय सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और यूजीसी के नए नियमों से जुड़े विवाद के चलते सिटी मजिस्ट्रेट के पद से त्यागपत्र दे दिया था। सरकारी सेवा छोड़ने के बाद से ही उनके राजनीति में आने की अटकलें लगाई जा रही थीं। वृंदावन के श्री हरिदास धाम आश्रम में मीडिया से बात करते हुए अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (RAM) है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी के विजन में राम और कृष्ण दोनों का समावेश होगा और वह इन्हीं आदर्शों को साथ लेकर जनता के बीच जाएंगे।
अपने राजनैतिक सफर की शुरुआत के लिए उन्होंने बांके बिहारी की नगरी को चुना। अग्निहोत्री ने कहा कि वृंदावन की पावन धरा से इस संकल्प की शुरुआत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। अब देखना यह होगा कि नौकरशाही से राजनीति में उतरे अग्निहोत्री की यह RAM नीति प्रदेश के सियासी समीकरणों पर क्या असर डालती है।
Alankar Agnihotri declared political party Rashtriya Adhikar Morcha in Vrandavan

